Sunday, April 27, 2008

बापू कैद में (व्यंग्य नाटक) -पांच


गतांक से आगे...
दृश्य दो
(मंच पर छाया प्रकट, फ्लैश लाइट उस पर केंद्रित)
छाया :
बापू को आराम करने की सलाह दे कर मैं घर लौट आया, मगर रात भर सौ न सका। यह सोच-सोच कर करवट बदलता रहा, बापू आखिर किस हाल में होंगे। बापू रात भर सौ न पाए होंगे। वे लोकतंत्र और लोकतंत्र के वाहक नेताओं को लेकर रात भर चिंतित रहे होंगे और मैं बापू की चिंता को लेकर चिंतित रहा। भोर हुई और मैं फिर बापू के चरणों में जा बैठा। बापू को प्रणाम किया हाल-चाल पूछा और उनके कहने पर उन्हें लोकतंत्र और उसके कथित शिष्यों की हकीकत से रू-ब-रू कराने एक पार्टी के कार्यालय ले गया।
(छाया मंच से अंतर्धान। बापू और मुन्नालाल रास्ते में)
बापू (उत्सुकता के साथ) :
पुत्र, यह क्या! ये लोग क्यों चिल्ला रहे हैं? क्या कष्ट है, इन्हें?
मुन्नालाल ( सहज भाव से) : बापू, यह लोकतंत्र का जुलूस है।
बापू (क्षुब्ध भाव से) : ...फिर वही, लफ्फाजी! ...अवश्य सत्याग्रही होंगे!
मुन्नालाल (बात पर बल देते हुए) : सत्याग्रही नहीं बापू! ...जुलूस ही है।
बापू (आश्चर्य से) : ...लोकतंत्र का जुलूस, पुत्र! ...अभी से! क्या लोकतंत्र ऐसी स्थिति में आ गया है?
मुन्नालाल (मुसकराते हुए) : ...अभी से नहीं बापू! तेरे समाधिस्थ होने के तुरंत बाद से ही।
बापू (पूर्व भाव से) : ...किंतु पुत्र..!
मुन्नालाल (बापू का हाथ पकड़) : ...किंतु-परंतु छोड़ बापू। अभी जुलूस देखा है, अब लोकतंत्र का तमाशा दिखलाता हूं!
(मुन्नालाल व बापू दोनो पार्टी कार्यालय परिसर में। पार्टी कार्यालय परिसर में टिक्टार्थियों की भीड़ है। अलग-अलग समूह में एकत्रित लोग आपस में बातें कर रहे हैं। वरिष्ठं किस्म के नेता पार्टी कार्यालय के अंदर-बाहर आ-जा रहे हैं। कार्यकर्ता अपने-अपने नेताओं के समर्थन में रुक-रुक कर नारे लगा रहें हैं।)
बापू (उत्सुकता से) :
...और यह भीड़, पुत्र!
मुन्नालाल (सहज भाव से) : ...टिकट लेने वालों की भीड़ है, बापू।
बापू (फिर उत्सुकता से) : कैसा टिकट? ..किसका टिकट, किसी सरकस का?
मुन्नालाल (मुस्कराते हुए) : ...हाँ, सरकस का!
बापू (पूर्व भाव से) : ...मगर मुझे, यहाँ क्यों लाया पुत्र?
मुन्नालाल (व्यंग्य भाव से) : सरकस दिखलाने...!
बापू (मध्य ही में) : ...मजाक न कर, पुत्र! साफ-साफ बता!
मुन्नालाल : ...बता तो रहा हूँ। सरकस दिखलाने, लोकतंत्र कासरकस!
बापू : समझा नहीं, पुत्र। ...लोकतंत्र ..लोकतंत्र का सरकस ...टिकट? ..क्या झमेला है?
मुन्नालाल ( मुसकराते हुए) : समझने की कोशिश कर। ...ये सभी राष्ट्रभक्त हैं, आज के भामाशाह, बापू। राष्ट्रसेवा करने के लिए टिकट मांग रहें हैं।
बापू (आश्चर्य से) : राष्ट्रसेवा के लिए भी टिकट, पुत्र! ...राष्ट्रसेवा के लिए भी टिकट की आवश्यकता?
मुन्नालाल (व्यंग्य से) : हां, बापू! आवश्यकता है! ...मांग जब आपूर्ति से ज्यादा हो जाए तो टिकट लगाना लाजिम हो ही जाता है और जब उससे भी काम न चले तो टिकट की नीलामी करनी पड़ती है।
बापू (हर्ष व्यक्त करते हुए) : राष्ट्रसेवा का ऐसा जज्बा तो स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भी देखने को नहीं मिला! ..धन्य है, भारत माँ तू और तेरे ये सपुत्र। ..मगर पुत्र तू उन्हें भामाशाह क्यों कह रहा है?
मुन्नालाल (बापू के अंदाज में) : यह बता दिया तो फिर कहेगा, 'धन्य है, भारत माँ तू और तेरे ये सपुत्र। ऐसे भामाशाह तो महाराणा प्रताप के समय भी नहीं थे।'
बापू (उत्सुकता व्यक्त करते हुए) : ...मगर क्यों पुत्र?
मुन्नालाल : ...क्योंकि ये तेरे राष्ट्रभक्त टिकट भी नीलामी में ले रहे हैं!
बापू (संशय व्यक्त करते हुए) : ...नीलामी! मगर क्यों?
मुन्नालाल : यहाँ भी वही माँग- आपूर्ति का सिद्धांत..!
बापू (क्षुब्ध भाव से) : ...मुझे विश्वास नहीं होता!
मुन्नालाल : ...विश्वास नहीं होता, चल तुझे उन्हीं से मिलवा देता हूँ। तू खुद समझ जाएगा। .. तब तुझे विश्वास हो जाएगा।
(मुन्नालाल एक-एक कर टिकट के उम्मीदवार कुछ नेताओं से बापू को मिलवाता है।)
मुन्नालाल :
बापू इन से मिल, ये शर्मा साहब हैं। ...टिकट के लिए शर्मा जी ने पचास लाख तक की बोली लगा दी है। इससे भी आगे बढ़ने का इरादा रखते हैं। ...चुनाव में चार करोड़ खर्च करने का वायदा कर चुके हैं।
बापू (आश्चर्य से) : ...इतना रुपया, मगर कहाँ से?
मुन्नालाल (मुसकराते हुए) : कभी लाटरी का धंधा करते थे, आज सट्टा और जुआ खिलवाकर जनता की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर रहे हैं। ये राष्ट्रसेवा को भी जूआ का ही खेल मानते हैं...।
बापू (मध्य ही में आश्चर्य से) : ...किंतु पुत्र, दोनों साधन तो अपवित्र हैं! सट्टंा और जूआ खेलना तो पाप है ...उसकी कमाई राष्ट्रसेवा में?
मुन्नालाल (पूर्व भाव से) : ...किंतु साध्य तो पवित्र है। फिफटी -फिफटी ही सही, कुछ तो पवित्र है!
बापू (क्षुब्ध भाव से) : नहीं, पुत्र-नहीं, साधन और साध्य दोनों की पवित्रता आवश्यक है।
मुन्नालाल (मुसकराते हुए) : ...इनका हृदय परिवर्तन हो गया है, अत: सट्टें की कमाई को राष्ट्रसेवा में निवेश करने की इच्छा रखते हैं। इसमें हर्ज क्या है बापू!
बापू (पूर्व भाव से) : नहीं, नहीं पुत्र..!
मुन्नालाल (मध्य ही में) : ...अधीर न हो बापू! देखता जा..आ तेरा दूसरे भामाशाह से परिचय करता हूँ।
(शर्मा जी से मिलवाकर मुन्नालाल बापू को एक अन्य नेता के पास ले जाता है)
मुन्नालाल (परिचय कराते हुए) :
बापू, इनसे मिल, ये सुराना साहब हैं। बहुत बडे़ व्यापारी हैं।
सुराना (हाथ जोड़ कर अभिवादन करते हुए) : ...जी बस मैं तो सेवक हूँ, राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया है।
मुन्नालाल (विनम्र भाव से) : ...क्या उम्मीद है?
सुराना (विश्वास के साथ) : उम्मीद तो पक्की है, किंतु दलाल साहब का पलड़ा भी कम भारी नहीं है।
(सुराना साहब के नाम की आवाज लगती है और तेज कदमों के साथ सचिव के कमरे के कमरे का ओर बढ़ जाते हैं। आशीर्वाद के लिए बापू का हाथ आसमान की ओर उठता है)
मुन्नालाल : ...आशीर्वाद जाया न कर बापू। इनकी भी तो कैफियत सुन!
बापू (सहज भाव से) : ...मगर सुरानाजी तो भले आदमी जान पड़ते हैं, पुत्र!
मुन्नालाल (व्यंग्य भाव से) : हाँ, भले आदमी तो हैं! ...बेचारे कबाड़ी का धंधा करते-करते अब राजनीति को कबाड़ में तब्दील करने का व्यापार करने लगे हैं।
बापू (आश्चर्य से) : क्या मतलब?
मुन्नालाल (समझाते हुए) : बहुत जल्दी धैर्य खौ बैठता है, बापू! ...सुन, टिकट के लिए अब तक सबसे बड़ी बोली इन्हीं की है। किंतु हाईकमान ने अभी हाँ नहीं की है, इसलिए बोली अभी और बढ़ने की उम्मीद है।
बापू (क्रोध व्यक्त करते हुए) : फिजूल की बात! देख, सामने देख पार्टी का नाम पढ़ 'समाजवादी पार्टी' आगे पढ़ 'सामाजिक न्याय, समता, सुचिता, पारदर्शिता!' क्या एक भी चरित्रवान चेहरा नहीं है? ...कभी-कभी बहुत नेगेटिव हो जाता है।
मुन्नालाल (रहस्यमयी मुद्रा में) : ...अच्छा ले इनसे मिल, बहुत पॉजेटिव आदमी हैं! .. सिंह साहब हैं, समाजवादी विचारधारा के अनुयायी हैं। शराब की तस्करी इनका धंधा है। बहुत दयालु प्रकृति के हैं। ...धंधे में टांग अड़ाने वाले कई महानुभावों की आत्माओं का मिलन परमात्मा से करा चुके हैं।
बापू (चौंकते हुए) : हिंसा... !
मुन्नालाल : ..फिर वही घिसे-पिटे जुमले! अरे बापू, सिंह साहब के भी हृदय का डायलेसिस हो चुका है, अत: राष्ट्रप्रेम जागृत हो गया है। ...इनके लिए राष्ट्रसेवा के सामने संपूर्ण धन बे-धन है। अर्थात कोई कीमत नहीं रखता।
बापू (क्षुब्ध भाव से) : अब लौट चले पुत्र!
मुन्नालाल : ...बस, राष्ट्र के एक और महान सेवक से मिललें, फिर चलते हैं!
बापू (पूर्व भाव से) : चल ठीक है... !
मुन्नालाल (हाथ जोड़ कर अभिवादन करते हुए) : ...ये दलाल साहब हैं, दिन-रात जनता की सेव में लगे रहते हैं।
दलाल साहब (अभिवादन की औपचारिकता पूरी कर मुस्कराते हुए) : आप...?
मुन्नालाल : ...ये महात्मा गांधी हैं।
दलाल साहब (उपेक्षा भाव के साथ) : अच्छा...!
(मुँह फेर कर दलाल साहब वहाँ से चले जाते हैं)
मुन्नालाल (क्षुब्ध भाव से) :
दलाल साहब के नखरे देख, बापू!
बापू (सहज भाव से) : कोई बात नहीं पुत्र, कोई काम याद आ गया होगा, जल्दी में हैं।
मुन्नालाल (मुसकराते हुए) : हाँ, बेचारे अतिव्यस्त हैं, दलाली करते हैं,ना!
बापू (पूर्व भाव से) : ...छोड़, पुत्र! ...इनकी कैफियत बता।
मुन्नालाल (पूर्व भाव से) : हाँ, ले बापू, इनकी भी कैफियत सुन। देश के अग्रणी नेताओं में से हैं!
बापू (पूर्व भाव से) : ...लगता तो है!
मुन्नालाल (क्षुब्ध भाव से) : हाँ, सो तो है! ...गाय-भैंसों की दलाली करते-करते राजनीति की पैंठ में उतर आए हैं। राजनैतिक हलकों में इनका बड़ा नाम है, बड़ा आदर है। सरकार बनाना-गिराना इनके बांए हाथ का खेल है। जनप्रतिनिधियों की खरीद-फरोख्त और गाय-भैंसों की दलाली इनके लिए समान है।
बापू (नाक-भौं सिकोड़ते हुए) : छी-छी-छी, ऐसा आदमी और राजनीति में। तरक्की का कारण...?
मुन्नालाल (कृत्रिम गंभीर भाव के साथ) : तरक्की? ...अरे बापू, जितना गुड़ डालोगे उतना ही मीठा होगा! यही इनकी तरक्की का मूल मंत्र है, यही आदर्श। ...पैसा इनके लिए हाथ का मैल है।
बापू (क्षुब्ध भाव से) : हे राम, हे राम! क्या इनका भी हृदय-परिवर्तन..?
मुन्नालाल (जोर से हँसते हुए) : हाँ, बापू! दलाल साहब भी परिवर्तित हृदय वाले हैं!
बापू (आश्चर्य व्यक्त करते हुए) : अच्छा...!
बापू (क्षुब्ध भाव से) : हृदय परिवर्तन तो ठीक है.. मगर साध्य और साधन की पवित्रता, पुत्र?
मुन्नालाल (खिन्न भाव से) : ...डेंगू के कारण मौत हो गई।
बापू (जिज्ञासा व्यक्त करते हुए) : मगर महाराणा प्रताप...?
मुन्नालाल (पूर्व भाव से) : महाराणा प्रताप! ...उस ऊदबिलाऊ की खोज में जंगल-जगंल भटक रहा है, जिसने उसके पुत्र के हाथ से घास की रोटी का टुकड़ा छीन लिया था।
(बापू ने क्षुब्ध भाव से मुन्नालाल की ओर देखा)
मुन्नालाल (पूर्व भाव से) :
...बापू चलें या अभी और?
(लाठी टेकते-टेकते बापू का खिन्न भाव के साथ राजघाट की तरफ प्रस्थान। मुन्नालाल भी उनके पीछे-पीछे चल देता है।)
(कल : बापू का टिकट के लिए आवेदन ...जारी)
संपर्क- 9868113044

