Wednesday, May 21, 2008

ज्ञान के प्रकाश से अंतरात्मा को प्रकाशित करो

रात्रि का समय था। हवा शांत थी, गर्मी अशांत थी। भव्य पंडाल में सत्यानंद जी प्रवचन-प्रसारण चल रहा था, 'हे मां! हमें अंधकार से प्रकाश की ओर ले चल। असत्य से सत्य की ओर तथा मृत्यु से अमृत की ओर ले चल।' तभी बिजली धोखा दे गयी। चरों ओर अंधकार छा गया। माइक गला बंद हो गया। भक्तजनों में खलबली मच गयी। परनिंदा में माहिर भक्तजन् सरकार को कोसने लगे। कुछ अंधकार से प्रकाश की ओर गमन करने की सद्-इच्छा से इधर-उधर हाथ-पांव पटकने लगे। एक भक्त ने जींस की जेब से लाइटर निकालकर अंधकार से प्रकाश की ओर गमन करने का सार्थक प्रयास किया। मंच पर गैस की लालटेन को माचिस दिखलाई गई। इस प्रकार अंधकार से प्रकाश की ओर जाने का एक दौर संपन्न हुआ। प्रवचन की धारा पुन: प्रवाहित होने लगी।

भक्तजनों के तेवर देख महाराज ने प्रवचन की दिशा में मामूली सा परिवर्तन किया। ब्रह्मं सत्य, जगत मिथ्या की तर्ज पर महाराज ने ओजस्वी वाणी से अमृत वर्षा करते हुए कहा, 'भकतजनों! प्रकाश असत्य है। अंधकार ही सत्य है। जीवन के सभी पुण्य कार्य अंधकार में ही संपन्न होते हैं। प्रकाश में संपन्न पुण्य कार्य भी पाप-कर्म में परिवर्तित हो जाते हैं। अंधकार मिटाने के लिए हमें प्रकाश की व्यवस्था करनी पड़ती है, किंतु प्रकाश से निपटने के लिए अंधकार की व्यवस्था नहीं की जाती, अपितु प्रकाश को ही समाप्त कर दिया जाता है। अत: अंधकार ही शाश्वत है, प्रकाश नश्वर है।'

महाराज ने वाणी को विराम देकर दीर्घ श्वास का पान किया और फिर बोले, 'विडंबना यह है कि प्रकृति परिवेश में जीना त्याग कर हमने अपने चारों ओर कृत्रिम परिवेश का जाल बुन लिया है। यही दुख का कारण है। प्रकाश की इच्छा रखते हो, तो अपने मन मंदिर में ज्ञान के दीप प्रज्ज्वलित करो। आज पुन: हम प्रकृति की ओर लौट रहे हैं। हमें सरकार और बिजली विभाग का आभारी होना चाहिए कि वे हमें प्रकृति की ओर गमन करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। हे भक्तजनों! प्रकाश की आशा उससे करनी चाहिए जो स्वयं प्रकाश-पुंज हो। स्वयं ही जिसका भविष्य अंधकार में है, वह किसी को किस प्रकार आलोकित कर सकता है, अत: सरकार से प्रकाश की आशा का त्याग कर, सूर्य और चंद्रमा के प्रकाश से जीवन को आलोकित करो।'

प्रवचन के मध्य ही एक भक्त ने प्रश्न उछाला, 'महाराज! पानी-संकट?' महाराज बोले, 'सत्य वचन! पानी का घोर संकट है। ऐसा संकट न त्रेता में था और न ही द्वापर में, जैसा कि कलियुग में है। आंखों का पानी सूख गया है। चेहरों का पानी उतर गया है। रहीम दास जी का वचन असत्य हो गया है। अब पानी-विहीन मोती और पानी-विहीन मानुष्य ही सच्चे कह लाए जाते हैं। पानी-विहीन ही उबरते हैं। अत: पानी संकट का लाभ उठाओ। पानी का मोह त्याग, तुम भी महान बन जाओ!' प्रवचन के मध्य ही प्यासे होंठ और शुष्क वाणी से एक अन्य भक्त ने उच्चार किया, 'किंतु महाराज! पेय जल संकट?' भक्त का प्रश्न सुन महाराज मुस्करा दिए और बोले, 'पुत्र! शरीर और मन की तृष्णा कभी नहीं बुझती है। उसका त्याग करो और ज्ञान की पवित्र धारा से अंतरात्मा की तृष्णा को शांत करो।'

सत्यानंद महाराज अंधकार-प्रकाश, सत्य-असत्य और तृष्णा-त्याग पर अंधकार में प्रकाश डाल रहे थे। तभी उनका कर-कमल कनपटी पर पटका। भक्तों के झुंड से एक आवाज भिनभिनाई 'मच्छर' है। एक अन्य आवाज उठी- डेंगू का होगा! तभी करुणा-भाव से एक भक्त का हाथ महाराज की कनपटी की ओर उठा। महाराज संभले और बोले, ' अहिंसा परमोधर्म:! जीवों पर दया करो।' एक भक्त बोला, 'मलेरिया विभाग निकम्मा है। मच्छरों ने हमारा जीना दूभर कर दिया है!'

करुण रस की वर्षा करते हुए महाराज ने भक्त की जिज्ञासा शांत की, 'वत्स! मच्छर हमारे शत्रु नहीं, मित्र हैं। 'चैन की नींद सोना है, तो जागते रहो' का पवित्र संदेश प्रसारित कर हमें निद्रा से जागृत अवस्था में लाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। साधुवाद की पात्र है सरकार जिसने मच्छरों को नष्ट न करने की शपथ लेकर 'अहिंसा परमोधर्म:' का निर्वाह किया है।' इतना कह कर महाराज ने पुन: कनपटी सहलाई और बोले, 'भक्तजनों! तुम आत्मा हो और आत्मा अमर है। फिर डेंगू के मच्छर से कैसा भय! मच्छर तुम्हारे नश्वर शरीर को तो हानि पहुंचा सकता है, किंतु आत्मा को तो नहीं। तुम आत्मा हो।' महाराज ने पुन: दीर्घ श्वास का पान किया और बोले, 'तमसो मां ज्योतिर्गमय!' तभी बिजली विभाग की कृपा हुई और पण्डाल प्रकाशमान हुआ। इसके साथ ही अंधकार से प्रकाश की यात्रा का समापन हुआ।

