Saturday, January 26, 2008

गणतंत्र का नारको

'सुबह राजपथ जाऊंगा और गणतंत्र की परेड देखकर देशभक्ति का परिचय दूंगा', ऐसा विचार कर मुन्नालाल लिहाफ ओढ़कर लेट गया। धीरे-धीरे नींद ने उसे आगोश में ले लिया। वह नारको टेस्ट की स्थिति में पहुंच गया। उसका अवचेतन जागृत होने लगा और इसके साथ नारको एनालिसिस भी शुरू हो गया।
वह राजपथ पर खड़ा है। विश्व के सबसे बड़े गणतंत्र की झांकियां एक-एक कर उसके सामने से गुजर रही हैं। वह भावविभोर है। बबूल के पेड़ से रिसते चिपचिपे गोंद की माफिक उसके शरीर के एक-एक रोएं से राष्ट्रवाद फूट-फूटकर बाहर आ रहा है।
परेड का आंखों-देखा हाल बयान करने वाले उद्घोषक की आवाज उसके कानों में पड़ी, 'इस समय सलामी मंच के सामने है मनोहर झांकी 'गणतंत्र की सुरक्षा'। राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करती, इस झांकी में देश के कर्णधारों को गणतंत्र की सुरक्षा में जी-जान से जुटे देखा जा सकता है।'ं
झांकी के आगे-आगे 'हम लाए हैं तूफान से किश्ती निकाल कर, इस देश को रखना मेरे बच्चों संभाल कर' राष्ट्रीय धुन के साथ राजपथ पर एक बैंड प्रकट होता है और उसके पीछे -पीछे रेंगती झांकी। मुन्नालाल के सामने भारत महान का विशाल नक्शा है। उसमें देश की संपन्नता दर्शाई गई है और सुरक्षा के लिए श्वेत वस्त्रधारी चील, कौए और कुछ गिद्ध उसके चारों ओर मंडरा रहे हैं। सुरक्षा झांकी सलामी मंच के सामने से गुजरती हुई आगे बढ़ जाती है।
मुन्नालाल के कानों में 'सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा' की धुन गूंजती है और इसी के साथ सलामी मंच के सामने लोकतांत्रिक परंपरा की झांकी का आगमन होता है। झांकी का नाम भी 'लोकतांत्रिक परंपरा' ही है। झांकी में मरियल-से दो बैल एक जीर्ण-शीर्ण छकड़ा खींच रहे हैं। उस पर मलिन-सा मानव तन खड़ा है, जिसके पेट के अंदर स्प्रिंग जैसा गुच्छा-सा दिखाई पड़ रहा है, शायद उसकी आंतें हैं।
इसके अलावा, उसके पेट में और कुछ भी नहीं है। उसके हाथ में झुनझुना-सा एक खिलौना है, जिससे वह विभिन्न चित्र अंकित कागजों पर बार-बार ठप्पा लगा रहा है। उसी छकड़े पर दो नेता भी हैं। दोनों नेता उस व्यक्ति को अपनी-अपनी ओर खींच रहे हैं। इस खींचतान में व्यक्ति न रो पा रहा है और न ही हंस पा रहा है।
गुमसुम-सा खड़ा वह व्यक्ति कभी हाथ के झुनझुने की ओर देख लेता है तो कभी-कभी निरीह भाव से नेताओं की ओर। इसी छकड़े पर टंगे एक बैनर पर लिखा है, 'पहले हम पर-अधीन थे, अब स्व-अधीन हैं। हम पहले भी अधीन थे, अब भी अधीन हैं।'
उद्घोषक घोषणा करता है, 'अब आप जिगर थाम के बैठिए'। मुन्नालाल जिगर पर हाथ रखता है, किंतु निराश होकर वह तुरंत जिगर के स्थान से हाथ हटा लेता है। उसे याद आता है, पत्नी के इलाज के एवज में जिगर तो डॉक्टर को दे दिया था।