Saturday, April 26, 2008

बापू कैद में (व्यंग्य नाटक) -चार

(गतांक से आगे...)

भाग-दो
दृश्य-एक
(फ्लैश लाइट मंच के केंद्र पर फोकस और इसी के साथ छाया प्रकट होती है)
छाया (करुण स्वर में, रुक-रुक कर) : .
..ठहरिए, अभी मत जाइए। बापू के आदर्शो, सिद्धांतों के परिहास की कहानी अभी समाप्त नहीं हुई है। यह तो शुरूआत थी, एक बानगी थी। विस्तृत कहानी तो अब शुरू होगी। (कुछ देर रुकने के बाद) अभी तो आपने बापू के ही नाम पर बापू के आदर्शो को नीलाम होते देखा है। उनके आदर्शो की हत्या होते देखा है। बापू को नीलाम होते अभी कहां देखा है? .. हां, हां, मैं सत्य कह रहा हूं। बापू की बोली लगती है, सरे बाजार, क्योंकि उनकी नजर में बापू कोई प्राणी नहीं, एक ब्रांड है, ...हाँ ब्रांड है! देश के सौदागरों की निगाह में। ...प्राणी होता तो भी क्या था, सौदागर तो सौदागर हैं। क्रय-विक्रय उसकी प्रकृति है। व्यापार में जीव-निर्जीव, अपने-पराए का भेद नहीं किया जाता, इसलिए बापू को भी नीलाम किया जाता है। ...बापू पर कब्जा जमाने के सरेआम दावे किए जाते हैं, उसका अपहरण किया जाता है। क्योंकि उनकी निगाह में बापू 'बापू' नहीं एक अचेतन पदार्थ है, एक पिण्ड है। एक ऐसा पिण्ड, लाठी के बल पर जिसका अपहरण किया जा सकता है।
(आँखों में आए आँसू पोंछ अपने को संयत करते हुए) ...ठहरिए, जनाब! मैं ने कहा था ना कि बापू कैद में हैं। वही कहानी अब मैं आपको सुनाने जा रहा हूं। आओ, आपको बापू समाधि राजघाट लिए चलता हूं।
(सिर पर हाथ फेर कर कुछ याद करने का प्रयास करते हुए बोलना शुरू किया) ...इस कहानी की शुरूआत एक फरवरी की सुबह से होती है। लगभग एक सप्ताह पूर्व ही आम चुनाव की घोषणा हुई थी। राजनैतिक हलकों में भी चहल-पहल शुरू हो गई थी। राजनैतिक हलचल से बापू को अवगत कराने के उद्देश्य से उस दिन सुबह ही सुबह मैं राजघाट पहुंच गया था...।
(छाया मंच से अदृश्य। मंच पर पुन: बापू समाधि का दृश्य)
बापू (आश्चर्य व्यक्त करते हुए) : अरे, मुन्नालाल! तू फिर, कोई पाप-पुण्य तिथि आ गई क्या?
मुन्नालाल (हँसते हुए) : ...नहीं बापू आज नहीं, मगर आने वाली है। जानकारी देने आया था।

बापू (मुसकराते हुए) : ...तुझ पर अब विश्वास नहीं रहा पुत्र! अवश्य कोई नई खुराफात सूझी होगी। ...खैर कोई बात नहीं, आ बैठ जा।

मुन्नालाल (क्रोध के क्रत्रिम भाव प्रकट करते हुए) : हकीकत बयान करने को खुराफात कहता है, बापू। ॥मैं खुराफाती हूं, तो ले चला जाता हूं।
(मुन्नालाल वापस लौटने का नाटक करता है। स्नेह से उसका हाथ पकड़ बापू अपने पास बैठाते हैं।)
बापू (आदेशात्मक लहजे में, मुसकराते हुए) :
...बैठ! छोटी-छोटी बात पर भी नाराज तो जिन्ना की तरह हो जाता है। .॥नारजगी थूक। अच्छा चल बता, क्या खबर है।

मुन्नालाल (अचंभित होते हुए) : अरे-रे-रे, देख बापू! ..देख तेरे भक्त आज फिर आ धमके। जरूर कोई...!
बापू (आश्चर्य व्यक्त करते हुए, मध्य ही में) : ...किंतु पुत्र आज न दो अक्टूबर है और न तीस जनवरी! फिर मेरे ये शिष्य मुझे घेरने क्यों आ रहे हैं?
मुन्नालाल (सहज भाव से) : अवश्य कोई आवश्यकता आन पड़ी होगी।
बापू (उत्सुकता दिखते हुए) : कैसी आवश्यकता, पुत्र?
मुन्नालाल (सहजभाव से) : ...हूं! यही तो खबर है, बापू!
बापू ( जिज्ञासा व्यक्त करते हुए) : ...क्या पुत्र? ...बोल-बोल, जल्दी बोल, फिर वे आ घेरेंगे।
मुन्नालाल ( रहस्यात्मक लहजे में, धीरे से) : चुनाव आ गए हैं ना, बापू।
बापू (व्यंग्य भाव से) : ...चुनाव, पुत्र! ..फिर मुझ से वोट माँगने आ रहे हैं क्या?
मुन्नालाल (हँसते हुए) : वोट! गलतफहमी न पाल बापू! ...कहते हैं, गलतफहमी पालना शेर पालने से भी ज्यादा खतरनाक होता है।
बापू (सहज भाव से) : ले नहीं पालता! किंतु, ये तो बता, गलतफहमी कैसे?
मुन्नालाल : तेरे पल्ले वोट हैं ही कितनी, जो तेरे पास आकर अपना वक्त खराब करेंगे।
बापू : अरे सभी के पास एक ही तो वोट होती है, वह मेरे पास भी है।
मुन्नालाल (हँसते हुए) : बस बापू यही तो गलतफहमी है! तू वोट देने नहीं जाएगा, तेरी वोट तो फिर भी पड़ जाएगी... !