संपर्क- 9869113044

Friday, May 16, 2008

टीले का रहस्य

आज आपको एक कहानी सुनाता हूं। कहानी न अतीत की है और न ही वर्तमान की। कहानी भविष्य की है। भविष्य की है, किंतु कोरी कल्पना नहीं। कल्पना कोरी कल्पना कभी होती भी नहीं है। प्रत्येक कल्पना किसी न किसी यथार्थ पर ही आधारित होती है। अत: इस कहानी को कोरी कल्पना समझ कर यों ही हंसी में मत उड़ा देना। अच्छा कहानी सुनों-
सूनामी गांव में एक ग्वाला रहता था। ईमानदार था, प्रेमी जीव था, सत्यवादी था, अहंकार करने के लिए उसके पास कुछ था ही नहीं, अत: अहंकार-मुक्त भी था। जब उसे अहंकार ही नहीं था, तो क्रोध कहां से होता! वैसे क्रोध के लिए भी पल्ले कुछ होना आवश्यक है। कुल मिलाकर सज्जनता के सर्वगुणों से संपन्न था। यही उसकी पूंजी थी और यही उसकी संपन्नता।
वह रोज सुबह उठता। अपने साथियों के साथ दूर जंगलों में पशु चराने ले जाता। साथी ग्वालों को प्रेम का पाठ पढ़ाता, आपस में विवाद होने पर सहज भाव से उसे निपटा देता। खुद घाटे में रहता मगर विवाद को तूल न पकड़ने देता। पशु चरने में व्यस्त हो जाते, तो उसके साथी उसे घेरकर लोक-परलोक की कहानियां सुनते। ग्वाला वैसे तो निरक्षर था। यहां तक कि अपना नाम भी लिखना नहीं जानता था। संस्कृत और संस्कृत-निष्ठ भाषा बोलने का तो प्रश्न ही नहीं। किंतु, न जाने कौन शक्ति उसकी आत्मा में प्रवेश कर जाती कि वह कहानी सुनाते-सुनाते आध्यात्मिक-प्रवचन सुनाने लगता। जिसमें वेद-पुराण और गीता-उपनिषदों के दृष्टांत भी होते। उसके साथी उस के ज्ञान पर आश्चर्य भी करते, किंतु बहुत ही ध्यान से उसे सुनते। कुछ ज्ञान की जिज्ञासा वश तो कुछ चमत्कार की जिज्ञासा के कारण।
गांव भर में वह ग्वाला संत के नाम से मशहूर हो गया। उसके ज्ञान के बारे में जितने मुंह, उतनी ही धारणाएं उत्पन्न हो गई। कोई कहता कि इस पर भूत-प्रेत का साया है, तो कोई कहता कि विशेष स्थिति में किसी संत की आत्मा इसके शरीर में प्रवेश कर जाती हैं। गांव वालों ने उसे पंडितों को दिखाया, तांत्रिकों को दिखाया, ओझा-बूझा को दिखाया, मगर किसी के हाथ कुछ न आया। प्रवचन का सिलसिला बदस्तूर जारी है।
एक दिन की बात है, वह अपने साथियों के साथ पशुओं को लेकर घने जंगल की ओर निकल गया। एक स्थान पर हरी-भरी घास देखकर सभी ने वहीं पशु चराने का फैसला किया और पेड़ों की छांव में सुस्ताने बैठ गए। उसी जंगल में एक वृक्ष के नीचे मिट्टी का एक टीला देखकर संत-ग्वाला उस पर जाकर बैठ गया। प्रवचन सुनने की इच्छा से उसके साथी अपने-अपने स्थान से उठकर उसके आसपास आकर बैठ गए। उन्हें देखकर प्रतिदिन की तरह उस ग्वाले-संत ने नेत्र बंद किए और बोलना शुरू कर दिया। मगर यह क्या! आज रोजाना जैसे तो प्रवचन नहीं! साथी पहले तो हैरान हुए और फिर यह सोचकर कि शायद यह भी प्रवचन का ही हिस्सा है, सभी शांत हो कर सुनने लगे। लेकिन, तब उन्हें हैरानी हुई जब संत ने कहा कि मैं आप लोगों को प्रतिदिन अच्छी-अच्छी कहानी सुनाता हूं, उसके बदले में सभी ग्वाले कर के रूप में मुझे अपनी-अपनी गायों का दूध दिया करेंगे। यह संपूर्ण जंगल और यहां उगने वाली घास पर भी मेरा अधिकार है।
कुछ देर तक अपनी महिमा का बखान कर संत-ग्वाला उस टीले से नीचे उतर आया और फिर अपने साथियों के साथ, पूर्व का सा व्यवहार करने लगा। संत के बदलते स्वरूप को देखकर उसके साथियों की हैरान बढ़ती जा रही थी। रोज की तरह अगले दिन फिर सभी ग्वाले उसी जंगल में पशु चराने गए और कुछ देर के बाद संत-ग्वाला उसी टीले पर जाकर बैठ गया और बैठते ही उसके व्यवहार में परिवर्तन शुरू हो गए। कल उसने जंगल और उसकी घास पर अपना अधिकार जमाया था, आज व दूसरे ग्वालों के पशुओं पर भी अपना हक जमाने लगा। उसी टीले पर बैठ कर एक दिन उसने एक-एक कर अपने साथियों को बुलाया और प्रत्येक के कान में कुछ कहा। परिणामस्वरूप परस्पर मनमुटाव पनपने लगा और दो गुट बन गए। एक गुट संत का साथ देने लगा और दूसरा गुट उसका विरोधी हो गया।
बावजूद इसके उसके साथी इस बात को लेकर हैरान थे कि संत टीले पर बैठकर अगड़म-बगड़म बकता है और टीले से नीचे उतर कर फिर पूर्व जैसा ही सद्-व्यवहार करने लगता है। सभी को प्रेम का पाठ पढ़ाने लगता है, सुख-दुख में एक दूसरे की मदद करने के लिए प्रेरित करने लगता है। साथी सोचने लगे आखिर माजरा क्या है! माजरे की तह तक जाने के लिए सभी ग्वाले गांव के जहीन-बुजुर्ग के पास गए। एक दिन ग्वालों के साथ जंगल जाकर बुजुर्ग ने पूरी स्थिति का जायजा लिया। पहले तो वह भी हैरान हुआ, लेकिन फिर वह इस नतीजे पर पहुंचा कि संत की प्रकृति में कोई विकृति नहीं है। संत की प्रकृति में विकृति पैदा होती, तो टीले से नीचे उतरकर भी वह बरकरार रहती, किंतु ऐसा तो कुछ नहीं है। हो-न-हो इस टीले में ही कुछ करामात है।
बुजुर्ग ने टीले की खुदाई कराने का निर्णय किया। टीले की खुदाई शुरू हो गई। खुदाई के दौरान सबसे पहले कुर्सी-नुमा काले रंग का एक सिंहासन मिला। उसके नीचे आकूत धन दब पड़ा था। धन भी काले ही रंग का था। काले रंग की इस दौलत का रहस्य जानने के लिए पुरातत्व-वेत्ताओं और भूगर्भ-शास्त्रियों को बुलाया गया और उसका अध्ययन शुरू हो गया। अध्ययन से पता चला कि कभी यहां भारत नाम का एक देश हुआ करता था। लोकतंत्र-काल में वहां की शासन व्यवस्था पर नेता नामक जीवों का कब्जा था। उन्हीं नेताओं के सद्कर्मो के कारण पहले लोकतंत्र का खातमा हुआ और धीरे-धीरे पूरा देश ही रसातल में चला गया। उन नेताओं को काला रंग बहुत प्रिय था। अत: वे काले रंग के ही कारनामे करते थे और काला ही धन एकत्रित करते थे। खुदाई में प्राप्त काला सिंहासन और काला धन लोकतंत्र काल के ऐसे ही किसी नेता का रहा होगा।
अधिकारियों ने वाकया अपने राजा को सुनाया। आश्चर्य व्यक्त करते हुए राजा ने सारा धन राजकोष में जमा कराने का आदेश दिया। किंतु राजा के मंत्री इस आदेश से सहमत नहीं थे। उन्होंने खुदाई में प्राप्त सारा धन समुद्र में डुबो देने का सुझाव दिया। राजा ने कारण पूछा, तो मंत्रियों ने कहा कि महाराज यह काला धन है, इसे यदि राजकोष में रखा गया, तो समूची राज-व्यवस्था काली हो जाएगी और भारत की तरह हमारा राज भी रसातल में चला जाएगा। अत: इसे नष्ट करना ही राज हित में होगा। राजा ने मंत्रियों की सलाह पर सारा काला धन समुद्र में फिंकवा दिया। गांव वालों ने राहत की सांस ली। उन्हें उनका संत फिर मिल गया था।
संपर्क-9717095225

Tuesday, May 13, 2008

संकट पाने का

समूचा राष्ट्र पानी संकट से ग्रस्त है। कहीं पानी उतरने का संकट है तो कहीं पानी चढ़ने का। कहीं पानी न होने का संकट है तो कहीं पानी-पानी होने का और कहीं-कहीं तो घड़ो पानी डालने के बाद भी पानी-पानी न होना संकट का कारण है।
कल तक जो पानीदार थे, आज बेपानी हो रहे हैं औरों के किए-धरे पर पानी फेर रहें हैं, मगरमच्छी आंसू बहा रहे हैं। हां, पानी जनित भिन्न-भिन्न प्रकार के संकट हैं। चरों तरफ संकट ही संकट है।
हमारे व्याख्यान लपक मुन्नालाल जी बोले, 'भईया! यह तो बताओ, पानी का संकट है या पानी खुद में संकट है अथवा पानी संकट में है?'
सवाल वाजिब था। हमारा चकराना भी लाजिम था। फिर भी हमने साहस जुटाया, लप्पेबाजी की और रहीम दास जी का स्मरण कर बोले-
'रहिमन पानी राखिए बिन पानी सब सून।
पानी गए ऊबरे मोती मानस चून॥'
मुन्नालाल जी ने विपक्षी बाउंसर दागा, 'हमारे सवाल का रहीम के इस दोहे से क्या वास्ता?'
मन ही मन हम बोले, 'लालू स्टाइल में हमने अपना जवाब तो फेंक ही दिया। न सही वास्ता, जवाब तो दे ही दिया। तुक मिले न मिले बोझ तो मरेगा। हमारे बेजा जवाब पर आह तो भरेगा।'
अपना मन नियंत्रित कर हम फिर बोले, 'वास्ता क्यों नहीं है, वास्ता है। रहीम दादा ने इस दोहे में पानी ही का तो संकट बताया है। उनके कहने का मतलब है, भइया! मोती, मानस, चून का जब पानी उतर जाता है तो तीनों ही बेभाव हो जाते हैं, अर्थात महत्वहीन हो जाते हैं। अत: पानी संकट न होने दो।'
मुन्नालाल जी बोले, 'नहीं-नहीं! रहीम तंत्र की मिसाल लोकतंत्र पर न बिठाओ। जमाना बदल गया है, नए जमाने की नई मिसाल बनाओ। लोकतांत्रिक इस युग में पानी उतरे चेहरे ही महान होते हैं। भावशून्य ही भाव वाले होते हैं।'
'अरे, पानी चढ़ा चेहरा नकली कहलाएगा। शुष्क होगा तो असली माल में बिक जाएगा। अत: इस युग में मानस वे ही उबरते हैं, जिनके चेहरे पानी-विहीन होते हैं। जिसके चेहरे पर पानी ठहर गया, धोबी के कुत्ते की तरह वह घर-घाट दोनों से गया। पानी उतरा चेहरा ही मोती कहलाएगा, सूखे चून को भी पचा जाएगा।'
रहीम और हमारे ऊपर एक ही छोर से बाउंसर दागते हुए मुन्नालाल जी आगे बोले, 'जिसकी आंख में पानी होगा, वही निर्बल कहलाएगा। जिसकी आंखों का पानी सूखा वह सबल हो जाएगा। जिसकी आंख में पानी होगा, बात-बात पर आठ-आठ आंसू रोएगा। तरक्की के मार्ग
को कीचड़-कीचड़ करेगा। किस्मत तरक्की के दरवाजे खोलेगी और पानी वाली आंखें शर्मसार होंगी, वक्त-बेवक्त पानी-पानी होंगी। खुले दरवाजे बंद हो जाएंगे। तरक्की के मार्ग अवरुद्ध हो जाएंगे।'
मुन्नालाल जी का प्रवचन हमारे सिर के ऊपर से उतर गया। मानो यूपीए की भैंस के साथ भैंसा पानी में उतर गया। सिर के ऊपर से पानी उतरता देख, हमने पूछा, 'जब पानी ही संकट है, फिर पानी-पानी का शोर कैसा?'
मुन्ना भाई बोले, 'जहां झील होती है पानी वहीं मरता है। पानी भरेगा तो झील वासी पानी-पानी ही चिल्लाएंगे। अपनी झील से पानी उलीच दूसरों के सिर पर गिराएंगे। पानी यहां भी संकट है, पानी वहां भी संकट है। अत: कोई अपनी झील में पानी नहीं चाहता। पानी उसकी झील में हो, मगर कमल मेरी झील में खिले। संतान उसके घर पैदा हो, मगर बधाई मुझे मिले। चिकने घड़े बनोगे, पानीदार कहलाओगे। पानी की परवाह करोगे तो उसी में डूब जाओगे। कुआं खोद कर पानी पीना मूर्खता कहलाता है, घाट-घाट का पानी पी कर मानस बुद्धिजीवी बन जाता है।'
'मुन्नाभाई! बात तुम्हारी सवा सोलह आने उचित है, अब तो पानी को ही संकट कहना उचित है।'
'नहीं, नहीं! न पानी संकट है, न पानी का संकट है। बस पाने का संकट है। पाना है, बस पाना है। आंखों में पानी भर कर पाना है, आंखों का पानी मार कर पाना है, चेहरों का पानी उतार कर पाना है। पानी-पानी होकर पाना है, चिकने घड़े होकर पाना है। निर्जल होकर पाना है, निर्लज्जा होकर पाना है। बस पाना है।'
संपर्क- 9717095225