'जय जवान-जय किसान' की धुन निकालता बैंड सलामी मंच के सामने से गुजरता है। उसके पीछे-पीछे विकास पथ पर अग्रसर देश की तस्वीर प्रस्तुत करती झांकी मंच के सामने आती है। झांकी में उजडे़ खेत हैं। खेतों में 'सेज' बिछी है। उन पर विराजमान संपन्न लोग खा-पी रहे हैं, जश्न मना रहे हैं।
उसके पीछे विशाल ठूंठ खड़ा है। उसका खंडहर बता रहा है कि कभी यह भी हराभरा विशाल वृक्ष था। उस पर दो मानव शरीर लटके हैं, जिनके गले में रस्सी के फंदे पड़े हैं। जुबान अपनी हद का अतिक्रमण कर मुंह से बाहर लटक रही है, हाथ की मुट्ठियां भींची हैं। फटी धोती के टुकड़ों से उनके शरीर के गोपनीय भाग ढके हैं, शेष शरीर वस्त्र विहीन हैं। पास ही में एक हल उलटा पड़ा है।
'जय जवान-जय किसान' की धुन के साथ हरित क्रांति की प्रतीक यह झांकी भी परंपरा का निर्वाह करते हुए मंच के सामने से गुजर गई। प्रतीक गान 'यत्र नार्यस्तु पूज्यंते, रमंते तत्र देवता' की धुन के साथ मंच के समक्ष नई झांकी का आगमन हुआ। सुसज्जित एक वाहन पर सिर झुकाए एक नारी विलाप कर रही है। उसके दोनों हाथ वक्षस्थल को ढकने का असफल प्रयास कर रहे हैं। दो व्यक्ति शरीर पर लिपटा उसका चीर खींच रहे हैं। पास ही अ‌र्द्धवस्त्रा दो सुंदरियां उसकी ओर देखकर मुस्करा रही हैं। पा‌र्श्व में टंगे बैनर पर लिखा है, 'नारी सम्मान'।
उद्घोषक की आवाज में सहसा ही उत्साह का संचार होता है, 'बच्चे राष्ट्र की धरोहर हैं'। इस उद्घोषणा के साथ ही वातावरण में 'बच्चे देश का भविष्य हैं' की धुन गूंजने लगती है और धुन के साथ ही वाहन पर बने मंच पर भविष्य का निर्जीव तन पड़ा दिखाई देता है। वीभत्स से दिखने वाले एक व्यक्ति के हाथ में छुरा है। छुरे का इस्तेमाल वह 'भारत के भविष्य' का भविष्य संवारने में कर रहा है। ऐसे ही कुछ और तन भी इधर-उधर बिखरे पड़े हैं।
सबसे अंत में 'मेरी दिल्ली मेरी शान' झांकी झलक मुन्नालाल के जहन में अवतरित होती है। दिल्ली पुलिस का बैण्ड 'दिल्ली पुलिस सदैव आपके साथ' की मातमी धुन के साथ झांकी की अगवानी कर रहा है। झांकी पर एक बैनर टंगा है। जिस पर लिखा है, 'जनसंख्या नियंत्रण में अव्वल प्रदेश, दिल्ली प्रदेश' एक बड़े से खुल ट्रक पर सजी-संवरी एक ब्लू-लाइन बस शोभायमान है। उसके टायरों के तले रिटायर शरीर पड़े हैं।
धुन धीरे-धीरे चीत्कार में बदलने लगती है। उसी चीत्कार के मध्य से मुन्नालाल के कान में एक मर्मस्पर्शी आवाज गूंजती है, 'चल खुसरो घर आपने सांझ भई चंहु ओर'। एक झटके के साथ मुन्नालाल चारपाई से खड़ा हो गया। आंखें मली, सूरज का चेहरा मलिन था, सुबह उदास थी।