बापू (मध्य ही में आश्चर्य से) : मगर, यह कैसे?
मुन्नालाल (उपेक्षा भाव से) : क्या करेगा जानकर! बता दिया तो फिर तेरे किसी आदर्श की हत्या हो जाएगी। खामोख्वां क्यों मन को रंज की भटं्टी में ढकेलता है। उन्हें जरूरत बस तेरे आशीर्वाद की है!
बापू (पुन: आश्चर्य से) : आशीर्वाद, पुत्र! ...मगर क्यों? ...चुनाव से आशीर्वाद का क्या संबंध?
मुन्नालाल (पूर्व भाव से) : संबंध है, क्योंकि तेरे ब्राण्ड में अभी जान है। ...इसलिए तेरा आशीर्वाद लेने की जरूरत है।
बापू (झल्लाते हुए) : तू साफ-साफ क्यों नहीं बताता, पुत्र! ब्राण्ड, आशीर्वाद पता नहीं क्या क्या बके जा रहा है।
मुन्नालाल (मुसकराते हुए) : साफ तो है! जनता आज भी तेरा सम्मान करती है। आशीर्वाद लेने का नाटक कर नेता तेरे नाम की दुहाई देंगे। जनता भोली है, तेरा नाम सुनते ही उनकी झोली में वोट डाल देगी।
(नेताओं के दो अलग-अलग समूह समाधि स्थल पर प्रवेश करते हैं और समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर हाथ जोड़ अलग-अलग दिशाओं में खड़े हो जाते हैं)
बापू (दया भाव से) :
देख, मेरे भक्तों को देख! ...उन्हें करबद्ध देख! ...देख, किस प्रकार याचक भाव से खड़े हैं!
मुन्नालाल (व्यंग्य भाव से) : हाँ, देख रहा हूँ और समझ भी रहा हूँ। ...चुनाव के समय ही तो याचक की मुद्रा में आते हैं, बाकी दिन तो..!
बापू (गंभीर मुद्रा में) : ...बाकी क्या? ...तेरे अंदर से पता नहीं ईर्ष्‍या भाव कब समाप्त होगा। ...ठीक है तो तू ठहर मैं उन्हें आशीर्वाद दे कर आता हूं।
मुन्नालाल (व्यंग्य भाव से) : ...सोच-समझ कर आशीर्वाद देना बापू... !
बापू (मुसकरा कर) : हाँ, हाँ, सोच लिया! ...आशीर्वाद तो देना ही है। निराश करना हिंसा भाव है। (शय्या पर लेटे-लेटे बापू दोनों पक्षों के नेताओं पर दृष्टिं डाल कर आश्चर्य से मन ही मन बोलते हैं) ...अरे! यह क्या? इधर के भी उधर के भी! कृष्ण के शयन कक्ष में जैसे दुर्योधन भी और अर्जुन भी ...एक साथ। ...मगर यह क्या, दोनों ही का रंग-रूप एक समान। (बापू ने स्वयं को संयत किया और दोनों ओर खड़े नेताओं से बोले) ...हे, राष्ट्र की धरोहर.. राष्ट्र पुत्रों कहो, यहां आने का कारण क्या है? क्या कोई संकट आन पड़ा है? ...कहो पुत्र, कहो?
नेता (एक सुर में) : महासंग्राम के लिए शंखनाद हो चुका है, बापू। संग्राम की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सेनाएं सजने लगी हैं...।
बापू (मध्य ही में व्यंग्य भाव से) : महासंग्राम! ...भीष्म पितामह के समान शरशय्या पर पड़ा तुम्हारा यह बापू , संग्राम में तुम्हारी क्या सहायता कर सकता है, पुत्रों?
नेता (विनीत भाव से) : ...खाली सिंहासन प्रतीक्षा में है, बापू!
बापू (आश्चर्य व व्यंग्य के मिश्रित भाव से) : सिंहासन मेरी प्रतीक्षा में!
नेता (पूर्व भाव से) : नहीं बापू! सिंहासन जानता है, आप राजनीति से संन्यास ले चुके हो।
बापू (पूर्व भाव से) : ...फिर?
नेता : मौन!
बापू (सहज भाव से) : अच्छा, समझा! सिंहासन खाली है! ...तो उस पर जा कर बैठ क्यों नहीं जाते, पुत्र!
एक अन्य नेता (विनय भाव से) : नहीं बापू, ऐसा नहीं है। संग्राम में जो विजयी होगा, वही सिंहासन का स्वामी होगा।
बापू (पूर्व भाव से) : ...विजयी!
नेता : ...जनता जिसके प्रति अपना विश्वास व्यक्त करेगी वही विजयी कह लाएगा।
बापू (मुसकराते हुए) : कैसा विश्वास... किसका विश्वास!
नेता (चेहरे पर विवशता का भाव लाते हुए) : जनता का विश्वास, बापू! ...लोकतंत्र में कानून यही कहता है।
बापू (पूर्व भाव से) : ...जाओ परस्पर सौदा कर लो। पदों का बंटवारा कर लो, पुत्र। ...गठजोड़ कर सत्ताजोड़ करो और सत्ता का सुखोपभोग करो। जनता तो भोली है, जैसा समझाओगे वैसे ही मान जाएगी। उसके पास दूसरा कोई विकल्प भी तो नहीं है, पुत्रों! जाओ ...सिंहासन खाली नहीं रहना चाहिए।
दूसरी तरफ का नेता : ...नहीं बापू, ...लोकतंत्र की मर्यादाओं का कुछ तो पालन करना ही होगा। संग्राम की औपचारिकताओं का तो निर्वाह करना ही होगा। ...अंत में सत्ताजोड़ तो अवश्यंभावी है ही...।
बापू : ...तो आदेश करो, पुत्रों! मैं तुम्हारे लिए क्या कर सकता हूं?
सभी नेता (एक सुर में) : ...बस आपके आशीर्वाद की इच्छा है, बापू।
बापू (आश्चर्य व्यक्त करते हुए) ..केवल आशीर्वाद!
नेता (एक सुर में) : ...हां, बापू! केवल आशीर्वाद ...शेष तो बस...!
(आशीर्वाद देने के लिए बापू ने ऊपर की ओर हाथ उठाए, मगर ठिठक कर रह गए)
बापू (मन ही मन ) :
विजयी भव का आशीर्वाद इनमें से किसे दूँ। ...इनमें कौन अर्जुन और कौन दुर्योधन? चेहरा-मोहरा छोड़ अन्य कोई भी तो अंतर नहीं दोनों पक्षों के सेना-नायकों में। कथनी-करनी समान, लहजा समान, रीति-नीति समान। मानों एक ही तस्वीर को अलग-अलग फ्रेम में सजा दिया गया हो। ...मुन्नालाल ठीक ही कहता है, हे राम, हे राम, हे राम...।
(आशीर्वाद दिए बिना ही बापू के दोनों हाथ पूर्व स्थिति में आ जाते हैं। हर्ष व्यक्त करते हुए सभी नेता बापू को प्रणाम कर चले जाते हैं। आश्चर्यचकित बापू उन्हें निहारते रह जाते हैं)
मुन्नालाल (आश्चर्य व्यक्त करते हुए) :
यह क्या बापू, दोनो ही को विजय का आशीर्वाद... !
बापू (पश्चाताप की मुद्रा में) : ...नहीं पुत्र! मैंने तो उनमें से किसी को भी आशीर्वाद नहीं दिया। मैं तो विचार ही करता रह गया कि विजय का आशीर्वाद उनमें से किसे दूं और क्यों? ...वे तो चले गए, शायद नाराज हो कर। ...याचक खाली हाथ लौट गए पुत्र, घोर अनर्थ!
मुन्नालाल : तू भी अजीब है, बापू। पल में गुस्सा, पल में पश्चाताप!
बापू (पूर्व भाव से) : हाँ पुत्र, मुझे क्रोध नहीं करना चाहिए था। ..क्या बिगड़ जाता, यदि मैं आशीर्वाद दे देता?
मुन्नालाल (कटाक्ष करते हुए) : ...दे देता बापू, मना किसने किया था।
बापू (पूर्व भाव से) : हाँ, पुत्र! मना तो किसी ने नहीं किया था, किंतु, ...तेरे प्रभाव में कभी-कभी कुछ ज्यादा ही आ जाता हूँ। तू बात ही ऐसी करता है।
मुन्नालाल (मुस्कराते हुए) : इच्छा तेरी ही नहीं हुई! दोष मुझे दे दिया।
बापू : मौन!
मुन्नालाल (पूर्व भाव से) : ...मगर, तू चिंता न कर बापू! तू दे या न दे, मगर वे तेरा आशीर्वाद लेकर ही गए हैं। वे नेता हैं, अपने-अपने पक्ष में तेरे आशीर्वाद के लिए भी कोई न कोई फार्मूला निकाल ही लेंगे।
बापू (आश्चर्य व्यक्त करते हुए) : ...वह कैसे पुत्र?
मुन्नालाल (सहज भाव से) : सुन बापू, जनता किसी एक दल के प्रति अपना पूर्ण विश्वास व्यक्त करे या न करे फिर भी उसके विश्वास मत के नाम पर गठजोड़ की रीति-नीति से सरकार बना ही लेते हैं। ...तेरा तो बस आशीर्वाद है और यह भी किसने देखा है कि तू ने आशीर्वाद दिया भी या नहीं। आशीर्वाद की मुद्रा में हाथ तो ऊपर उठाए थे ना। बस, इतना ही काफी है?
बापू (जिज्ञासा व्यक्त करते हुए) : ...मगर एक बात तो बता पुत्र, केवल आशीर्वाद ही क्यों लेने आए? अन्य किसी प्रकार की सहायता क्यों नहीं मांगी?
मुन्नालाल (मुसकराते हुए) : बापू! आशीर्वाद के अलावा अब तेरे पास और बचा भी क्या है? आशीर्वाद भी तब तक, जब तक जनता में तेरा सिक्का चल रहा है। ..अब तू ही बता, क्या तेरी बकरी में इतनी ताकत बची है कि वह किसी का विजय रथ खींच सके। ..तेरी लाठी में अब इतनी शक्ति कहां कि उसके दम पर बूथ कैपचर किया जा सके। ..बदलते मूल्यों की बदलती परिभाषा के तहत तेरे आदर्श, तेरे सिद्धांत अब बेमानी हो चुके हैं। ..सड़क से उठाकर सिंहासन तक पहुंचाने के लिए अब वे कारगर नहीं हैं।
बापू (गर्व के साथ) : मगर, पुत्र मैं चुनाव प्रचार..!
मुन्नालाल (उपेक्षापूर्ण मुसकराहट के साथ) : ..तू और चुनाव प्रचार, कैसी-कैसी बात सौचता है, बापू! उन्हें ग्लैमर हीन फादर आफ दी नेशन की नहीं, ग्लैमरयुक्त मिस इंडिया, मिस व‌र्ल्ड, मिस यूनिवर्स और स्वप्न सुंदरियों की आवश्यकता है। ..तेरे जैसे ग्लैमर हीन व्यक्ति की नहीं।
बापू (निराशा भाव से) : मगर, पुत्र क्या ऐसी स्थिति..!
मुन्नालाल (बापू को बीच ही में टोकते हुए) : ..अच्छा तू ही बता बापू, कूल्हे मटका कर भीड़ जुटा लेगा?
बापू (झिड़कते हुए) : ..क्या बकता रहता है, फिजूल की..!
मुन्नालाल : ..फिजूल की नहीं, बापू उसूल की है, उसूल की!
बापू (क्रोध भाव के साथ) : अपने उसूल, अपने पास रख..!
मुन्नालाल : साफ-साफ कह ना बापू, कूल्हे मटकाना बस की बात नहीं।
बापू (क्षुब्ध भाव से) : बात न बना! ..उसके बिना भी सफलता पूर्वक चुनाव प्रचार किया जा सकता है।
मुन्नालाल (दया भाव से) : ..चुनाव प्रचार में उतरने की इच्छा जाहिर कर बची-खुची दाव पर न लगा, बापू। ..बस समाधि में लीन, हरि-कीर्तन करता रह। दरबार में जो आए उसे आशीर्वाद देता रह, बस!
बापू (विश्वास के साथ) : नहीं, मैं तेरे कथन से पूर्ण सहमत नहीं हूं, पुत्र। ..आशीर्वाद लेने आए अपने शिष्यों को तेरे कहने पर ही भला-बुरा कह दिया। आलोचना कर बेमतलब उनके हृदय को पीड़ा पहुंचाई..।
मुन्नालाल (पूर्व भाव से) : ..इतना रंज न कर बापू! वे इसी के हकदार थे।
बापू (पश्चाताप की मुद्रा में) : ..नहीं-नहीं, पुत्र नहीं, मेरे शिष्य आज भी मेरा आदर करते हैं। आज नहीं तो कल कोई न कोई दल अवश्य अपने प्रचार के लिए मुझे आमंत्रित करने आएगा।
मुन्नालाल (उपेक्षा भाव से) : ..कल भी दूर नहीं है, बापू! ..कल भी देख ले!
(मुन्नालाल ने बापू को प्रणाम किया और कल पुन: आने का वायदा कर घर की ओर चल पड़ा। बापू भी करवट बदल आराम करने लगे)
(कल—एक राजनैतिक दल के दफ़तर में ...जारी)