Tuesday, May 6, 2008

अमेरिका की टांग


अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज बुश ने कह दिया भारत के लोगों की थाली का वजन बढ़ता जा रहा है, इसलिए महंगाई बढ़ रही है। इससे पूर्व अमेरिका कि विदेश मंत्री कांडोलीजा राइस ने इसी जुमले को हवा में फेंका था। किंतु उसे लेकर कुछ ज्यादा हो-हल्ला नहीं हुआ। शायद इसलिए कि कांडोलीजा नाम से ही किसी भयानक बीमारी से पीडि़त सी लगती हैं। अब बीमारी हो या बीमारी से पीडि़त, उसकी बात को गंभीरता से क्या लेना।
लेकिन बुश साहब ने जब उसी जुमले को दोहराया तो काफी हो-हल्ला मच रहा है। बुश के इस जुमले को लेकर केवल प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी के अलावा पूरे भारत में सनसनी फैल गई। बुश का जुमला और उस पर मनमोहन सिंह जी की चुप्पी, विपक्ष के हो-हल्ला करने के लिए बैठे-बिठाए दो मुद्दे मिल गए। विपक्ष के हो-हाल्ले करने में हमें किसी प्रकार के आश्चर्य का कोई कारण नहीं दिखाई दे रहा है। बेरोजगार के पास इसके अलावा काम भी क्या होता है। इसके अलावा विपक्ष की सार्थकता भी इसी में है कि कुछ हो या न हो, किंतु हल्ला होना चाहिए। वैसे भी विपक्ष जब है ही वि-पक्ष अर्थात पक्ष रहित।
हमारी चर्चा का विषय भी आज बुश का जुमला और उस पर मनमोहन सिंह की चुप्पी ही है। मनमोहन सिंह की चुप्पी को मैं दो प्रकार से देखता हूं। प्रथम, बुश से पूर्व मनमोहन सिंह खुद महंगाई का कारण आम आदमी की थाली का बढ़ते वजन बता चुके हैं। बुश ने तो केवल दोस्ती का निर्वाह करते हुए उसे दोहराया है। फिर मनमोहन सिंह जी उस पर हो-हल्ला क्यों करें? द्वितीय, मनमोहन सिंह कोई राजनीतिक व्यक्ति तो है नहीं, इसलिए वे राजनीति की भाषा बोलना नहीं जानते हैं। इससे पहले एक-दो मुद्दों पर उन्होंने प्रतिक्रिया जाहिर की भी, तो विपक्ष उस पर भी परम् कर्तव्य-निर्वाह करने से बाज नहीं आया, इसलिए उचित यही है कि मौन रहो। कहते हैं कि मौन मूर्खता पर पर्दा डाल देता है। राजकुमारी के स्वयंवर में कालिदास को उसके शुभ चिंतकों ने इसीलिए मौन रहने की सलाह दी थी और सलाह कामयाब भी निकली। राजकुमारी कलिदास के पल्ले में आ गिरी। अत: मनमोहन सिंह जी का चुप रहना कोई मुद्दा नहीं है।
जहां तक बुश-वचन का प्रश्न है, दूसरों के बैडरूम और किचन में झांकना प्रत्येक विचार-शील इनसान की प्रवृत्ति है। इनसान यदि जबरदस्त हो, तो स्वत: ही यह उसका मौलिक-अधिकार बन जाता है। अमेरिका ने पहले इराक की रसोई में ताकझांक की, वहां तेल की पीपों में उसे तेजाब नजर आया। अब ईरान की रसोई उसे तेजाबी लगने लगी है। पाकिस्तान के तो बैडरूम से लेकर किचिन तक में जो भी पकता है, उसी के इशारे पर पकता है। अब भारत की रसोई में भी ताकझांक शुरू कर अपने मौलिक अधिकार का सद्-उपयोग करने का संकेत दे दिया है।
इसके अलावा दूसरों के फटे में अपनी टांग का प्रवेश कराना, कुछ लोग अपना जन्म-सिद्ध अधिकार मानते हैं। अमेरिका ने इसके लिए शायद एक टांग स्पेयर में रखी हुई है। संभवतया उस टांग की इंचार्ज कोंडोलीजा जी हैं। जब कहीं भी थोड़ा सी सीवन उधड़ी हुई दिखती है, जुबान के माध्यम से टांग हरकत में आ जाती है। सीवन यदि कहीं उधड़ी दिखलाई न भी दे तो भूत के समान टांग खुद-अ-खुद कुलबुलाने लगती है। फिर टांग के लिए स्पेस खोजना अमेरिका की मजबूरी हो जाती है, नहीं तो टांग उसके फटे में ही प्रवेश करने के लिए बाध्य हो जाएगी। अमेरिका मजबूर है उसे अपनी टांग कहीं न कहीं तो व्यस्त रखनी ही है। नहीं, तो कौन कहेगा अमेरिका भी कोई महाशक्ति है, जिसे अपनी उघड़ी हुई की फिक्र नहीं दूसरों की उधड़ी हुई की चिंता है। अंत में हम वही कहेंगे, जो दो-तीन दिन पहले कहा था। आतंकवादी लंबरदारी के लिए वह खुद दोषी नहीं है। दोष सारा कोलंबस का है, क्या जरूरत थी उसे अमेरिका खोजने की। वह न अमेरिका खोजता, न उसकी टांग किसी अन्य की सीवन उधेड़ती।
संपर्क- 9868113044