Tuesday, January 22, 2008

मेरे घर में संसदीय प्रणाली!

मेरे परिवार के लोकतांत्रिक ढांचे पर जब से संसदीय प्रणाली काबिज हुई है। मेरा घर, घर नहीं विधानसभा अखाड़ा बन गया है।
माइक नहीं है, मगर चकला-बेलन का उन्मुक्त प्रयोग होता है। थपथपाने के लिए बैंच नहीं, मगर थाली-परांत का बेझिझक इस्तेमाल किया जा रहा है।
आपातकालीन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए बहू चप्पल-सैंडल पैरों में नहीं हमेशा हाथ में रखती है। बेटा बूट के तस्मे कसना हद दरजे की बेवकूफी समझता है। पौत्र बात-बात पर गर्दभ स्वर में हूट करने के वोकल व्यायाम में जुटा है।
पत्नी जब-जब भी सम्मानित सदस्यों के घेरे में घिर जाने के भय से आशंकित होती है, तब-तब सदस्यों को सदन से निष्कासित करने की धमकी देने लगती है।
सम्मानित सदस्यों की बहुमूल्य राय में मैं 'आउट डेटिड' हो गया हूं। दर्शक दीर्घा (घर के दरवाजे पर बनी बैठक) मेरे लिए आरक्षित कर दी गई है। उसके अलावा मैं कहीं कदम नहीं रख सकता क्योंकि ऐसा करने पर मेरे खिलाफ 'प्रिव्लेज' का मामला बनना तय है।
पतली गली से बर्हिगमन। संसदीय भाषा का अखंड पाठ। सदन कूप के अंदर जौहर दिखलाना। मां को आदरणीय कह-कह कर उल्टे लोटे पानी पिलाना। मेरे परिवार की परम्परा सी बन गई है। कुल मिलाकर मेरा परिवार ऐसे सभी मानदंड आत्मसात कर घर को आदर्श सदन बनाने पर तुला है, जिन्हें अपना कर सम्मानित कोई भी सदस्य 'बैस्ट पार्लियामंटेरियन' का खिताब हासिल करने की लालसा रखता है।
बात एक रात की है। पौत्र ने पानी पीने वाली लुटिया बजाई। भूकंप के झटको से लड़खड़ाती कच्ची दीवार की मानिंद जर-जर हमारा शरीर अज्ञात किसी आशंका से कांपने लगा। पता नहीं आज किस की लुटिया टांगने का मुहूर्त आ गया है।
लुटिया की कर्कश आवाज कानों में पड़ते ही घर में अचानक चहलकदमी शुरू हो गई। सदन का कोरम पूरा करने की मंशा से परिवार के सदस्य एक दूसरे को हॉल की तरफ खींचे ला रहे थे।
हॉल मेरे घर का वह सदन है, जहां बैठ कर सम्मानित सदस्य घर-परिवार की चिंता में मगरमछी आंसू बहाते हैं। अधिकार और मौलिक अधिकार के नाम पर कुत्ते-बिल्लियों की तरह लड़ते हैं।
कोरम पूरा करने की गंभीरता भांप हमने अंदाजा मारा हो-न-हो मसला जरूर अविश्वास प्रस्ताव से जुड़ा होगा। वैसे अविश्वास मेरे परिवार का स्थायी धर्म है। एक दूजे पर विश्वास करना हमारे यहां अधर्म है। फिर भी विश्वास और अविश्वास पर यदाकदा सदन की बैठक बुला ही ली जाती है।
मसला कुछ भी न था। मसला, फिर भी था। मसला बस शक्ल दिखाने से जुड़ा था। इसलिए बैठक का एजेंडा मामूली था।
'जन गण मन' के उपरांत सदन की बैठक शुरू हुई। लघु पुत्र खड़ा हुआ और बिन प्रसंग ही चीखने लगा। अध्यक्ष की कुर्सी पर विराजमान उसकी अम्मा ने व्यवस्था देते हुए बैठने का इशारा किया।