Friday, April 25, 2008

बापू कैद में (व्यंग्य नाटक) -तीन


दृश्य-पांच
(बापू का हाथ थामे मुन्नालाल एक अन्य आडिटोरियम के बाहर खड़ा है)
बापू (हर्ष के साथ बैनर पढ़ते हुए) :
...देख पुत्र, क्या लिखा है, 'शाकाहार प्रमोशन फैशन शो, अहिंसा परमोधर्म'। ...देख, इसका प्रमोटर महंत चरणदास है। (उत्सुकता के साथ) यहां अवश्य ही सत्य का प्रदर्शन होगा। चल अंदर चल, पुत्र।
मुन्नालाल (मुसकराहट के साथ) : चल बापू महंत चरणदास का सत्य भी देख ले! ..कल तू यह तो नहीं कहेगा कि कुछ दिखलाया नहीं। ...आ चल, अंदर चलें।
(दोनों अंदर जाकर बैठ जाते हैं। हाल के अंदर की साज-सज्जा पूर्व के समान ही है। कुछ देर बाद ही डिस्को लाइटों का प्रकाश रेंप पर अठखेलियां करने लगता है। इसी के साथ भगवा वस्त्र धारण किए महंत चरणदास का रेंप पर पदार्पण होता है)
महंत चरणदास (गंभीर मगर सौम्य मुख मुद्रा में दर्शकों को प्रणाम करते हुए) : भाइयों और बहनों, आज बापू की पुण्य तिथि है। आओ हम संकल्प लें कि भारत को अहिंसा के पुजारी बापू के सपनों का देश बनाएं। ...बापू कहते थे कि अहिंसा सबसे शक्तिशाली हथियार है, मगर यह कमजोर व्यक्ति का हथियार नहीं है। अहिंसा के इसी हथियार के बल पर बापू ने भारत को आजादी दिलाई थी। ...यदि बापू के बताए मार्ग पर चलना है, उनके सपनों के भारत का निर्माण करना है तो पहले हमें मांसाहार का परित्याग कर शाकाहार अपनाना होगा। मांसाहार जीवों के प्रति हिंसा है। शाकाहार उनके प्रति दया भाव है...।
बापू (ताली बजाते हुए मध्य ही में) : ...पुत्र सुन, कैसे शुद्ध विचार हैं, महंतजी के!
मुन्नालाल : मौन!
महंत (भाषण जारी) : ...भाइयों और बहनों, ऐसा नहीं है कि बापू ने कभी मांसाहार नहीं किया। बचपन में एक दिन बापू ने भी दोस्तों के बहकावे में आकर चोरी-छिपे मांस का स्वाद चखा था...।
बापू (पुन: मध्य ही में मुँह बनाते हुए) : छी-छी-छी...!
मुन्नालाल (टोकते हुए) : मध्य में टीका-टिप्पणी नहीं, बापू! ...अभी और देख!
महंत (भाषण जारी) ...मगर उस दिन के बाद से उन्होंने आजीवन शाकाहार व्रत का पालन करने का संकल्प लिया। ..बापू ही की प्रेरणा से मैंने भी शाकाहार का प्रचार करने का बीड़ा उठाया है। शाकाहार के पक्ष में एक आंदोलन चलाया है। आज उसी आंदोलन के तहत बापू की पुण्यतिथि पर इस शाकाहार प्रमोशन का आयोजन किया है। अब मैं आपका ज्यादा वक्त नहीं लूंगा। आपकी उत्सुकता समझ रहा हूं। लीजिए फैशन शो का आनंद लीजिए, शिक्षा ग्रहण कीजिए और बापू का सपना साकार कीजिए।
बापू (हर्ष व्यक्त करते हुए) : देखा शिष्य, महंत सच्चा भक्त लगता है!
मुन्नालाल (मुसकराते हुए) : ...धीरज रख! ...देखता जा!
(अंग-प्रत्यंगों को विभिन्न प्रकार की फल-सब्जियों के पत्तों से ढके एक-एक कर मॉडल रेंप पर प्रवेश करती हैं)
बापू (ऐनक साफ करते हुए) : ये सब क्या है पुत्र?
मुन्नालाल (मुस्कराते हुए) : ध्यान से देख बापू! ...बालाएं, शाकाहार का प्रचार कर रही हैं!
बापू (पुन: ऐनक साफ कर मुंह बनाते हुए) : हे राम, हे राम, हे राम यह क्या हो रहा है? ...ये तो अर्धवस्त्रा भी नहीं ...पूर्ण निर्वस्त्रा हैं! ...हे राम, हे राम, हे राम!
मुन्नालाल (व्यंग्य भाव से) : बापू, कभी तो पॉजेटिव हो जाया कर। ये निर्वस्त्रा कहां?
बापू (क्रोध भाव से) : ...फिर, क्या पूर्णवस्त्रा हैं?
मुन्नालाल (समझाते हुए) : नहीं बापू, क्रोध नहीं! क्रोध हिंसा है, बापू! हिंसा आत्मा का हनन है, बापू...!
बापू (मध्य ही में पुन: क्रोध भाव से) : दर्शन न समझा मुझे, तुरंत यहां से ले चल मुझे!
मुन्नालाल (अनसुना करते हुए) : निर्वास्त्रा नहीं! लोगों में शाकाहार के प्रति रुचि पैदा कर रही हैं, इसलिए ही बालाएं अपने मांस को शाक से ढके हुएहैं।
बापू (कड़वा सा मुँह बना कर दीन भाव से) : ...पुत्र! मेरे प्रति तेरा यह हिंसा भाव क्यों?
मुन्नालाल (पूर्व भाव से) : ...बापू तू भी हद करता है! शाकाहार के प्रचार को हिंसा कहता है। ...हिंसा नहीं, अहिंसा का प्रचार है!
बापू (घृणा भाव से) : नहीं, नहीं, नहीं! ...यह घोर हिंसा है। ...ये बालाएं नहीं, ...बलाएं हैं।
मुन्नालाल (बापू के ही लहजे में) : बापू, बलाएं नहीं ..बालाएं ही हैं। ये तेरी अहिंसा संस्कृति का परिष्कृत रूप प्रस्तुत कर रहीं हैं। ...अहिंसा संस्कृति का आधुनिक स्वरूप देख, बापू!
बापू (क्रोध भाव में) : ...मूर्ख न बनाओ पुत्र। यह संस्कृति नहीं अपसंस्कृति है।
मुन्नालाल (समझाने के लहजे में, बापू के कान के पास अपना मुंह ला कर) : ...बापू! यह अपसंस्कृति नहीं परिष्कृत संस्कृति है...!
बापू (क्रोध व आश्चर्य व्यक्त करते हुए, मध्य ही में) : ...कहा ना मूर्ख न बना। ...अरे, यह कैसी परिष्कृत संस्कृति... ऐसी भ्रष्ट संस्कृति तो अंग्रेजों के जमाने मे भी नहीं देखी!
मुन्नालाल ( व्यंग्य भाव से) : अंग्रेज! ...अरे, तू भी कमाल करता है, बापू! ...आजादी के इस माहौल में अंग्रेजो को याद करता है! ...अरे बापू, संस्कृति और सभ्यता का पाठ तो यहीं से सीखा है, अंग्रेजो ने। अभी भी सीख रहे हैं।
बापू (क्रोध व्यक्त करते हुए) : ...नहीं, नहीं, चल- यहाँ से भी चल। मुझे नहीं दर्शन करने परिष्कृत तेरी इस संस्कृति के, चल-यहां से चल।
मुन्नालाल (दिलासा देते हुए) : बापू, दुराग्रह छोड़! ...आधुनिक संस्कृति यही है। ॥सत्य, अहिंसा और पारदर्शिता के तेरे सिद्धांतों को नए रूप में परिभाषित करती, संस्कृति! ...आधुनिक भी यही है और उत्तम भी यही है!
बापू (मध्य ही में क्रोध भाव के साथ ) : ...मुझ से तर्क-वितर्क न कर पुत्र। ...भ्रष्ट संस्कृति को उत्तमं सिद्ध न कर पुत्र। ...मुझे यहाँ से ले चल पुत्र।
मुन्नालाल (सहज भाव से) : यह कैसे हो सकता है कि तेरे जमाने की संस्कृति ही उत्तमं कह लाई जाए और बदलते जमाने के साथ संस्कृति के क्षेत्र में परिवर्तन न आए!
(बापू चलने के लिए खड़े हो जाते हैं, किंतु मुन्नालाल हाथ पकड़ कर उन्हें बैठाता है) ...धैर्य रख बापू! ...कान, आँख और मुँह से हाथ हटा बापू।
(मौन बापू क्रोध के साथ मुन्नालाल की ओर देखते हैं। मुन्नालाल बोलना जारी रखता है)
...वक्त के साथ करवट बदलती 'करवट बदल' संस्कृति को स्वीकार कर बापू। ...व्यवहारिक बन, वक्त के साथ चलना सीख, बोलना सीख, वक्त के साथ देखना सीख। ...वक्त को पहचान और करवट बदल संस्कृति का अवलोकन कर, बापू।
बापू (विनीत भाव से) : ...मुझ पर दया कर पुत्र, मुझे यहाँ से ले चल पुत्र!
(हॉल से बाहर जाने के लिए बापू पुन: खड़े हो जाते हैं। बापू को लेकर मुन्नालाल हॉल से बाहर आ जता है)
मुन्नालाल (व्यंग्य से) : ...और बता बापू, अब कहाँ चलें? ॥बता, अब किस किस्म के तेरे शिष्यों के पुण्य कार्य के दर्शन कराऊं तुझे।
बापू (घृणा व क्रोध भाव से) : बस-बस बहुत हो गया, पुत्र! ...अब और सहन नहीं होगा। मेरा सिर दर्द से फटा जा रहा है। मुझे वापस राजघाट ले चल, शीघ्र चल, मुझे प्रायश्चित करना है ...उपवास करना है।
मुन्नालाल (दया भाव से) : ...चल बापू, जैसी तेरी इच्छा।
(कल- चुनाव के दौर में बापू ...जारी)