Sunday, May 4, 2008

खाली दिमाग शैतान का घर

आदमी स्वभाव से ही शैतान का सगा भतीजा होता है। उस पर भी खाली दिमाग हो, तो शैतानी ही सूझना स्वाभाविक है। शैतानी भरी हैरानी की बात तो यह है कि ऐसे खाली दिमाग, शैतानी कर देर-सबेर खुद तो खुद को प्यारे हो जाते हैं, लेकिन दूसरों के लिए मुसीबत भरी सौगात छोड़ जाते हैं।
ऐसे ही एक महानुभाव थे, कोलंबस साहब। शायद घर से भी खाली थे और बेरोजगार भी। घर-बाहर से बेकार हो तो शैतानी के अलावा और सूझेगा भी क्या? बैठे-ठाले जनाब के दिमाग में फितूर उठा,चलो भारत की खोज करें। अब कोई उनसे पूछे, क्यों जनाब क्या भारत किसी मेले ठेले में अपनी मां से बिछुड़ गया था या किसी ने उसका अपहरण कर लिया था, जो चल पड़े उसे खोजने। खोजने चल भी दिए तो यह बताओ कि बेवकूफाना ऐसी जिम्मेदारी जनाब को सौंपी किसने थी? अरे, बे-फिजूल की कवायद!
भारत तो जनाब के हाथ नहीं लगा, मगर अंधे के हाथ बटेर की तरह अमेरिका नाम का एक देश उनके हाथ अवश्य लग गया। बस बन गए तीसमारखां! अब पहले तो कोई उनसे पूछे कि अमेरिका की खोज करने के लिए किस कमबख्त ने तुमसे गुहार की थी। अमेरिका की खोज यदि नहीं भी करते तो कौन 'दिल्ली का सूबा ढल जाता' या दुनिया कौन उसके बिना विकलांग होए जा रही थी। चलो, किसी न किसी तरह तुम्हारी नैया अमेरिका के किनारे लग भी गई थी तो किसने कहा था, शोर मचाने के लिए।
जनाब, तुम तो अमेरिका की खोज कर बन गए तीसमारखां, मगर दुनिया वालों की तो कर दी नींद हराम। हाथ में डंडा लिए अमेरिका अब जबरन अलंबरदार बना फिरता है। कोलंबस साहब! आप यदि न खोजते तो गुमनाम सा अमेरिका एक तरफ पड़ा रहता, दुनिया वालों की नींद हराम न होती।
ऐसे ही एक और सज्जन इतिहास में हुए हैं, उनका नाम है, वास्कोडिगामा। उनकी कारगुजारियों से भी लगता तो यही है कि वे भी थे खाली दिमाग ही। कोलंबस साहब भारत की खोज करने में नाकामयाब रहे, तो फितूरी दिमाग वास्कोडिगामा खोज बैठे भारत को।
सोने की चिड़िया अपने जंगल में अच्छी-खासी फुदकती फिरती थी, 'उरला हलवाई, परला पंसारी' किसी से लेना एक न देना दो। जनाब के फितूर ने दुनिया को भारत की राह दिखला दी। कर दी चिड़िया की नींद हराम। एक तो चिड़िया ऊपर से सोने की! एक-एक कर ताड़ने लगे उस बेचारी को। हो गई बदनियतों की बदनियती की शिकार।
पुर्तगाली, फ्रांसीसी, अंग्रेज न जाने कहां-कहां के उठाई-गिरे चिड़िमार दुनिया भर से आ धमके और लगे चिड़िया के पंख नोच ने। जैसे-तैसे उन्हें भगाया या चिड़िया की दयनीय हालत देख खुद भाग खड़े हुए, मगर जाते-जाते उसके दो टुकड़े कर गए। अब टुकड़ों को उनके चेले नोंच-नोंच खा रहे हैं।
ऐसे ही एक खाली दिमाग शैतान थे जनाब डार्विन। उनकी शैतानी हरकत से तो ऊपर वाला भी तौबा कर बैठा। जनाब डार्विन को जब कुछ नहीं सूझा, तो बोले इंसान बंदर की औलाद है। होंगे, तुम्हारे पुरखे होंगे बंदर! मगर तुम्हें यह अधिकार किसने दे दिया कि सृष्टिं के तमाम इंसानों को बंदर की औलाद बना डालो?
अब जनाब डार्विन साहब से कोई पूछे, क्यों जनाब खुदा की कौन सी बही तुम्हारे हाथ लग गई, जिसे बांच कर तुमने भूतवाणी कर डाली कि इंसान बंदर की औलाद है। अगर-चै खुदा की बही तुम्हारे हाथ लग भी गई और उसमें साफ-साफ लिखा भी था कि इंसान बंदर की औलाद है। मगर-चै एक बात बताओ इस रहस्य को यदि उजागर न करते, तो कौन तुम्हारी भैंस दूध देते-देते लतिया जाती? गोया इतना जरूर था कि रहस्य उजागर न करते तो इंसान में बंदरीय लूट-खसोट की प्रवृति जागृत न हुई होती।
बंदर बांट जैसे वंशानुगत लक्षण तो इंसान में हालांकि पहले ही से मौजूद थे, किंतु जब से इंसान को यह पता चला है कि वह बंदर की औलाद है, उसके चरित्र में बंदराना लक्षणों का इजाफा हो गया!
हां, ऐसा मेरा पक्का विश्वास है। व्यक्ति को जब अपनी वंशावली अथवा वंश-परंपरा का पता चलता है तो उसके अनुरूप वह अपने आपको हनुमान मान ही बैठता है। कभी-कभी अपने पुरखों का मान-सम्मान रखने के लिए भी उसे जबरन पहलवान बनना पड़ता ही है।
अब न कोलंबस साहब इस लोक में हैं, न वास्कोडिगामा और न ही डार्विन साहब। उन्हें होना चाहिए था, खाली दिमाग की शैतानी खोज का कुछ तो मजा उन्हें भी चखना चाहिए था। हम, तो बस यही कहेंगे- खुद, तो मर गए कमबख्त! हमारा खून पीने के लिए अपनी औलाद छोड़ गए!
संपर्क-9868113044