बेटे ने जिद्द पकड़ी।
अध्यक्ष ने पैंतरा बदला- 'अच्छा चल पहले तू ही बोल ले। प्रश्नकाल बाद में शुरू कर लेंगे।' अध्यक्ष ने व्यवस्था परिवर्तन कर नई व्यवस्था फेंकी।
दीर्घ पुत्र ने नियम-उपनियमों की पुस्तक हवा में लहराते हुए 'प्वाइंट आफ आर्डर' उछाला।
सत्तापक्ष का पक्ष लेते हुए अध्यक्ष
गुर्राई-'सदन सर्वोच्च है। कोई भी नियम उससे ऊपर नहीं है।'
दीर्घ बैठ गया, यह सोच कर कि अध्यक्ष की इस व्यवस्था से वह स्वत: ही सभी कायदे-कानून से ऊपर हो गया।
अपने पति का अपमान समझ बहू ने हवा में बेलन घुमाया। पति ने 'चीफ व्हिप' के लहजे में बैठने का इशारा किया। बहू बड़बड़ाती बैठ गई।
लघु ने बोलना शुरू किया-'हमारे जन्म दिन की वीडियो फिल्म नहीं बनाई गई। बड़े भइया का यह रवैया पक्षपात पूर्ण है। सदन को इसकी निंदा करनी चाहिए।'
बिना बारी के ही बहू ने प्रतिवाद किया-'हमारी शादी की फिल्म बनवाने के नाम पर तुम्हारे बाप ने तोंबा सा मुंह बना लिया था। तब तो तुमने भी मुंह पर टेप चिपका ली थी। अपने साथ गुजरी तो कैसे बकरे की तरह मिम्यां रहे हो।'
अध्यक्ष ने व्यवस्था दी-'बाप सदन में नहीं है, इसलिए उसका नाम लेना सदन की मर्यादा के खिलाफ है। इसे कार्यवाही से निकाल दिया जाए।'
साड़ी का पल्लू कमर में खोंसती बहु बोली, 'सदन में न सही दर्शक दीर्घा में तो बैठा-बैठा खकार रहा है। एक सदस्य ने सम्मानित दूसरे सदस्य पर आरोप लगाया है, इसलिये मामला सदस्य के विशेषाधिकार हनन का बनता है, ससुर जी को सदन में तलब किया जाए।'
लघु के दिल में बाप प्रेम जागृत हुआ। उसने जूता भाभी की तरफ उछाला और वक्तव्य हवा में धकेला, 'बाप को तोंबा कहती है।'
अध्यक्ष ने सदन की गरिमा का हवाला दिया।
मगर अध्यक्ष की यह व्यवस्था भी शोर-गुल में डूब कर रह गई। बाप का पक्ष लेते हुए लघु फिर चिल्लाया, 'सदन चाहे जाए भाड़ में, मगर बाप को तोंबा नहीं कहने दूंगा।'
जवाब में बहू ने लघु के सिर पर बेलन दे मारा।
अम्मा ने अपना सिर बचाते हुए सदन की कार्यवाही पंद्रह मिनट के स्थगित कर दी।
यानी के सिर फुटव्वल के लिए पंद्रह मिनट की खुली छूट दे दी। सदन की बैठक फिर शुरू हुई।
पौत्र ने सम्मानित दोनों सदस्यों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव पेश किया।
अम्मा ने मामला रफा-दफा करने की गर्ज से प्रस्ताव विशेषाधिकार समिति के सुपुर्द कर अपना दामन विवाद से बचाया। निरीह जनता की तरह दर्शक दीर्घा में बैठे-बैठे हम खून के घूंट पीते रहे और कुछ इस तरह सोचते रहे-''वाह रे, सदन! जिन नियमों के कारण तू सर्वोच्च कह लाया, उन्हीं का हंता कहलाया।
नियम बनाना तो तेरा अधिकार था। नियम तोड़ने का अधिकार तुझे किसने दे दिया। सदन की गरिमा का कभी कुछ तो ख्याल रखा होता। अपने हित त्याग कभी तो समूचे परिवार के बारे में भी सोचा होता।''