Thursday, April 24, 2008

बापू कैद में (व्यंग्य नाटक) - दो

(गतांक से आगे)----
(मुन्नालाल घुटनों के बल समाधि में प्रवेश करता है और बापू के चरण स्पर्श कर दबाने लगता है। आशीर्वाद के लिए बापू का दायां हाथ उसकी तरफ उठता है)
बापू (मुसकराते हुए) :
अच्छा, मुन्नालाल! आज तक मेरी पुण्य तिथि मनाई जाती है और वह भी श्रद्धा के साथ? इसका मतलब मैं आज भी प्रासंगिक हूं?
मुन्नालाल (ग्लानि भाव से) : ...श्रद्धा नहीं, श्राद्ध कह, बापू और पुण्य तिथि पर ही क्यों? ...प्रतिदिन मनाते हैं, तेरे भक्त। ...तेरे श्राद्ध के नाम पर ही तो हलवा-पूरी खा रहें हैं, देश के कर्णधार।
बापू (झुंझलाते हुए) : पुत्र, कभी तो पॉजेटिव हो जाया कर। जब भी आता है नीन-मेख ही निकालता आता है। ...पता नहीं तू और इस देश के अखबार कब पॉजेटिव होंगे?
मुन्नालाल : ...नेगेटिव को नेगेटिव कहना क्या पॉजेटिव नहीं है, बापू? ...बापू, मैं नेगेटिव नहीं, पॉजेटिव ही हूं। ...तेरे समक्ष असत्य नहीं सत्य ही का बखान कर रहा हूं। ...हां, बापू! तेरे नाम के सहारे ही मलाई मार रहे हैं, तेरे कथित शिष्य।
बापू (क्रोध का इजहार करते हुए) : ऐसा है तो, साधन और साध्य की पवित्रता...? (क्षोभ व्यक्त करते हुए) ...फिर तो, साधन भी अपवित्र और साध्य भी, हे राम, हे राम, हे राम!
मुन्नालाल (हँसते हुए) : अब तू भी नेगेटिव हो गया है, बापू!
बापू (मुन्नालाल को बीच ही में टोकते हुए) : ...वह कैसे पुत्र?
मुन्नालाल (मुसकराते हुए) : बापू! इतना भी नहीं समझता। ...अरेऽ ...बापू, दोनों ही तो पवित्र हैं, साधन भी और साध्य भी।
बापू (शब्दों पर जोर देते हुए) : ...वह कैसे पुत्र?
मुन्नालाल (रहस्यमयी अंदाज में) : बताता हूं, बताता हूं, धैर्य रख, बताता हूं। ...देख बापू! तेरे नाम पर खा रहें हैं, इसलिए तू साधन हुआ और तुझ से पवित्र और कौन हो सकता है, बापू? ॥तेरे शिष्य खुद खा रहे हैं, अर्थात 'चेरेटि बिगेंस फ्रॉम होम'। (विराम) बापूऽऽऽ! ॥ऐसे ही तो समाजवाद आएगा और आर्थिक समानता की तेरी अवधारण पूरी होगी। ...है-ना, साधन और साध्य दोनों पवित्र!
बापू (पीड़ा के साथ आसमान के तरफ मुंह उठाकर) : ...हे राम, हे राम, हे राम!
मुन्नालाल (मुसकराते हुए) : अच्छा, बापू! तू प्रासंगिकता की बात कर रहा था, ना? अरे, फिक्र न कर बापू! जब तक तेरे नाम का सिक्का चलता रहेगा, तब तक तू प्रासंगिक ही रहेगा।
बापू : अच्छा एक बात बता मुन्नालाल! ...जनता उनके खिलाफ सत्याग्रह क्यों नहीं करती?
मुन्नालाल (व्यंग्य भाव से) : करती तो है, बापू! ...अभी चार दिन पहले ही तो बसों में आग लगाई थी। चांदनी चौक लूटा था।
बापू (आश्चर्य व क्षोभ के साथ) : अरे, मूर्ख! मैं उपद्रव की नहीं, सत्याग्रह की बात कर रहा हूं!
मुन्नालाल (व्यंग्य भाव से) : अरे, पूज्य बापू! ...मैं भी तो सत्याग्रह की ही बात कर रहा हूं। ...लोकतांत्रिक सत्याग्रह की!
बापू (क्षोभ व्यक्त करते हुए) : यह कैसा सत्याग्रह! ...यह तो दुराग्रह है ...हिंसा का प्रदर्शन है...!
मुन्नालाल (पुन: व्यंग्य भाव से) : अरे नहीं बापू! ...दुराग्रह नहीं, हिंसा भी नहीं, बस वक्त के साथ बदलती परिभाषा है। (मुसकराते हुए) तेरे लिए तो खुशी की बात है बापू, बदलते इस दौर की बदलती परिभाषा में भी तेरा नाम नहीं भूले हैं, तेरे भक्त। बदलते इस दौर के सत्याग्रह के साथ भी तेरा ही नाम जुड़ा है!
बापू (क्षुब्ध भाव से) : हे राम, हे राम, हे राम! ऐसा है तो मुझे नहीं चाहिए अब और नाम। ॥यही सत्य है तो उनसे कह दे भूल जाएं मुझे।
मुन्नालाल : कैसे कह दूं, उनकी भावना को ठेस पहुंचेगी। ...बैठे-बिठाए यह तो हिंसा हो जाएगी।
बापू (जिज्ञासा भाव से) : ...मगर, मुन्नालाल! मेरी खादी, स्वदेशी और अहिंसा की क्या गति है।
मुन्नालाल (व्यंग्य से) : सभी सदगति को प्राप्त हैं, बापू!
बापू (जिज्ञासा भाव से) : ...कहना क्या चाहता है, पुत्र?
मुन्नालाल : वही, जो यथार्थ है।
बापू (उत्तेजना के साथ) : साफ-साफ कह ना!
मुन्नालाल : मतलब साफ है बापू, तेरी खादी प्रमोट हो रही है। स्वदेशी की धूम है। अहिंसा के पक्ष में आंदोलन जारी है।
बापू (उत्सुकता व्यक्त करते हुए) : बता-बता, जरा विस्तार से बता। मेरे इन आदर्शो को लेकर क्या चल रहा है। मेरे शिष्य उन्हें किस तरह प्रमोट कर रहें हैं।
मुन्नालाल (रहस्यमय लहजे में) : बापू! तेरी खादी, स्वदेशी व अहिंसा को लेकर आज दिल्ली में अलग-अलग फैशन शो आयोजित हो रहीं हैं। चलेगा देखने...?
बापू (हर्ष के साथ उत्सुक्ता व्यक्त करते हुए) : ...हाँ, हाँ, अवश्य पुत्र! ...चल-ले चल, चल- चलते हैं। देखूं तो सही मेरे शिष्य मेरी खातिर क्या-क्या कर रहें हैं।
मुन्नलाल : चल बापू, चल!
(दोनों चलने के लिए तैयार होते हैं, तभी रामधुन बजनी शुरू हो जाती है। नेता एक-एक कर बापू की समाधि पर आने लगते हैं)
मुन्नालाल :
ठहर बापू! ...तेरे कथित शिष्य तुझे पुष्पांजलि अर्पित करने आने लगे हैं।
बापू (सिर हिला कर सहमति व्यक्त करते हुए) : ...हां, ठीक है, उन्हें जाने दे। ...तब चलेंगे।
(दोनों पुन: बैठ जाते हैं। नेता एक-एक कर समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर चले जाते हैं)
दृश्य-चार
(भव्य आडिटोरियम का भव्य रेंप। रेंप के पा‌र्श्व में एक विशाल बैनर टंगा है। जिस पर ऊपर की तरफ लिखा है, 'खादी प्रमोशन फैशन शो' उसके नीचे लिखा है 'बापू के सपनों का भारत' और उसके बाद प्रमोटर का नाम लिखा है, 'रोहित भारती'। बैनर पर लिखी इबारत पढ़ कर बापू प्रसन्न हो जाते हैं)
बापू (प्रसन्न भाव से) :