Wednesday, April 30, 2008

बापू कैद में (व्यंग्य नाटक) –अंतिम

गतांक से आगे...
दृश्य-छह
(मंच पर पुन: छाया प्रकट होती है। फ्लैश लाइट उसी पर फोकस।)
छाया :
बापू कहीं फिर सुबह-सुबह ही न निकल जाएं, इसलिए अगले दिन मैं सूरज निकलने से पहले ही राजघाट पहुंच गया। बापू को प्रणाम किया। बापू उस दिन काफी उद्विग्न नजर आ रहे थे। उन्होंने मुझे समाधि के अंदर नहीं बुलाया, स्वयं ही बाहर आगए।
बापू (सहज भाव से) : चल पुत्र किसी वृक्ष के नीचे खुली हवा में बैठते हैं।
(पेड़ के नीचे बैठ कर बापू कल की कथा सुनाने लगे। कथा अभी आधूरी ही हुई थी)
हवलदार (बट मारते हुए कड़क आवाज में) :
कौन है बे, स्साले, खड़ा हो...!
(बट की मार से मुन्नालाल बिलबिला गया। बापू भी धोती संवरते हुए सावधान की मुद्रा में आगए)
बापू (गिड़गिड़ाते हुए) :
नहीं-नहीं, कोई ऐसा-वैसा नहीं। यह तो मेरा शिष्य मुन्नालाल है, श्रीमान...। (गले में आया खकार सटकते हुए) मुझ से दो बातें करने आया था।
हवलदार (मूंछों पर हाथ फेरते हुए उसी आवाज में) : अछाऽऽऽ, एक नहीं दो-द्दो। तू कौण है, ब्बे।
बापू (गिड़गिड़ाते हुए) : मैं-मैंऽऽऽ, जनाब पहचाना नहीं?
हवलदार (व्यंग्य भाव से) : हां, तुझे ना पिछान्ना ...चूक है गई ...माफ करना साब ...गांध्धी के भतिज्जो कू ना पिछान्ना,धत्त तेरे की! (रायफल और पांव एक साथ जमीन पर पटकते हुए) ...चलो सोहरो, थाणें चलों। दरोग्गाजी आप्पों पहचान लेंग्गे।
बापू (विनय भाव से) : नहीं-नहीं जनाब, मैं महात्मा गांधी ही हूँ और यह मेरा शिष्य मुन्नालाल...!
हवलदार (व्यंग्य भाव से) : हां स्साला! इस देस का हर तिज्जा आदमी गांध्धी ही हो वै या फिर गांध्धी का चेल्ला। अर बिचारे असल गांध्धी ए को ना पूच्छे! ( दोनों की कलाई थाम थाने की तरफ ले जाते हुए) एक रात हवालात में काटेग्गा, बस गांध्धीगरदी का सारा भूत उतर जावेग्गा (धक्का देते हुए) आग्गे नू जल्दी-जल्दी पांव बढ़ा।
(दोनों के हाथ थामें हवलदार थाने में प्रवेश करता है)
पहरेदार (व्यंग्य भाव से) : साब, कभी ढंग के आदमियों कू भी पकड़ लाया करो! ...किन्हें पकड़ लाए, इनके बदन पै तो जूं भी बिचारी भूख्खी मरै हैं। (माथे पर हाथ मार कर) आज तो भोनी भी ना हुई, लगै पूरा दिन ही खराब जावेगा!
(पहरेदार की बात सुन हवलदार हँस दिया और दोनों को धकेलते हुए थानेदार के कमरे में प्रवेश कर सलाम ठोका। थानेदार की नोट गिनती ऊंगलियों रुकी)
थानेदार (क्रोध का इजहार करते हुए) :
...अबे ओ भूतनी के किन कंगालों कू पकड़ लाया?
हवलदार (दांत निपोरते हुए) : सऽऽर, दोन्नों को गांध्धी समाधि से पकड़ा है। पेड़ के निच्चे बैठ्ठें साजिस रचरे थे।
थानेदार (ग्लानि भाव से) : ...स्साले! गांध्धीजी की समाधीय नुकसान पौंचाने आए होंग्गे!
बापू (गिड़गिड़ाते हुए) : नहीं, जनाब नहीं! जनाब ...मैं ही तो...!
हवलदार (मध्य ही में बनावटी हंसी हसते हुए) : ...सऽऽर, ये बूढ़ा अपने को महात्मा गांध्धी ही बतावै!
थानेदार (आसमान की तरफ मुंह उठा जंभाई लेकर खीजते हुए) : अच्छाऽऽऽ, स्सालो पै देस्सी कट्टा धर कै हवालात में डाल दै। ...सुबै देख्खेंगे।
बापू (विनीत भाव से) : जनाब जरूर कोई गलतफहमी हुई है, मैं गांधी ही हूं, मोहन दास वल्द करम चंद गांधी (कुछ देर रुकने के बाद) वही गांधी जिसकी हत्या गोड़से ने की थी, श्रीमान।
थानेदार (हँसते हुए) : कैसे मानलूं ..मिलान करने कू कुछ है तेरे पै?
बापू (पूर्व भाव से) : ...दीवार पर टंगे चित्र से मिलान कर के देखलो, जनाब...!
थानेदार (हंसते हुए) : ...चल, है गिया मिलान! मान लेवें हैं , तू गांध्धी ही सही। पर तुझे किसने सलाह दी, दिवाल सै उतर कै जमीन पै आन्ने की। तै उतरने की हिमाकत की है, तो सजा भी भुगत!
बापू (पूर्व भाव से) : नहीं-नहीं, श्रीमान यह तो अन्याय होगा...।
थानेदार (मुस्कराते हुए) : ...अच्छा! नियाय चहिए, तो कीमत चुका। ...अपना वादा पूरा कर!
बापू (आश्चर्य से) : सरकार कीमत! ...वायदा?
थानेदार (खीजते हुए) : घना भोला न बन। सेतमेत में नियाय ना मिलै ...जे थाना सै, थाना! मुकद्दमा ठोक दिया तो रोज कचैरी के चक्कर काटेगा, वकील कू फीस दे वेगा। सेंत मैं वहां से भी ना छूटै। अर दिकै सुन, पैसा खर्च करकै भी छूटवे की गारंटी ना। (कानून की किताब खोलते हुए) मै कम से कम पैसे लैकर छोड़वे की गारंटी तो लेरा हूं।
बापू (पूर्व भाव से) : जनाब, यह तो रिश्वत है, ...भ्रष्टाचार जनाब!
थानेदार (दीवार पर टंगे चित्र को ओर इशारा करते हुए) : ...देख, तेरा ई फोट्टो है, ना जे।
बापू (चित्र निहारते हुए) : ...हां, जनाब मेरा ही है।
थानेदार : ...फिर तो पंजा भी तेरा ई होग्गा।
बापू : जी जनाब!
थानेदार (बापू की ओर हाथ फैलाते हुए) : ...जी जनाब! तो फिर ला, अपने फोट्टो वाले नोट हाथ पै रख। ...तेरा वादा भी पूरा हो जागा अर दिके, जेब में तेरे नोट रहंगे तो तेरी सकल भी याद रहगी।
बापू (मजबूरी जाहिर करते हुए) : ...मगर जनाब! मैने तो जीते जी भी कभी रुपए-पैसे के हाथ नहीं लगाया। अब तो बात ही अलग है।
थानेदार (धिक्कारते हुए) : या ई तेरी भूल थी। अपने भगतों की तरह तू भी रास्टर सेवा कैस करता तो कोई गौडसे तेरा मडर ना करता। ...मरने के बाद तेरी आतमा निलाम न होत्ती और आज रात हवालात में ना काटनी पड़ती। ...पकड़ा जात्ता तो नोट दे कै छूट जात्ता। अपने भगतों की तरै घोटाल्ले पै घोटाल्ले कर कै भी इमानदार कहलात्ता...! (चेहरे पर व्यंग्य भाव लाते हुए) चल कौ ना! नोट ना हैं तो एक रात तो हवालात मैं रह। उंघह कोई गौडसे मडर तो क्या तुझै घायल भी न कर पावै! ...सेफ रहवेगा! (हवलदार को आवाज लगाते हुए) चलरे, बंद कर दोन्नो को। ...सुबै देखेंगे!
(थानेदार के इशारे पर हवलदार ने दोनों को हवालात में बंद कर दिया)
दृश्य-सात
(सुबह का समय, मंच पर थाने का दृश्य। हवालात में बापू और मुन्नालाल को निहारता थानेदार)
थानेदार (चोंक कर हवालदार की ओर संकेत कर) :
...अबे ओ भूतनी के ये के कर दिया तून्नै, गांध्धी जी को हवालात में डाल दिया। ...ये तो सच्च में ई गांध्धीजी हैं। ...अबे तू नै इतना भी ना दिख्खे। ...आंख्खन पै कतई पट्टी बांध रख्खी के।
हवलदार (गिड़गिड़ाते हुए) : सऽऽऽ र! सर कल बताया तो था। बूढ़ा अपने को गांध्धी बतावै है। ...इब छोड़ दूं, सर।
थानेदार (दांत पीसते हुए) : ऐसे ही बतावैं हैं, के (कुछ सोचने के बाद, मुंह चिड़ाते हुए) इब छोड़ दूं! छोड़वे की चौक्खी सलाह दी! ...चोक्खी सलाह देरा, छोड़ देवें। मरवा दे स्साले! उलटा मुकद्दमा ठोक दिया तो लेने के देने पड़ जावेंगे...। (इधर-उधर देखते हुए) चल एक काम कर भूतनी के दोनों कू वीआईपी रूम में सिफट कर दे, अर निलहाने-धुलाने का इंतजाम कर, नास्ता-पानी करा। मैं अभी आया। ...अर दिके जब तक लौट कै ना आंऊ किसी कू भनक तक ना पड़ै, बाप्पू हवालात मै। ...ना तो बैठ्ठें-बिठाए जान मुसीबत में पड़ जावेग्गी!
(हवलदार दोनों को थाने के अतिथि कक्ष में ले जाता है और बापू से क्षमा मांगते हुए उनकी सेवा-भाव में लग जाता है। घबराया थानेदार दौड़ा-दौड़ा गृहमंत्री जी के आवास पर। गृहमंत्री जनता की शिकायतें सुनने में व्यस्त हैं)
थानेदार (भय की मुद्रा में) :
...जयहिंद जनाब!
गृहमंत्री (उपेक्षा भाव से) : ...चेहरे पर बारह क्यों? ...विजीलेंस का छापा पड़ गया क्या?
थानेदार (रिरयाते हुए) : ...बैठे-बिठाए आफत आगी सरकार! ...इंघह कू तो अवो!
(गृहमंत्री थानेदार के साथ दूसरे कक्ष में चले जाते हैं)
गृहमंत्री (पूर्व भाव से) :
...बोल, क्या आफत है?
थानेदार (हाथ जोड़ कर गिड़गिड़ाते हुए) : ...नौकरी बचालो माई-बाप, गजब ढै गिया, जनाब। ...गलती है गई, गलती।
गृहमंत्री (झिड़कते हुए) : रिश्वत लेते समय तो बाप को पूछते नहीं, फंस जाने पर माँई-बाप याद आते हैं!
थानेदार (पूर्व भाव से) : नहीं, जनाब! ...इस बार रिश्वत का मामला ना है!
गृहमंत्री (झिड़कते हुए) : ...फिर? ...अबे कुछ बकेगा भी या बापू की बकरी की तरह मिम्याता ही रहेगा।
थानेदार (पूर्व भाव से) : सरकार वचन दो इस बार बचालोग्गे, नौकरी ना जान दोग्गे। ...बाल-बच्चे बिरान हो जावेंगे, सरकार।
गृहमंत्री (चेहरे पर सख्ती लाते हुए) : अबे बक तो सही किसका फर्जी एनकाऊंटर कर दिया?
थानाध्यक्ष (चेहरे पर घबराहट के भाव लाते हुए) : सरकार वो है ना कमबख्त हवलदार रामसिंग, बाप्पू अर उनके चेल्ले कू पकड़ लाया।
गृहमंत्री (थानाध्यक्ष की नकल उतारते हुए) : अबे कौन बाप्पू, किसका, तेरा के मेरा?...पूरी बात बताना।
थानेदार (पूर्व भाव से) : सरकार, वही बाप्पू! ...महात्मा गांध्धी। ...राजघाट तै पकड़ लाया।
गृहमंत्री (घबराहट के भाव से) : अबे, क्या साले, बापू का एनकाऊंटर...?
थानेदार (पूर्व भाव से) : एनकाऊंटर ना सरकार...!
गृहमंत्री (पूर्व भाव से) : ...अबे, फिर?