Sunday, January 20, 2008

महंगाई का अर्थशास्‍त्र- दो

उम्मीदवार ने दरवाजा खटखटाया,
मतदाता ने दरवाजा खोला।
फिर अरहर की दाल से पीले दांत
निपोर कर बोला।
अरे! यह क्या?
तुम तो प्याज की तरह बाजार से गायब थे।
नई फसल की तरह इस आवक के पीछे राज क्या है?
कुछ तो बतलाओ वत्स, बात क्या है?
उम्मीदवार ने पहाड़ी आलू सा मुंह खोला।
फिर यूं बोला-
तेरे द्वार पर आया हूं,
बस वही एक अदद वोट मंगने आया हूं।
मतदाता भाव बढ़ाते हुए बोला-
वोट देना मजबूरी है।
इसलिए वोट तो जरूर मिलेगा।
मगर आलू-प्याज का हिसाब देना पड़ेगा।
अभी तक इमली के पत्ते पर दंड लगाई है।
मतदाता को खूब राह दिखाई है।
बच्चू! अब मतदाता की बारी है।
अब हम तुम्हें तेल दिखाएंगे,
तेल की धार दिखाएंगे।
दाल आटे का भाव बताएंगे।
महंगाई की मार क्या होती है,
इसका अहसास कराएंगे।
उम्मीदवार ने आदतन पाला बदला।
बातों-बातों में बातों का रस घोला।
फिर कुछ इस तरह बोला।
माई-बाप, मेरे आका, मेरे मालिक।
महंगाई तो प्रकृति का प्रकोप है,
उस पर नहीं किसी का जोर है।
चाहता तो मैं भी हूँ,
हर चीज टके सेर बिक जाए।
ईमान की तरह हर चीज सस्ती हो जाए।
मगर फिर 'अंधेर नगरी चौपट राजा'
की कहावत तुम्हीं दोहरा ओगे।
फिर मुझे ही मूर्ख ठहराओगे।
प्याज के दाम बढ़ा कर हमने ज्यादती नहीं की है।
बस गरीब के 'खाजे' को अहमियत दी है।
तुम्ही तो कहते थे,
किसी भी राज ने गरीब को सम्मान नहीं दिया है।
हमने प्याज के भाव बढ़ा कर,
उसे मेवों का सा सम्मान दिया है।
गरीब पर कम से कम एक तो उपकार किया है।
इस पर भी आंख दिखाते हो,
वोट न देने का डर जताते हो।
वोट न दोगे, वोट फिर भी तेरी ही पाऊंगा
सुन! असली न सही,
बोगस वोट से जीत कर दिख लाऊंगा।
ऊपर वाले की दुआ रही,
तो तेरे ही नाम के वोट से
संसद पहुंच जाऊंगा !
संपर्क – 9868113044

Saturday, January 19, 2008

महंगाई का अर्थशास्‍त्र

मस्टराइन ने मास्टर के हाथ में रोटी पकड़ाई।
मास्टर ने त्यौरी चढ़ाई।
कमबख्त! हाथ में सूखी रोटी पकड़ा दी।
शर्म नहीं आई।
कम से कम दाल का पानी ही बना लाती।
मास्टर के तेवर देख मस्टराइन मुस्‍कराई,
अरे, बैठे-ठाले नखरे दिखाते हो।
जमीन पर बैठे-बैठे
आसमान की उड़ान भरते हो।
अरे, ईमान से भी ज्यादा महंगे हैं,
दाल के भाव।
भाव अपने 'लेवल' में लाओ।
मास्टर फिर झल्लाया।
दाल नहीं थी, तो आलू ही भून लाती।
कम से कम रोटी तो निगली जाती।
मस्टराइन को मास्टर पर तरस आया,
गुस्से का भाव बे-भाव पचाया।
फिर मास्‍टर को इस तरह समझाया।
अरे, आजकल आलू के नखरे भी,
तेरे नखरों से कम नहीं हैं।
दिवाली पर तो बनाया ही, था आलू का चौखा।
होली पर फिर मिल जाए, यह भी कुछ कम नहीं है।
मास्टर की अकल में बात धंसी नहीं।
वह फिर बड़बड़ाया।
चल छोड़ दाल-आलू की भाजी,
कुछ नहीं था, तो नमक के साथ प्याज ही रख लाती।
प्याज का नाम सुन मस्टराइन भर्राई,
आंख में कड़वे तेल से आंसू लिए चिल्लाई।
दिमाग फिर गया है तेरा,
दाल-आटे के भाव का नहीं तुझे बेरा।
सुराज में रोटी मिल रही है, खैर मना।
आलू-प्याज को अपना व्यसन न बना।
संपर्क : 9868113044