देख-देख, मुन्नालाल देख, क्या लिखा है, 'खादी प्रमोशन फैशन शो'। देख मेरा नाम भी लिखा है। (बैनर पर लिखी इबारत रुक-रुक कर पढ़ते हुए) ...'बापू के सपनों का भारत'। ये हैं मेरे सच्चे भक्त। देख, शिष्य रोहित अपने आपको भारतीय कहने में गर्व महसूस करता है। ...देख मुन्नालाल उसके नाम के आगे भारती लिखा है।
मुन्नालाल (व्यंग्य लहजे में) : हां, धैर्य धारण कर और देखता रह बापू।
(मादक संगीत और डिस्को लाइटों से आडिटोरियम जग-मागाने लगता है)
बापू (प्रसन्नता भाव से) : ...अरे, वाह! (मुन्नालाल की ओर मुँह कर) ...देख मुन्नालाल ...देख!
मुन्नालाल (मुसकरा कर) : ...देख रहा हूँ, बापू! ...तू भी देखता जा!
बापू (पूर्व भाव से) : देख पुत्र, कितना सुंदर है, ...अति सुंदर!
मुन्नालाल (व्यंग्य भाव से) : ...हाँ, बापू, सत्यं शिवं सुंदरम्! ...सत्य भी है, शुभ भी और सुंदर भी! ...(झटके के साथ) ...ले, यह भी देख ...सत्यं शिवं सुंदरम् की हकीकत देख!
(पाश्चात्य संगीत का स्वर तेज होता है और उसके साथ ही कैटवॉक करती अर्धनग्न एक मॉडल रेंप पर प्रवेश करती है। उसके अंग-प्रत्यंग खादी की कतरनों ढ़के हैं। अर्धनग्न मॉडल को देख बापू आंखें बंद कर मन ही मन हनुमान चालीसा का पाठ करने लगते हैं।
'जै-जै हनुमान गुसाई, कृपा करो गुरुदेव की नाई
जो सत बार पाठ करे कोई, छूटे ही बंध महा सुख होई'
कुछ देर बाद बापू आंखें खोलते हैं, एक और मॉडल इठलाती हुई उनकी नजरों के सामने से गुजरती है। उसके कपड़ों का साइज और भी कम है। बापू बेचैनी सी महसूस करते हैं। एक के बाद एक कई मॉडल एक साथ रेंप पर आती हैं। बापू से रहा नहीं जाता)
बापू (ग्लानि भाव से) :
...मुझे कहां ले आए, पुत्र?
मुन्नालाल : मौन!
बापू (आवेश में झिंझोड़ते हुए) : कुछ बोलते क्यों नहीं, पुत्र? ॥ क्यों मौन हो पुत्र? मेरा ब्लड प्रेसर हाई-फाई हो रहा है।
मुन्नालाल : पुन: मौन!
बापू (अधीर होते हुए) : धैर्य जवाब दे रहा है, पुत्र! ...मस्तिष्क शून्य होता जा रहा है, किंतु तू मौन?
मुन्नालाल (उपेक्षा भाव से) : ...देखता रह ना, बापू!
बापू (निरीह भाव से) : ...क्या कह रहे हो पुत्र! बस देखता रहूं। कब तक निहारता रहूं, इन अर्धनग्न बालाओं को? ...अब और नहीं देखा जाता। मुझे यहां से ले चल, पुत्र।
मुन्नालाल (तसल्ली देते हुए व्यंग्य लहजे में) : बापूऽऽ, धैर्य रख और बदलते दौर का बदलता स्वरूप देख। अपनी खादी की लोकप्रियता देख और उसका सम्मान देख!
बापू (विनीत भाव से) : ये चकाचौंध! ... नृत्य करती अर्धनग्न बालाएं! ...पहले यह तो बता पुत्र, यह सब है क्या?
मुन्नालाल (बापू की तरफ मुंह कर,आश्चर्य से) : भूल गया बापू! बताया तो था खादी प्रमोशन के लिए फैशन शो है। बालाएं तेरी खादी का प्रचार कर रहीं हैं!
बापू (क्रोध व आश्चर्य के मिश्रित भाव से) : यह कैसा प्रमोशन! ...इनके तन पर तो वस्त्र ही नहीं! यह तो पाप है।
मुन्नालाल (मुसकराते हुए) : ...तन पर कपड़े होते तो देखने कौन आता? ...कोई देखने न आता तो तेरी खादी का प्रमोशन क्या खाक होता?
बापू (मध्य ही में क्षुब्ध भाव से) : ...किंतु, अर्धनग्न! ...यह तो पाप है!
मुन्नालाल (समझाने के लहजे में) ...कैसा पाप, कैसा पुण्य! यह तो मार्केटिंग का फण्डा है। इसमें पाप क्या, बापू?
बापू (जिज्ञासा व्यक्त करते हुए) : मार्केटिंग? यह क्या...?
मुन्नालाल (व्यंग्य भाव से) : ...यह-वह कुछ नहीं बापू, बस मार्केटिंग है, मार्केटिंग! ...नेताओं को जब-कभी भीड़ जुटानी होती है, तब तेरे नाम का जयकारा लगते हैं, ना ...बस उसी तरह!
बापू (आश्चर्य व्यक्त करते हुए क्षुब्ध भाव से) : अर्धनग्न बालाएं! खादी का यह कैसा प्रमोशन, कैसी मार्केटिंग? भ्रष्ट, सभी कुछ भ्रष्ट! ...नहीं-नहीं, मुझे यहां से ले चल। मुझसे यह सब, अब और नहीं देखा जाता, पुत्र!
मुन्नालाल (व्यंग्य भाव से) : नग्न शरीर और भ्रष्ट बापू...!
बापू (मध्य ही में झुंझलाते हुए) : ...हां, हां, सभी कुछ भ्रष्ट!
मुन्नालाल (व्यंग्य भाव से) : चल तू कहता है तो मान लेता हूं, बापू! ...किंतु तू ही तो कहता था, 'बुरा मत देख' और तू ही भ्रष्ट नग्न शरीर देख रहा है! ...उनका नग्न शरीर न देख, बापू। गिलास आधा खाली नहीं आधा भरा देख। उनके अंगों पर पड़ी खादी की कतरने देख।
बापू (आग्रह पूर्वक) : यहां से ले चलो, पुत्र। ये अर्धनग्न बालाएं! अब और सहन नहीं होता, मुझसे।
मुन्नालाल (समझाने के लहजे में) : अर्धनग्न अश्लील शब्द है, बापू। ...उन्हें अश्लील कह कर अपनी जुबान गंदी न कर, उन्हें घृणा का पात्र न बना। ...वे अर्धनग्न नहीं, अर्धवस्त्रा हैं, अर्धवस्त्रा।
बापू (घृणा भाव से) : यहां सभी कुछ असत्य है। ...तुम मुझे यहां से ले चलो पुत्र।
(शरीर का वजन लाठी पर टिका बापू चलने के लिए खड़े होने लगते हैं)
मुन्नालाल (हाथ पकड़ कर बिठते हुए) :
बैठ, बापू और अपने सत्य के प्रयोग देख। असत्य नहीं, ये सत्य के प्रयोग हैं, बापू। ...सत्य हमेशा पारदर्शी होता है, ना बापू, इसलिए यहां सब कुछ पारदर्शी है, बापू। (मुसकराते हुए मुन्नालाल आगे बोला) ...बालाएं सत्य का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत कर रहीं हैं। ...तेरा अनुसरण कर रहीं हैं, तेरे सत्य का अनुसरण कर रहीं हैं।
बापू (खीजते हुए) : सत्य का यह कैसा अनुसरण, मेरा कैसा अनुसरण, पुत्र?
मुन्नालाल (तसल्ली देते हुए) : तू ही तो कहता था बापू! मनुष्य को मन से, वचन से, कर्म से सत्यवादी होना चाहिए, पारदर्शी होना चाहिए। ...अर्धवस्त्रा ये बालाएं पारदर्शिता के मध्यम से सत्य ही का तो प्रदर्शन कर रहीं हैं।
बापू (पुन: खीजते हुए) : सत्य, पारदर्शिता, प्रमोशन, अर्धवस्त्रा॥? तेरा यह दर्शन मेरी समझ से बाहर है, पुत्र!