थानेदार (पूर्व भाव से) : सरकार मेरी आंख पै पट्टी बंधी थी, मै न्नै दोनों कू हवालात मै डाल दिया। ...सरकार गलती है गई... बचालो सरकार।
गृहमंत्री (पूर्व भाव से) : अब कहां हैं, वें?
थानेदार (पूर्व भाव से) : सरकार दोन्नो कू हवालात सै रैस्टरूम में सिफट कर दिया।
गृहमंत्री ( होठों पर अंगुली रख कर) : चोंच बंद कर थोड़ी देर बाहर बैठ। ...किसी से कुछ मत बोलना, अपने आप से भी नहीं... समझा... जा बाहर बैठ! (पार्टी अध्यक्ष से फोन पर, हर्ष व्यक्त करते हुए) : ...हैलो, सऽऽऽ र! ...सर, खुशखबरी!
अध्यक्ष (गंभीर भाव से) : क्याऽऽऽ..?
गृहमंत्री (भावावेश में ) : आपके आदेश का पालन हो गया, सर! ...गांधी जी को गिरफ्तार कर लिया ..!
अध्यक्ष (आश्चर्य व घबराहट के मिश्रित भाव से) : क्याऽऽऽ! सच...!
गृहमंत्री (विजय भाव से) : ...जी जनाब!
अधक्ष (कृत्रिम क्रोध के साथ) : किसने कहा था, इतनी फुर्ती दिखाने के लिए?
गृहमंत्री (विनय भाव से) : हम तो हुकुम के गुलाम हैं, जनाब। आप हुकुम करें और तामील न हो यह कैसे हो सकता है, सर...!
अध्यक्ष (उपेक्षा भाव से) : चल कोई बात नहीं! ...किंतु ऐसा करना, जिसने गिरफ्तार किया है, उसे तरक्की दे दे देना और देखो...!
गृहमंत्री (मुसकराते हुए) : ...ठीक, सर! ऐसा ही होगा। हवलदार को तरक्की दे दूंगा...!
अध्यक्ष : ...और सुनो! ...थानेदार का नाम राष्ट्रपति पदक के लिए प्रस्तावित कर देना!
गृहमंत्री (आश्चर्य व्यक्त करते हुए) : ...क्या, सर! राष्ट्रपति पदक...!
अध्यक्ष (हँसते हुए) : राष्ट्रपिता की गिरफ्तारी और राष्ट्रपति पदक भी नहीं? तुम नहीं समझोगे! ...अरे भई! .. खेल अभी खत्म थोड़ा ही हुआ है, थानेदार अभी और भी काम लेना है (कुछ देर रुकने के बाए) उसका मुँह भी तो बंद रहना चाहिए, समझे या नहीं!
गृहमंत्री (विनीत भाव से) : समझ गया सर, समझ गया! ...मगर सर, इस गुलाम के बारे में भी...!
अध्यक्ष (मध्य ही में झिड़कते हुए) : ...तुम्हे तो बस अपनी चिंता लगी रहती है। खैर, तुम्हारे बारे में कुछ न कुछ विचार अवश्य करेंगे...!
गृहमंत्री (दांत निकालते हुए) : ...काम तो उपप्रधानमंत्री पद के काबिल किया है, जनाब!
अध्यक्ष (उपेक्षा भाव से) : ठीक है, भाई! प्रधानमंत्री से तुम्हारे नाम की सिफारिश करूंगा! ...और सुनो, ध्यान से सुन, बापू को रिहा मत करना। बापू रिहा हो गया तो सत्ता खतरे में पड़ जाएगी! ...बापू हमारे पूजनीय हैं, उनका ख्याल रखना! ...कोई तकलीफ नहीं होनी चाहिए! ...समझ गए ना!
गृहमंत्री (उत्साह के साथ) : समझ गया जनाब, समझ गया! .. सर बापू तो हमारे भी पूजनीय हैं, पूरा ख्याल रखूंगा। प्रणाम सऽऽऽर!
(गृहमंत्री थानेदार को अंदर बुला कर उसकी पीठ थपथपाते हैं। मगर उसके चेहरे पर घबराहट के भाव अभी भी काबिज हैं)
गृहमंत्री (हर्ष व्यक्त करते हुए) :
दरोगा जी, कमाल कर दिया। तुम्हारा तो मुंह चूमने को मन करता है...!
थानेदार (भय के भाव के साथ) : सर-सर-सर...!
गृहमंत्री (थनाध्यक्ष के चेहरे के भाव पढ़ते हुए) : ...घबराने की जरूरत नहीं है, दरोगा जी। तुमने वास्तव में काबिल-ए-तारीफ काम किया है। हवलदार को तरक्की और तुझे राष्ट्रपति पदक दिलाने की सिफारिश करूंगा। (कुछ विचार करने के बाद) मगर एक काम करना, अगले आदेश तक बापू को रिहा मत करना! ...बापू का हम सम्मान करते हैं, वें सुरक्षित रहने चाहिएं! ...देख उन्हें किसी प्रकार की तकलीफ न हो। खातिर-दारी में भी कोई कसर न रखना। ...चाहे कितना भी पैसा खर्च हो जाए।
थानेदार (आश्चर्य से गृहमंत्री की तरफ देखते हुए) : जी ईईई, जी सर!
गृहमंत्री (तसल्ली देते हुए) : ...बकरी की तरह मिमयाने की आदत गई नहीं! ...ध्यान से सुन, बापू को रिहा मत करना! बापू रिहा हो गया तो हमारी (बात बदलते हुए) तेरा राष्ट्रपति पदक खतरे में पड़ जाएगा ...और कुछ भी हो सकता है!
थानेदार (असमंजस के भाव से) : जी ईईई, जी सर!
गृहमंत्री (पूर्व भाव से) : बावले, घबरा क्यों रहा है! बापू कैद में हैं ना, कैद ही में रहने दे। इससे सुरक्षित जगह उनके लिए और कौन सी होगी! ...अब तू जा, बापू की सेवा में लग जा। अर देख, किसी को कानों-कान खबर नहीं लगनी चाहिए कि बापू कैद में हैं। ...सबूत कोई हो तो खंत्म कर देना।
थानेदार (जिज्ञासा व्यक्त करते हुए) : ...मगर सर बापू का शिष्य भी तो उनके साथ है। ...उसका क्या करूं?
गृहमंत्री (झिड़कते हुए) : ...पुलिस का दरोगा है या म्यूनिसपैल्टी का! (एक क्षण रुकने के बाद) आजकल बदमाशों के एनकाउंटर नहीं हो रहे? कानून-व्यवस्था काफी खराब हाती जो रही है! (थानेदार की आंखों में आंखें डालकर) अच्छा, जा अब तू जा, देख बापू की सेवा में कोई कमी न रह जाए!
(थानेदार ने गृहमंत्री को सलाम ठोका और सीधा थाने पहुंचा, मंच पर पुन: छाया प्रकट। लाइट उस पर फोकस कर दी गई)
छाया (आहत स्वर में) :
...और आधी रात के बाद मुझे बापू से अलग कर राजघाट यमुना के किनारे झाड़ियों के पास ले जाया गया। वहां जाकर मुझ से कहा, चल तुझे रिहा करते हैं, ...जा भाग। लंबे-लंबे डिग भरते हुए मैं राजघाट से बाहर जाने लगा तभी मेरी पीठ से कई गोलियां टकराई और मैं वहीं गिर पड़ा। ...सुबह के समाचार पत्रों की सुर्खियों में से एक सुर्खी थी, 'अंतरराजीय एक गिरोह के साथ मुठभेड़ में दो सिपाही मामूली रूप से घायल, एक बदमाश वहीं ढेर और उसके दो साथी भागने में सफल...।'
(सिसकी भरते हुए छाया अंतरध्यान हो जाती है और नेपथ्य से गृहमंत्री जी का भाषण सुनाई पड़ता है)
गृहमंत्री (गंभीर आवाज में) :
...हमारी सरकार ने भ्रष्टाचार दूर करने का संकल्प लिया है, सामाजिक न्याय प्रदान करना हमारा उद्देश्य है। सामाजिक व आर्थिक समानता लाने के लिए हम कटिबद्ध हैं, क्योंकि हमने भारत को बापू के सपनों का देश बनाना है। उनके सपने साकार करने हैं...। क्योंकि बापू हमारे लिए पूजनीय हैं, आज भी प्रासंगिक हैं!

संपर्क- 9868113044
(प्रकाशक – किताबघर प्रकाशन, दरियागंज, नईदिल्‍ली)