Thursday, January 17, 2008

भारतरत्न के बारे में बौद्धिक सुझाव

भारतरत्न न हुआ आलू-प्याज हो गया। जिसे देखो वही सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर लाइन लगाए खड़ा है। बेचारी यूपीए सरकार को मुसीबत में डाल रहा है। अभी तक तो परमाणु डील मसले पर सरकार गिराने की धमकी से निजात नहीं मिल पाई थी। कल से भारतरत्न के मुद्दे पर भी सरकार गिराने की धमकियां मिलना शुरू हो जाएंगी। सरकार न हुई गरीब की जोरू हो गई। जिसे देखो वही भाभी बनाने पर आमादा है। एक अनार सौ बीमार। भाभी बेचारी क्या करे? भारतरत्न आवंटन के बारे में हमारे कुछ सुझाव हैं। इन सुझावों के सहारे हम किसी भी झोला छाप डाक्टर की तर्ज पर शर्तिया इलाज की गारंटी देते हैं। सरकार एक बार आजमा कर तो देखे। फिर बताए, इलाज से पहले और इलाज के बाद का हाल!
हमारा पहला सुझाव है कि भारतरत्न नेताओं को न देकर किसी बुद्धिजीवी को दिया जाए। बुद्धिजीवियों में फिलहाल नटरवरलाल से बड़ा और निर्विवाद दूसरन नाम नहीं है। नटवरलाल से हमारा आशय माननीय नटवरसिंह से नहीं है। हम ठग सम्राट नटवारलाल के नाम की पैरवी कर रहे हैं। यह वह नाम है, जो पूरी जिंदगी बुद्धि चातुर्य की ही कमाई खाता रहा। बुद्धि के बल पर अच्छे-अच्छे तीसमारखांओं को चूना लगाता रहा। अर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के नए-नए फार्मूले इजाद करता रहा। देश-विदेश में भारत का नाम रौशन करता रहा। हमारा तो यहां तक मानना है कि यदि माननीय नटवरलाल को विदेशमंत्री बना दिया जाता, तो वे पाकिस्तान की तो हैसियत क्या है, नकली दस्तावेजों के सहारे अमेरिका को भी भारत का उपनिवेश बनाने की क्षमता रखते हैं। अब आप ही बताइए कि नटवरलाल जी के नाम का सुझाव देकर मैंने कोई गलत तो नहीं की।
मुझे रेलमंत्री लालू प्रसाद की सूझबूझ पर भी तरस आता है। पता नहीं, क्यों उन्होंने अभी तक भारतरत्न के लिए नटवरलाल जी के नाम का प्रस्तावित नहीं किया। भारतरत्न यदि नटवरलाल जी को मिल जाता है, तो सर्वाधिक लाभ उन्हें ही होगा। संपूर्ण बिहार उनकी जै-जै कार करेगा। राबड़ी देवी जी को पुन: सिंहासन पर विराजमान करने का रास्त सुगम हो जाएगा।
लाभ कांग्रेस को भी कम नहीं होगा। पूर्वाचल से जुड़ी देश भर की तमाम वोट कांग्रेस के खाते में आने के आसार बढ़ जाएंगे, विवाद से मुक्ति मिल जाएगी। यदि दक्षिण भारत को मक्खन लगाना है, तो तेलगी भाई और हर्षद मेहता के नाम पर विचार करने में भी कोई हर्ज नहीं है। वे दोनो भी बुद्धिजीवियों की श्रेणी में अग्रिम पंक्ति दबाए हुए हैं। हर्षद मेहता से बड़ा अर्थशास्त्री मैं न मानमोहन सिंह जी को मानता हूं और न ही वित्त मंत्री चिदंबरम साहब को। जो, शेयर बाजार को मुठ्ठी में कर ले, दुनियां-जहान के बैंकों की रकम अपने नाम से शेयर बाजार मे लगवा दे। आर्थिक क्षेत्र में ऐसा धमाकेदार कार्य हर्षद भाई की खोपड़ी के अलावा और किसके बूते की बात है!
तेलगी भाई को मैं उद्योग जगत का सरताज मानता हूं। पूरे देश में उन्हीं के तो टिकट चलते थे। इन दोनों महानुभावों के लिए किसी सबूत की आवश्यकता नहीं है। इन तीनों महानुभावों में से यदि किसी को भारतरत्न से सम्मानित किया जाता है, तो भारत की अरबी-जनसंख्या यूपीए व कांग्रेस के गुनगान करना न भूलेगी। भारतरत्न के सम्मान में भी वृद्धि होगी!
आलू-प्याज और गाड़ियों के वीआईपी नंबर की तरह भारतरत्न की बढ़ती मांग को देखते हुए, सरकार को चाहिए कि उसकी सार्वजनिक नीलामी का प्रावधान कर दे। मेज के नीचे अन्य पुरष्कारों का तो