मुन्नालाल (बापू को दिलासा देते हुए) : ...धीरज धर बापू, और देख-थोड़ा और देख। ...मेरा दर्शन नहीं, नए जमाने का नया दर्शन! तुझे तेरा दर्शन जीवित रखना है तो नए जमाने के दर्शन को स्वीकार कर, थोड़ा अपने को परिवर्तित कर!
बापू (क्रोध व्यक्त करते हुए) : नहीं, नहीं, यहां से चल। ...मुझे स्वीकार नहीं है, तेरे जमाने का यह चिथड़ा दर्शन?
मुन्नालाल (आश्चर्य भाव के साथ व्यंग्य करते हुए) : नए जमाने के वस्त्रों को चिथड़े कहता है, बापू! ...यह भी तेरी ही संस्कृति का अनुसरण है। ...तू ढाई गज में एक तन लपेटे है और ये ढाई गज में चार तन। है, ना तेरी ही संस्कृति का अनुसरण! ...तुझ से भी चार कदम आगे!
बापू (क्रोध में पुन: खड़े होते हैं) : ...नहीं, नहीं, नहीं, अब मैं यहां एक पल भी नहीं रुकूंगा।
मुन्नालाल (शरीर झटकते हुए) : ठीक है, ठीक है, नहीं देख पा रहा तो चल बापू।
(बापू माथे पर आए पसीने पौंछते हुए मुन्नालालके संग उठकर आडिटोरियम के बाहर चले आते हैं)
(..जारी)

Wednesday, April 23, 2008

बापू कैद में (व्यंग्य नाटक) - एक

दृश्य-एक
( दो अक्टूबर, प्रात: सात बजे, गांधी समाधि राजघाट। समाधि झाड़-पोंछ कर चमका दी गई है। समूचा राजघाट परिसर पुलिस कर्मियों से घिरा है। कुछ ही अंतराल के बाद लोगों का आना शुरू हो जाता है। प्रथम साजिंदों के साथ भजन गायकों की मंडली प्रार्थना सभा में प्रवेश करती है। बापू के प्रिय भजन ''वैष्णव जन तोरे कहिए..'' की स्वर लहरी हवा में गूंजने लगती है। पंक्तिबद्ध नेता समाधि की परिक्रमा करते हुए, गुलाब की पंखुड़ियां से बापू को पुष्पांजलि अर्पित कर रहे हैं। नेपथ्य से अट्टंहास के साथ आवाज गूंजती है)