Tuesday, April 29, 2008

बापू कैद में (व्यंग्य नाटक) -सात

गतांक से आगे...
दृश्य-पांच
(छाया मंच पर प्रकट होती है और फ्लैश लाइट उस पर केंद्रित हो जाती है)
छाया :
दोपहर होते-होते मैं समाधि स्थल पहुंच गया था, लेकिन बापू वहां नहीं थे। चिंताग्रस्त मैंने उन्हें इधर-उधर खोजा, मगर बापू का कहीं पता न था। आखिरकार समाधि स्थल पर ही बैठा-बैठा मैं उनका इंतजार करने लगा।
(मंच पर संध्याकालीन दृश्य, तभी लाठी टेकते-टेकते हारे थके से बापू का मंच पर प्रवेश)
मुन्नालाल (जिज्ञासा व चिंता भाव से) :
अरे! बापू कहां गायब हो गए थे।
बापू (बात टालने के उद्देश्य से) : कहीं... नहीं, बस यूं ही निकल गया था।
मुन्नालाल (झुंझलाहट में) : बापू...?
बापू (कृत्रिम क्रोध व्यक्त करते हुए) : मुन्नालाल...! जिद्द मत किया कर ...मुझे अकेला छोड़ दे।
मुन्नालाल (समझाने के भाव से) : बापू यह जिद्द नहीं है। ...बात समझ, चुनाव का दौर है, यूं ही तेरा अकेले कहीं जाना ठीक नहीं है।
बापू (कृत्रिम क्रोध व्यक्त करते हुए) : तू नहीं सुधरेगा!
मुन्नालाल (सहज भाव से) : ...बिलकुल नहीं, बापू!
(बापू मुन्नालाल को पूरे दिन की कहानी सुनाते हैं)
मुन्नालाल (चितिंत स्वर में) :
देख मैंने कहा था ना, अकेले कहीं मत जाना। ...जिद्द मैं नहीं तू करने लगा है, अब बापू! ठीक है बापू, जो हुआ सो ठीक है, अब चुनाव समाप्त होने तक बस समाधिस्थ ही रह। ...देख कहीं जाने का मन करे भी तो अकेले मत जाना।
बापू (आग्रह भाव से) : ...नहीं-नहीं पुत्र ..एक बार दूसरी पार्टी वालों के कार्यालय भी जाकर देख लूं।
मुन्नालाल (आदेशात्मक भाव से) : नहीं बापू ...बिलकुल नहीं, ...कहा ना चुनाव तक समाधिस्थ रहने में ही भलाई है...।
बापू (विनीत भाव से) : ...हर्ज क्या है, पुत्र! वे मेरे राम के भक्त हैं। हां, अब तो मुझे राष्ट्रपिता भी मानने लगे हैं। स्वदेशी के भी खूब नारे लगाते हैं। सुना है पुत्र मेरी लाठी भी उन्हीं के पास है। टोपी का भी सम्मान करते हैं...।
मुन्नालाल (झुंझलाते हुए) : हाँ, सफेद नहीं, बस काली...!
बापू (मुसकराते हुए) : ...इससे फर्क क्या पड़ता है, काली हो या सफेद। टोपी आखिर टोपी है, पुत्र।
मुन्नालाल (बापू की मंशा भांपते हुए) : ठीक है बापू, नहीं मानता तो ...मगर मैं साथ चलूंगा। कल सुबह जब तक मैं न आ जाऊं तब तक कहीं मत जाना।
बापू (सहज भाव से) : ठीक है, पुत्र!
मुन्नालाल : ...अच्छा, प्रणाम बापू , मैं चलता हूं। तू भी आराम करले। (चलते-चलते) ठीक है, मैं सुबह ही आ जाऊंगा!
(प्रात: मंच पर साउथ ब्लाक और नार्थ ब्लाक के मध्य राजपथ का दृश्य। सामने राष्ट्रपति भवन का विशाल द्वार। राजपथ पर लाठी के सहारे बापू अकेले ही धीरे-धीरे राष्ट्रपति भवन की ओर जा रहें हैं। राष्ट्रपति भवन के पास एक सिपाही उनका रास्ता रोकता है)
सिपाही (कड़क आवाज में) :
कौन है, बे। मूँ ठाए किंघह जारा?
बापू (विनम्र भाव से) : पुत्र, मैं बापू हूं...।
सिपाही (व्यंग्य भाव से ) : अच्छाऽऽऽ! ...ससुर, म्हारा बाप है। या ई त मुसीबत है, ससुर इस छेत्तर की डूटी में, इंघह जो भी आवै है, म्हारा बाप ही आवै। चल तू भी म्हारा बाप ही सही, पर जे तो बता तू है कौन, तेरा कुछ नाम पता भी है कि बस म्हारा बाप ही सै?
बापू (पूर्व भाव से) : ...पुत्र, पहचाना नहीं, मैं राष्ट्रपिता, गांधी...।
सिपाही (ठहाका लगाते हुए) : लै भाई, इब तै हद है गई। इब तक तै मेरा ई बाप बनै था। इबजा पूरे रास्टर का बाप बन गिया। बड़ा बेरूपिया लागै कोई!
बापू (पूर्व भाव से) : हाँ-हाँ, पुत्र राष्ट्रपिता!
सिपाही (हँसते हुए) : ...धत्, कैसा रास्टरपिता! औलाद लाल बत्तीन की गाड़ी मै हांडे अर बाप पाँव-पाँव ...ना बाबा ना नोकरी तो मैन्ने अपनी लुगाई तै भी जादा प्यारी लाग्गै। अग्गै जावै की इजजजत कतई ना दूँ! ...अच्छी तू खिसक यहां तै।
(बापू आगे की ओर पाँव बढ़ाते हैं)
सिपाही (कड़क आवाज में) :
अरे ओ म्हारे बाप, रास्टरपति भवन की ना, बापसी की बस पकड़ लै, बापसी की।
बापू (रुक कर विनीत भाव से) : मेरा यकीन कर पुत्र, मैं राष्ट्रपिता...!
सिपाही (दया भाव दिखलाते हुए) : ...चल ससुर तेरा अकीन करलूँ, तू रास्टरपिता ही सै, पर रास्टरपति तै ना। ...आज के जमानै में ससुर पतिन अर पतनियों के सामने पितान नै कौन पुच्छै? (डंडा हवा में घुमाते हुए) अच्छा तू जे बता, तेरे बरगी जनपथी जीव नै राजपथ पै एंटरी किस बवले ने दे-दी। (सिर खुजलाते हुए, धीरे से) जरूर कोई बावला दरोग्गा खड़ा होग्गा एंटरी पै, पर बावला तो कौना। जरूर पीसे ले कै एंटरी दी होग्गी।
बापू : नहीं, पुत्र मेरे पास पैसे कहाँ?
सिपाही (झिड़कते हुए) : मैं रिसवतखोर ना सै ...चल फूट इंघह ते। (बीड़ी में कश खींचते हुए) अच्छा सुन, तैनै नाम तो बाताया ही ना, नाम के है तेरा?
बापू (पुन: समझाते हुए) : ...पुत्र, मैं महात्मा गांधी ...मोहन दास वल्द करम चंद गांधी ...मोहन दास करम चंद गांधी।
सिपाही (क्रोध में) : सुबै-सुबै खोपड़ी खराब ना कर! ...इतने अच्छर तो अब हम भी बाँच लेवे हैं। (बीड़ी का लंबा एक कश खींचने के बाद ) हम कैह वै हैं ना, ससुर तू गांधी होत्ता तो भैं-भैं करती लालबत्ती की गाड़ी में ना आत्ता! (मुँह बिचकाते हुए) धत्त! तेरी नाक मै रस्सी!
बापू (आग्रह भाव से) : पुत्र मेरा यकीन कर मैं गांधी ही हूँ!
सिपाही (डंडे से सिर खुजलते हुए अपने-आप से) : ...हूँ, हुलिया तै गांध्धी जैस्सा ई, नाम भी वा ई बतावै। हो सकै, भाई वाई हो! ...चल कौना टैम तो पास कर ई लैं!
(सिपाही ने हाथ पकड़ बापू को नार्थ ब्लाक के चबूतरे पर बिठाया और दूसरी बीड़ी सुलगाई कुछ देर सोचने के बाद)
सिपाही (गंभीर मुद्रा में) :
...हुलिया तै तो तू असल मै गांध्धी सा ही लग्गै। पर पता है, जे राजपथ सै, राजपथ, इंघह गांध्धीगरदी मचाते खद्दरधारी बेरूपियां भी कम ना फिरैं। ...अर इंघह जौ भी आवै, ससुर अपने कू गांध्धी का सगा भतीज्जा ही बतावै। पर तू तो अपने को सीध्धे गांध्धी ही बता रिआ...! (बापू के चेहरे पर अपनी निगाह गड़ा कर) हांऽऽऽ लाग्गै खोपड़ी ठीक काम कर री सै, तू तै असली गांध्धी बाप्पू सा ही लाग्गै। (कुछ देर रुकने के बाद) अच्छा सच्ची-सच्ची बता गांध्धी ही सै?