कारोबार सा चलता ही है। भारत रत्न का भी शुरू हो जाए तो हर्ज क्या है? विकल्प के रूप में यह मेरा दूसरा सुझाव है। सरकार यदि इस सुझाव को स्वीकारती है, तो सारे टंटे ही समाप्त हो जाएगें। 'लेना एक न देना दो' जिसकी जेब में दम होगा, वही अपने सीने पर भारतरत्न चस्पा करने का हकदार हो जाएगा। देखो न जब से भारत की राजधानी दिल्ली में बीआईपी नंबर की बोली लगने का प्रावधान हुआ है, मारामारी समाप्त हो गई है। वरना मेरे जैसा टटपूंजिया भी अपने स्कूटर पर वाआईपी नंबर का जुगाड़ करने की हसरत रखता था। 'सरकार उरला हलवाई, परला पंसारी' की तर्ज पर बैठे-बैठे बस तमाशा देखे। कोई माई का लाल अपने लाल को भारतरत्न दिलाने के लिए सरकार को गरीब की जोरू समझ कर आंख न दिख लाएगा। सुझाव विपत्तिकारक हैं ना, आपकी क्या राय है?
संपर्क : 9868113044

Wednesday, January 16, 2008

चोली-दामन का संबंध!

दो विषय अथवा वस्तुओं के पारस्परिक संबंधों की पुष्टिं तब तक अधूरी-अधूरी सी लगती है, जब तक उनके घनिष्ठ संबंध की व्याख्या 'चोली दामन' के संबंध के साथ संयुक्त न कर दी जाए। मसलन राजनीति-भ्रष्टाचार, राजनीति-अपराध, राजनीति-छलछद्म के मध्य पारस्परिक संबंधों की घनिष्ठता की सटीक व्याख्या करने के संदर्भ में चोली-दामन के संबंधों की घनिष्ठता का जिक्र करना आवश्यक हो जाता है, वरन् संबंध अधूरे-अधूरे से लगते हैं। चोली-दामन के मध्य जितने पुराने संबंध है, उतना पुराना ही यह मुहावरा है। हो भी क्यों ना, यह मुहावरा मानवीय कोमल भावनाओं को सीधे-सीधे जो छूता है।
जब कभी चोली-दामन अथवा अकेली चोली का जिक्र चलता है, तो 'चोली के पीछे क्या है?' का प्रश्न सहज ही उत्पन्न हो जाता है। यह मानव-जिज्ञासा का प्रश्न है। जिस शायर ने 'चोली के पीछे क्या है?' के प्रश्न को सार्वजनिक किया है, उसी ने बताया है, 'चोली के पीछे दिल है।'
दिल है, जो धड़कता है। दिल धड़कता है, तो अंग-अग फड़कता है। उन्नीस वी सदी तक दिल की इस धड़कन को छिपाने का रिवाज था। उम्र के एक नाजुक मोड़ पर युवा दिल जब धड़कना प्रारंभ करते थे, तो दिलदार उसे छिपाने का प्रयास करने लगते थे। जिसे शरम-हया पता नहीं किन-किन दकियानूसी शब्दों से नवाजा जाता था। इतना अवश्य है कि दिल की धड़कन छुपाई जाती थी और उसे शालीनता माना जाता था। हमारा मानना है कि शरम-हया नहीं, वास्तव में यह दमनकारी कृत्य था! इस कृत्य के लिए दामन का सहारा लिया जाता था!
अपवाद स्वरूप दो-चार दिलदार उस समय भी चोरी-छिपे एक-दूसरे को धड़कते दिल की आवाज सुनाने में अवश्य सफल हो जाते होंगे, किंतु सामान्यतया ऐसा नहीं होता था। अधिसंख्य युवा-युवतियां दामन के दमन से प्रभावित थे। दिल की धड़कने छुपाने के लिए बालाएं चोली के ऊपर दामन का प्रयोग करती ही थीं। चोली से दामन सरकने नहीं देती थीं, क्योंकि धड़कते दिल की धड़कने छुपाने में अकेली चोली कामयाब नहीं थी। संभवतया उसी जमाने में इस मुहावरे का जन्म हुआ होगा।
चोली-दामन की यह घनिष्ठता उन्नीस वे दशक तक रही। बीसवीं सदी के आते-आते युवा हृदयों ने दामन के दमन के खिलाफ आवाज उठानी शुरू कर दी और पारदर्शिता के वैश्विक आदर्श की ओर कदम बढ़ाना शुरू कर दिया। अत: चोली पर से दामन की पकड़ ढीली होने लगी और दामन चोली स्थल से खिसकते-खिसकते घाघरे की दिशा में लटकने लगा।
जो संबंध कभी चोली-दामन के मध्य थे, वह घाघरे और दामन के मध्य स्थापित होने लगे। इस प्रकार चोली-दामन के इस मुहावरे की प्रासंगिकता पर सवालिया निशान धीरे-धीरे स्पष्ट होने लगा।
बीसवीं सदी के बहिर्गमन द्वार तक आते-आते ब्रिटेन साम्राज्य की तरह स्वयं घाघरा भी सिकुड़ कर मिनीस्कर्ट के नाम से प्रसिद्ध हो गया। इस प्रकार दामन के दमन से उसने भी मुक्ति प्राप्त कर ली। बालाओं के तन से दामन ऐसे गायब हो गया, जैसे राजनीति से नीति। मगर बदकिस्मती से मुहावरा अभी तक प्रचलन में है। शायद किसी भाषा-विज्ञानी का ध्यान इस और नहीं गया है।
अब हम इक्कीसवीं सदी में जी रहे हैं। आज के जवां दिलों के लिए शालीनता धड़कते दिल की धड़कन छुपाने में नहीं उसे व्यक्त करने में है, क्योंकि यह पारदर्शिता का युग है। मेढ़क की तरह फुदकता दिल युवजन हथेली पर लिए घूमते हैं। बागीचों में पार्को में, प्राचीन एतिहासिक इमारतों के साय में और आधुनिक मॉल्स में जहां कहीं भी मौका मिल जाए, एक-दूजे को दिल की धड़कनों से वाकिफ कराने में मशगूल हो जाते हैं। क्योंकि यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का युग है, इसलिए स्वच्छंद रूप से व्यक्त कर रहे हैं। भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को नए आयाम दे रहे हैं। पुराने मूल्यों को उनके अंजाम तक पहुंचा रहे हैं।
सौंदर्य-बोध और पारदर्शिता के इस युग में दामन का औचित्य है भी क्या? दामन युवा शब्दकोष से बहिर्गमन कर गया है, चोली का आकर भी निरंतर सिकुड़ने की प्रगति पर है। फिर न जाने क्यों चोली-दामन के संबंध को फिजूल महत्व देकर क्यों प्राचीन मुहावरे की लकीर पीटी जा रही है। हमारा सुझाव है-'गधे के सिर से सींग गायब' थोड़ा अभद्र लगता है, अमानवीय लगता है, अत: इस मुहावरे के स्थान पर 'चोली से दामन गायब' के मुहावरे को प्रचलन में लाया जाए। उदाहरण के रूप में कहा जा सकता है, इक्कीसवीं सदी में शरम-ओ-हया ऐसे गायब हो गई जैसे चोली से दामन।
संपर्क : 9868113044