बापू (गंभीर भाव से) : सत्य ही बोल रहा हूँ, मैं गांधी ही हूँ।
सिपाही (बीड़ी चबूतरे की मुंडेर से रगड़ विनम्र भाव से): ...चल मान लेंऊ तू गंध्धी ही सै। पर मेरी - तेरी कौन सुनै इस राज मै...? (कुछ देर चुप रहने के बाद पुन:) मेरे बाब्बा ने भी तेरे संग आजद्दी की जंग लड़ी थी। वा तेरी बहादुरी किस्से खूब सुनावै था। (गीली आँख पोंछते हुए) मैं भी तुझै खूब प्यार करूं! ...पर तू जे बता राजघट छोड़ इंघह क्यूं धख्खे खारा, भाई?
बापू (सहज भाव से) : चुनाव का टिकट लेने के लिए अशोक रोड़ के दफ्तर जा रहा था। रास्ता भटक गया इसलिए इधर निकल आया।
सिपाही (जोर का ठहाका लगाते हुए) : टिकस ...चुनाव...! ई का अंघाई सूज्जी, तैनै!
बापू (सहज भाव से) : हाँ, पुत्र चुनाव के लिए टिकट, मगर इसमें हँसने की क्या बात है?
सिपाही (भावुक होते हुए) : हूँ... हसूं ना तो के रोऊं ...मेरा बाप्पू टिकस माँगने चला! इबजा या उमर मै नेतागरदी...!
(आंखों में आया पानी फिर पोंछा) हूंऽऽऽ, टिकस! क्यूं बावला हो रिआ, बाप्पू? ...तेरा मारग अब कुर्सी तक तो के राजपथ तक भी ना ला सकै है। ...फिर, कौन ससुर तन्नै टिकस देग्गा?
(बापू बड़े ध्यान से बात सुनते-सुनते उसके चेहरे के भाव पढ़ रहे थे)
बापू (समझाने के लहजे में) :
ऐसा तो नहीं है, पुत्र! ...कि कोई भी टिकट ना दे...!
सिपाही (आसमान की ओर मुंह उठाकर कुछ सोचते हुए, मध्य ही में) : ...अच्छा तू बता, रास्टरपती भवन अर या संसद के आसपास तेरे नाम का कोई मारग है के...?
बापू : ...नहीं पुत्र!
सिपाही : ना है, ना! (लंबी सांस लेते हुए) तेरा मारग कुर्सी तक ले जात्ता तो नेड़े-धौरे की किसी सड़क पै तेरे नाम का पत्थर भी लगा होत्त, है ना? ...बाप्पू! (विराम) तेरा मारग इबजा सत्ता की ओर ना, दिल्ली सै बाहर की राह दिखवै। या ई लईयां तेरे नाम का मारग दिल्ली के बाहरी इलक्के मै सै, वाई पै तेरे नाम का पत्थर लगा सै। ...बस पड़ा रह इक तरफा, अर दिखाता रै जमना पार की राह!
बापू (सहज भाव से) : ...हाँ!
सिपाही (इंडिया गेट की और संकेत करते हुए) : ...अर हाँ, वो इंडिया गेट देखरा है ना!
बापू (इंडिया गेट की ओर देख कर) : हाँ...!
सिपाही (क्षुब्ध भाव से) : किसी बावले ने अंग्रेज का बुत हटा कै तेरा बुत लगाने की बात कर दी। पर साल्लों बीत गिए, तेरे चेल्लों ने लगनै ना दी..!
बापू (मध्य ही में) : ...क्यूं भाई?
सिपाही (क्षुब्ध भाव से) : ...या लई यां कि तुझे इंडिया गेट पै खड़ा कर दिया तै नवे गांध्धियों की बैल्यू घट जावैगी। ...फिर तुझे टिकस दे कै कौन ससुर अपने पांव मैं कुलाड़ी मारवा चावैगा! ...कतई ना होवै!
बापू (सफाई देते हुए) : टिकट लेने नहीं आया, टिकट के बहाने लोकतंत्र का हाल देखने आया था। अकबर रोड वाले तो कल देख लिए थे। सोचा आज अशोक रोड वालों को भी देख लूं। सुना है राष्ट्रवादी विचारधारा के हैं, मेरा भी बड़ा सम्मान करते हैं।
सिपाही (झुंझला कर) : ...के देख्खेगा? जैसे अकबर वाल्ले, वैसे ही अशोक वाल्ले! ...बस सकल-सूरत का अंतर सै!
बापू (विनय भाव से) : मगर एक बार देख लेने में हर्ज क्या है?
सिपाही (झुंझलाहट और दया के मिश्रित भाव से) : ...बे-बात अपने हाड़न नै मुसीबत मै क्यूं डाल्लै! ...ले इंघह बैठ्ठा-बैठ्ठा ई मैं तन्नै सब दिखा दूं। (एक लंबी सांस ली और प्यार से बापू का हाथ अपने हाथ में लेकर) ले तैन्नै असल बात बताऊं। ...बुरा मान्नै तै मान जाइओ! (रुक कर झटके के साथ) तेरा कोई सम्मान-वम्मान ना करै सै। सब के सब दुकानदार सै, दुकान चलांवै हैं। तेरे नाम की सकीम चला कै ससुर सब अपना-अपना सौद्द बेंचै हैं, ''गांध्धी छाप बीड़ी के बंडल के साथ इनामी कूपन मूफत में'' हां बिलकुल या ई तरज पै। ...तेरे नाम की सकीम अभी जनता में चल जावैं है ना, यां ई लई यां बखत-जरूरत पड़ने पै तेरा नाम ले ले वैं हैं। ...ना तै तेरे जैसे जनपथी जीव कू कोई राजपथी वाला ना पुच्छैं।
बापू : मगर पुत्र, सुना है अशोक रोड वालों ने मेरा स्वदेशी का सिद्धांत भी अपना लिया है...?
सिपाही (आंखें पोंछी, बीड़ी सुलगाई और खिन्न भाव से हंस कर बोला) : ...असोका रोड वालों की सुदेसी! कौन ससुर तेरी तरै ढाई गज की धोत्ती लपेट्टें फिरै है? ...कौन तेरी तरै टायर सोल की चप्पल पहन घूमता फिरै? (लंबी सांस खींचते हुए) अरे, बाप्पू! सब के सब खीमखाफ का सपारी सूट लटकाए फिरें हैं, रिबक के जूत्ते पहनै, अर विदेस्सी गाड़ी में घूम्में, अर बात करैं सुदेसी की। सब के सब ससुर बात्तन का खावैं हैं। ...कोरी बात्तन का। (चेहरें पर घृणा व रोष के भाव एक साथ लाते हुए) अकल मैं धंसी के होर बात बताऊं उनकी।
बापू : मगर पुत्र मेरे राम पर तो वे अपनी...?
सिपाही (ठहाके के साथ मध्य ही में) : ...राम- तेरा राम! ...या भी तू गलत ही सोच रा! ...राम भौत जपैं सै! कतई ना बगल मै छूरी ले कै राम-राम करैं सै ...तेरे नाम की तरै, ससुर राम के नाम की भी दुकानदारी चला रें सै। इनन नै भगवान कू भी ना बख्शा। वाए भी बेच लिया, तेरी के बिसात! (एक क्षण के मौन के बाद) बेचेंग्गे जब तक बिकेगा, बेचेंग्गे। जब ना बिकेगा तब तेरा अर तेरे राम का नाम फुट्टें मूं ते भी ना लें। ...अर एक बात होर सुनले, किसी भैकावे में ना रहिओ। तेरे अर तेरे भगवान के नाम की दुकनदारी जिस दिन बंद है जागी। दिके तेरे चेल्ले तुम दोनों की फोट्टो कच्ची दिवाल के आले में भी ना सजावैं, दिल की बात तो दूर की! ( बापू ने गौर से सिपाही को देखा। सिपाही ने बापू का हाथ सहलाया। जली बीड़ी फैंकी, नई बीड़ी अंगुलियों के बीच रगड़ता हुआ घृणा भाव से बोला) इबजा बता, वां जाक्कै करेग्गा आतमहतया। करनी है तो , जा चला जा ...! (सिपाही की आंखों का पानी सीमाएं लांघ चेहरे तक आ गया। उसने दोनों हाथों से आंख और चेहरे को रगड़ा और रुंधे गले से बोला।) जाऽऽऽ चला जा, देखिया! अकबर रोड ते तो परसाद ले लिया, इबजा असोक रोड तै भी लिया! ...कर ले आतमहतया, मेरा के है? मैं भी भीग्गी आंखान तै थाण्णें में एक पर्चा दाखल कर दूंगा। अगियात एक फकीर ने आतमहतया कर ली।
(सिपाही के भाव देख बापू की आंखें भी नम हो गई। दोनों ने एक-दूजे को निरीह भाव से निहारा। एक मौन अंतराल के बाद मुसकराने का प्रयास किया) मैं समझ गिया रे बापू, राजघाट ते तेरा मन उचाट हो गिया। ...या ई लई यां तुझ्झै टिकस ले वै का उदमाद सुझ्झा। ...हां, इंसान कब तलक अकेला पड़ा रह सकै। (रुक-रुक कर) को ना, चल तू मेरी गैल म्हारे घर चल। ...मुझे लागेगा जैसे मेरा बाब्बा जिंदा है गिया। जात्तकों के साथ खेल्लेगा, तो मन बहल जावेगा। ...जात्ताकों नै आजाद्दी के किस्से सुनाइयों। कहवैं हैं ना, जात्तक का मन कौरी सलेट होवै है। हो सकै है, तेरी बात उनकी सलेट पे उतर जावै। ...अर आज ना सही, कल उनमें तैं कोई सच्चा रास्टरवाद्दी बन जावै। आज ना सही देस का कल सुधर जावै। (बापू का हाथ पकड़ अधिकार पूर्ण आग्रह के साथ) रंज ना कर, चल उठ मेरे साथ चल।
बापू (विनीत भाव से) : नहीं पुत्र, आज नहीं, आऊंगा एक दिन तेरे घर अवश्य आऊंगा।
(लाठी टेकते हुए बापू विजय चौक की तरफ चलने लगे)
सिपाही (बापू की मंशा भांपते हुए) :
ठीक है बाप्पू, जैसी तेरी इछ्छा। ...चल तुझे जनपथ तक तै छोड़ आऊं। रास्ते में कहीं लोकतंतर का असली पहरेदार मिल गिया तो अबैध हथियार रखने के जुरम में अंदर कर देग्गा। चल, पर दिके इक बार म्हारे जैसेन के घर जरूर आईओ...।
(बापू का हाथ पकड़ कर सिपाही उन्हें जनपथ की ओर ले जाता है)
(कल : बापू कैद ...जारी)