Sunday, January 13, 2008

हस्तिनापुर साम्राज्‍य में चुनाव-अंतिम

दुर्योधन और यक्ष प्रश्न
टिकट प्राप्त करने की अंतिम परीक्षा के लिए दुर्योधन सूर्यकुंड के नजदीक पहुंचा और मंजूषा एक किनारे रख बोला, 'हे, महामहिम यक्ष! मैं तुम्हें प्रणाम करता हूं। आप जहां कहीं भी हैं, कृपया प्रकट हो करे मुझे कृतार्थ करें। मैं हस्तिनापुर युवराज दुर्योधन इंद्रप्रस्थ संसदीय क्षेत्र के लिए टिकट प्राप्ति की इच्छा से आपकी शरण में आया हूं।'
दुर्योधन के वचन सुन कुंड के अंदर से आवाज आई, 'युवराज दुर्योधन पहले यह बताओ कि कुंड के किनारे रखी यह मंजूषा कैसी?'
विनम्र भाव से दुर्योधन बोला, 'हे, यक्ष! राजनीति की भाषा में इसे सूटकेस कहते हैं। इसमें आपके सेवार्थ पुष्पम्ं-पत्रम्ं अर्थात एक खोका स्वर्ण-मुद्राएं हैं।' जल के अंदर से दो हाथ बाहर आए और मंजूषा उठाकर जल ही में 'सागर में गागर' की तरह विलुप्त हो गए।
एक क्षण के उपरांत श्वेत-वस्त्र धारण कर यक्ष कुंड से बाहर आए और बोले, 'हे, युवराज! आपके श्रद्धा-भाव से हम अति-प्रसन्न हुए। आप अवश्य ही टिकट पाने के अधिकारी हैं। किंतु हमारे प्रश्नों के दौर से गुजरने की औपचारिकता पूर्ण करनी ही होगी। ऐसा करना हमारी वैधानिक बाध्यता है।'
दुर्योधन बोला, 'महाराज मैं आपके प्रश्नों के उत्तर देने ही यहां आया हूं। मंजूषा तो श्रद्धा के वशीभूत औपचारिकता का निर्वाह है। पूछिए, आप प्रश्न पूछिए।'
-यक्ष का पहला प्रश्न था- राजनीति में सफलता प्राप्त करने का मूलमंत्र क्या है?
'पांव-पान-पूजा!'
-धर्म किसे कहते हैं?
'शक्तिवान पुरुष का वचन ही धर्म है!'
नेता का धर्म क्या है?
'केवल अर्थ!'
-धर्म प्राप्ति का एक मात्र साधन क्या है?
'भ्रष्टाचार! भ्रष्टाचार धर्म, अर्थ, काम, मोक्ष चारों पुरुषार्थो की प्राप्ति का एकमात्र साधन है!'
-मोक्ष क्या है?
'नेता का सत्ता में और सत्ता का नेता में विलीन होना ही मोक्ष है!'
-धर्म से बढ़कर क्या है?
'सत्ता धर्म से बढ़ कर है, क्योंकि यह भ्रष्टाचार का प्रमुख स्रोत है!'
-सबसे बड़ा सुख क्या है?
'सत्ता हथियाना!'
-सत्ता हथियाने का एक मात्र साधन?
'असत्य ही सत्ता प्राप्त करने का एक मात्र साधन है!'
-यश प्राप्ति का एक मात्र साधन?
'असत्य की साधना!'
-नेता की आत्मा कौन है?
'कुर्सी ही नेता की आत्मा है और वह परिवर्तनशील है!'
-भाग्य द्वारा प्राप्त नेता का मित्र कौन है?
'चमचा ही भाग्य द्वारा प्राप्त मित्र है!'
-वह क्या है, जिसके नियंत्रण से नेता को प्रसन्नता होती है?
'अफरसाही पर नियंत्रण पाकर नेता को प्रसन्नता का अनुभव होता है!'
-किसका त्याग कर नेता सर्वप्रिय हो जाता है?
'मान-सम्मान का त्याग कर नेता सर्वप्रिय हो जाता है!'
-किस वस्तु के त्याग से नेता को शोक नहीं होता?
'आदर्श व सिद्धांत के त्याग से नेता को शोक नहीं होता!'
-नेता की सफलता में अवरोध कौन-कौन से हैं?
'मूंछ और नाक सफलता में बाधक हैं!'
-तप क्या है?
'कुर्सी साधना ही तप है!'
- शक्ति का स्रोत?
'विश्वासघात!'
-सबसे बड़ी क्षमा क्या है?
'अनियमितताओं पर धन का पर्दा डालना ही सबसे बड़ी क्षमा है!'
-लज्जा के कारण?
'जनहित के कार्य और विचार लज्जा के कारण हैं!'
-सबसे बड़ी दया क्या है?
'परिवार हित की इच्छा सबसे बड़ी दया है!'
-सरलता किसे कहते हैं?
'समाज सेवक का अभिनय ही सरलता है!'
-कर्म-अकर्म की पहचान क्या है?
'स्वहित कर्म और जनहित अकर्म हैं!'
-अपने-पराए की पहचान क्या है?
'जो व्यक्ति आपके आगे पूंछ हिलाए उसे अपना और जो मूंछों पर ताव दे उसे पराया जान!'
-मूर्ख कौन है?
'जो नेता अधिकारों को छोड़ कर्तव्यों की तरफ दौड़ता है और जनहित के कार्यो को तत्परता के साथ पूर्ण करता है, वह मूर्ख है! ऐसा नेता उस मूर्ख व्यक्ति के समान है जो उसी डाली को काट रहा है, जिस पर वह बैठा है!'
- नेता का कौन सा ऐसा धन है, जो दोनो हाथों लुटाने पर भी बढ़ता ही जाता है?
'वायदे और आश्वासन ही एक मात्र ऐसे धन हैं, जिन्हें जितना लुटाया जाता, उतना ही वृद्धि को प्राप्त होते हैं!'
- राजा का कर्तव्य?
'अपनी व परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करना!'
- कौन राजा सुखी है?
'जिसकी प्रजा दुखी है!'
-कौन राजा दुखी है?
'जिसकी प्रजा सुखी है!'
-उत्तम राजा कौन है?
'जो दुख के सागर में डूबी प्रजा को सुख का अहसास कराए!'
प्रश्नोत्तर अध्याय समाप्त कर यक्ष बोला, 'वत्स दुर्योधन हम आपके व्यवहार और बुद्धि कौशल से प्रसन्न हुए। एक अच्छे नेता के सभी गुण तुम्हारे अंदर विद्यमान हैं। जाओ वत्स जाओ, अपने चुनाव क्षेत्र में जाओ और मतदाताओं को सुख का अहसास कराओ। टिकट तुम्हारे पीछे-पीछे आ रहा है। ईश्वर तुम्हारा कल्याण करे।'

संपर्क - 9868113044