आवाज : आहा हाऽऽऽ। देश के कर्णधारों, बापू के कथित भक्तों तुम किसे पुष्पांजलि अर्पित कर रहे हो? बापू तो यहां हैं ही नहीं, आहा ऽऽऽ..!
(चारों ओर भय का वातावरण उत्पन्न हो जाता है। नेताओं के चेहरों पर भय के चिह्न स्पष्ट नजर आने लगते हैं। सुरक्षा कर्मी घेरा और मजबूत करने में लग जाते हैं। रिवाल्वर ताने कुछ कमांडों आवाज की दिशा में बढ़ते हैं। आवाज अब पूर्व दिशा के स्थान पर उत्तर दिशा से आने लगती है)
आवाज :
...आहा हाऽऽऽ, मैं बिल्कुल ठीक कह रहा हूं। ..बापू यहां नहीं हैं। वह तो कैद हैं। ... तुम्हारी कैद में!
(फायर करने का आदेश हवा में गूंजता है और आवाज की दिशा में फायरिंग शुरू हो जाती है। चारों ओर अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो जाता है। फायर करते-करते सुरक्षाकर्मी उत्तर दिशा की ओर बढ़ते हैं और आवाज इस बार दक्षिण दिशा की ओर गूंजने लगती है)
आवाज : ...तुम मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे। व्यर्थ की कवायद बंद करो। ..तुम्हारा और तुम्हारे नेताओं का अहित करना मेरा उद्देश्य नहीं है। मैं तुम लोगों की तरह हिंसक प्रवृत्ति का नहीं हूं। ..मैं गांधी का सच्चा अनुयायी हूं। हिंसा मेरा धर्म नहीं है। अत: निश्चिंत हो जाओ और मेरी बात ध्यान से सुनो..।
(हाथ का संकेत कर गृहमंत्री गोली न चलाने के निर्देश देते हैं)
आवाज : ठीक बहुत ठीक वैसे भी तुम लोग अब मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे, क्योंकि अब मैं आजाद हूं, देह-मुक्त हूं। (विराम) ..तुम्ही ने तो अपनी गोली से मुझे आजाद किया था। ..हां-हां, मुझे आजाद किया था और बापू को कैद!
(कुछ देर रुकने के बाद) हां मैं ठीक कह रहा हूं, बापू तुम्हारी ही कैद में हैं। ..तुम्ही ने उन्हें कैद कर रखा है और तुम्ही बापू की समाधि पर..! (बल देते हुए) हां-हां-हां! आत्मविहीन समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर रहे हो। है, ना मजाक। .. तुम नेता ही नहीं अव्वल दर्जे के अभिनेता भी हो। जाओ पहले बापू को आजाद करो और फिर आना उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने।
(क्षण भर रुकने के बाद, अट्टहास का स्थान सिसकियां ले लेती हैं और रुंधे गले से वही आवाज पुन: आती है) ...नहीं-नहीं, तुम बापू को कभी आजाद नहीं करोगे, क्योंकि तुम में इतना साहस ही नहीं है। ..तुम डरपोक हो। तुम जानते हो, बापू यदि आजाद हो गए तो देश में क्रांति आ जाएगी और तुम्हारी दुकानदारी बंद हो जाएगी। (रुदन बंद और पुन: अट्टहास) जाओ ..अपने-अपने घर लौट जाओ, नाटक बंद करो। सिंहासन तुम्हारी प्रतीक्षा में है। बापू जब तक कैद हैं, तब तक तुम्हारा सिंहासन अटल है। ..क्यों गृहमंत्री जी ठीक कहा न मैने। मैं भी जा रहा हूं, तुम भी लौट जाओ।
(धीरे-धीरे राजघाट परिसर खाली हो जाता है)
दृश्य-दो
(करुणा और क्रोध की मिश्रित आवाज के साथ पर्दा उठता है और मंच के कोने में छाया प्रकट होती है। ऊपर से नीचे तक सफेद लबादे से ढकी है। फ्लैश लाइट उस पर केंद्रित हो जाती है)
छाया (करुण आवाज में रुक-रुक कर) : मैं मुन्नालाल हूं, मुन्नालाल की रूह! इस नाटक का सूत्रधार! पूज्य बापू की समाधि राजघाट पर मेरी ही आवाज गूंज रही थी। मेरा उद्देश्य आतंक फैलाना कतई नहीं था। ...मैं बापू का सच्चा अनुयायी हूं। हिंसा मेरा धर्म नहीं है। ..हां, मेरी आवाज के साथ राजघाट पर आतंक अवश्य व्याप्त हो गया था, मगर इसमें मेरा क्या दोष? (क्षणिक विराम, आंसू पोंछते हुए, दृढ़ता के साथ) ..हां-हां, आतंक फैलाना मेरा उद्देश्य नहीं था। राजघाट पर जमा कर्णधार मुझ से नहीं अपने कर्मो के कारण आतंकित थे। ..पोल खुल जाने के भय से भयभीत थे। मैं तो केवल हकीकत बयान कर रहा था। देश के कर्णधार और बापू के कथित भक्तों को उन्हीं की हकीकत से परिचित करा रहा था..।
(आवाज पुन: सिसकियों में बदल जाती है, गर्दन झुक जाती है। अपने आप को संयत कर पुन: दर्शकों की तरफ मुखातिब होते हुए)
...हां, मैं हकीकत बयान कर रहा था। जिन लोगों ने अपने स्वार्थ की खातिर बापू को कैद कर रखा है, वे ही समाधि पर बापू को पुष्पांजलि अर्पित करें! ...यह कोरा नाटक नहीं तो और क्या है? पुष्पांजलि अर्पित करने का उन्हें अधिकार क्या है, उसका औचित्य क्या है? ..उनके इसी कुकृत्य का पर्दाफाश करना मेरा उद्देश्य था। ...हां-हां, मेरा विश्वास करो बापू कैद में हैं, उन्हीं की कैद में। मेरी हत्या भी देश के इन्हीं कर्णधारों के आदेश पर की गई थी, क्योंकि मैं बापू के साथ था और उस पूरे कृत्य का चश्मदीद गवाह था।
(कुछ देर रुकने के बाद अपने आप को संयत कर पुन: धीरे-धीरे बोलना शुरू करता है) ...अब मैं आपकी अदालत में आया हूं। बापू को कैद करने की कहानी सुनाने और आपका फैसला सुनने, ..क्या उन्हें बापू की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करने का अधिकार है?' ..फैसला आपके हाथ है। लो, सुनो कहानी।
(छाया अंतरध्यान हो जाती है और प्रकाश मंच के मध्य केंद्रित होने लगता है)
दृश्य तीन
(तीस जनवरी, प्रात: चार बजे, गांधी समाधि वातावारण शांत है, मगर रह-रह कर चिड़ियों का चह-चहाना और थोड़े-थोड़े अंतराल के बाद पहरे पर तैनात सिपाही के बूटों की आवाज शांति भंग कर रही है। राजघाट के मुख्य द्वार पर ताला लगा है। उसके पास ही एक सिपाही कुर्सी पर बैठा ऊंघ रहा है और एक अन्य सिपाही उनींदी निगाहों के साथ पहरा दे रहा है। बापू का शिष्य मुन्नालाल साधारण कुर्ता-पायजामा पहने और ठंड से बचने के लिए ऊपर से शाल लपेटे हुए है। पहरेदारों की आंखों से बचता-बचाता दबे पांव राजघाट परिसर में घुसने की जगह तलाश रहा है। सिपाही की निगाह से बचने के लिए वह कभी झाड़ियों की ओट लेता है तो कभी आंखों ही आंखों में चारदीवारी की ऊंचाई नापता है। पहरे पर तैनात सिपाही गश्त लगाने के लिए दूसरी दिशा में कदम बढ़ाता है और मौका पाकर मुन्नालाल चार-दीवारी लांघ दबे पांव बापू समाधि के नजदीक पहुंच जाता है। भयभीत मुन्नालाल पुन: चारों तरफ निगाह दौड़ाता है और आश्वस्त हो कर घुटनों के बल उकडू बैठ कर, मुंह के दोनो तरफ हथेलियों की ओट कर धीरे-धीरे बापू को आवाज लगाता है।)
मुन्नालाल : बापू-ओ-बापू। ..अरे ओऽऽऽ बापू!
मुन्नालाल (पूर्व स्थिति में पुन: धीरे से मगर शब्दों को खींचकर) : बापू-ओ-बापू। ..कुछ बोलता क्यों नहीं, बापू। ..अरे, अभी तक सोया है, बापूऽऽऽ! भोर हो गई, जाग। (गुनगुनाते हुए) उठ जाग मुसाफिर भोर भई ..अब रैन कहां जो सोवत है
(समाधि के अंदर एक कोने में रखा दीपक धीमा-धीमा प्रकाश बिखेर रहा है। जमीन पर एक बिस्तर लगा है। जिस पर बापू लेटे हुए हैं। उनके सिरहाने एक लाठी, लाठी के पास ही पानी से भरा तांबे का एक लोटा और गोल तकिए के पास जेब घड़ी रखी है। शय्या के समीप ही बापू का चरखा रखा है। पास ही एक कोने में खड़ी बापू की बकरी चारा चबा रही है। मुन्नालाल की आवाज सुन बापू दांए-बांए करवट बदलते हैं। खकारते हैं, आंखों पर धीरे-धीरे हथेली रगड़ते हैं और उसके बाद अस्त-व्यस्त धोती संवारते हुए इधर-उधर देख लाठी पर हाथ रख कर खड़े होने का प्रयास करते हैं, मगर खड़े नहीं हो पाते)
बापू (कांपती आवाज में) : हे राम-हे राम-हे राम, ..रघुपति राघव राजा राम। ..पतित पावन ..कौन है, भाई! सुबह-सुबह क्यों आ जगाया..।
मुन्नालाल (पुराने अंदाज में) :। ...मैंऽऽऽ, मैं मुन्नालाल, बापू!
बापू (आश्चर्य से) : अरेऽऽऽ! तू! ॥सुबह ही सुबह?
मुन्नालाल (धीरे से) : हांऽऽऽ! बापू मैं ही।
बापू (जिज्ञासा भाव से) : ...खैरियत तो है ना?
मुन्नालाल : हां, सब कुशल है, बापू।
बापू (आश्चर्य से) : फिर...?
मुन्नालाल (सहज भाव से) : आज तीस जनवरी है न, बापू।
बापू (झुंझलाते हुए) : तीस जनवरी, तो फिर? ...यह तो हर वर्ष आती है?
मुन्नालाल (सहमी सी आवाज में) : तेरी पुण्य तिथि है न बापू।
बापू (आश्चर्य से) : पुण्य तिथि! ...कैसा पुण्य ...कौन सी तिथि?
मुन्नालाल (बापू के ही अंदाज में) : अरे, बापू! ..वही तीस जनवरी, गौड़से ने जिस दिन तेरी हत्या की थी!
बापू (मुसकराते हुए) : अवश्य, अवश्य! पुण्य कार्य तो था ही। ..पुण्य कार्य था, इसलिए पुण्य तिथि भी..। (विराम के उपरांत मुसकराते हुए) अच्छाऽऽऽ! .. अब समझा, मेरी मृत्यु-तिथि को मेरे देशवासी पुण्य मानते हैं, फिर मेरी जन्म तिथि ..पाप तिथि?
मुन्नालाल (व्यंग्य भाव से) : अभी से ऐसा क्यों सोचता है, रे बापू!
बापू (क्रोध के क्रत्रिम भाव से) : ...बे-मतलब की बात! .. जगा तो ऐसे दिया, मानों किसी दाण्डी यात्रा के लिए मेरी फिर आवश्यकता आन पड़ी हो!
मुन्नालाल (व्यंग्य भाव से) : दाण्डी यात्रा के लिए अब तेरी क्या आवश्यकता बापू। ऐसी-वैसी समस्या सुलझाने के लिए तो तेरी लाठी ही काफी है।
बापू (झुंझलाते हुए) : ...तो फिर..?
मुन्नालाल (खुशामदी लहजे में सिर में खुजलाते हुए) : बस, बापू इच्छा हुई।मैंने सोचा दिन निकलते-निकलते तो तुझे तेरे भक्त आ घेरेंगे। यही वक्त था, अकेले में तन-मन की दो बातें करने का, सो सुबह-सुबह चला आया।
बापू (दया भाव से) : आऽजा-आऽजा, अंदर आजा। लोकतंत्र के किसी पहरेदार ने देख लिया तो तुझे-मुझे दोनों को अंदर कर देगा। (मुसकराते हुए) कोई जमानती भी नहीं मिलेगा।
(जारी...)
संपर्क ः 9868113044

Saturday, April 19, 2008

आम आदमी हटाओ देश बचाओ

आज सुबह घर में बोरिया-बिस्तर सहित एक मित्र का शुभागमन हुआ। कहने लगे, दिल्ली-दर्शन के लिए आया हैं। हम समझ गये कम से कम हफ्ता-पंद्रह दिन के लिए महंगाई में आटा गीला होने के आसार पैदा हो गए हैं। मित्र अतिथि के रूप में आए थे, क्योंकि उनके शुभागमन पूर्व निर्धारित न था, इसलिए हम बहाना बनाने के अवसर से भी वंचित रह गए। आगंतुक अतिथि हो या सतिथि महंगाई के इस जमाने में बलात आरोपित 'सेवा-कर' के समान लगते हैं। दो-चार दिन खर्च ज्यादा ही सही कम से कम सेवा का पुण्य तो प्राप्त होगा, मौजूदा दौर में इस आत्म-वंचना सुख से भी आदमी वंचित ही रहता है, क्योंकि अब सेवा करने से मेवा नहीं, सेवा-कर प्राप्त होता है। खैर सुबह ही सुबह आई मुसीबत को हमने नए सरकारी-कर की तरह स्वीकार कर लिया। यह स्वीकारोक्ति हमारी मजबूरी थी, इसके अलावा चारा भी क्या था। शायद इसे ही 'मजबूरी का नाम महात्मा गांधी' कहते हैं।
उनके शुभागमन और कम से कम हफ्ता-भर अतिथि-सत्कार का शुभ अवसर प्राप्ति का शुभ समाचार हमने पत्नी को सुनाया। समाचार सुनते ही उनकी भवें मुद्रास्फीति की तरह तन गई। उनके इरादे भांप हम सहज भाव से बोले, 'अतिथि देवो भव:'! वे बोली देवता है, तो उसकी किसी मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा कर दो। वास्तुशास्त्र के हिसाब से घर में देवता की प्राण-प्रतिष्ठा शुभ नहीं रहती है। वैसे भी देवता घर में रहेगा, तो उस पर चढ़ाने के लिए पान-सुपारी भी तो चाहिए। यहां रोटी के लाले पड़ रहे हैं, देवता के लिए पान-सुपारी का प्रबंध कहां से होगा? ऊपर का सुर साधते हुए पत्नी बोली, 'देवी दिन काट रही है, भक्त पर्चे मांगने में लगे हैं!'

पत्नीजी ने वाणी को अल्प विराम दिया और अनचाहे विज्ञापन के मॉडल की तरह हमने डॉयलाग झाड़ा, 'कोई बात नहीं, इनके चले जाने के बाद अपना लाइफ-स्टाइल कुछ दिन के लिए चेंज कर लेंगे। दो वक्त की जगह कुछ दिन एक वक्त ही भोजन कर बजट को पुन: सर्वहित बजट बना लेंगे।'
पति-पत्नी के मध्य जारी त्रासद संवाद के दौरान मित्र बाहर वाले कमरे में खुद को स्थापित करने की कवायद में जुटे थे। हम उनके पुरषार्थ से अभीभूत थे। जब हम उनके पास पहुंचे तो वे समाचार पत्र के पन्ने पलट रहे थे। हमें देख कर बोले- देखो महंगाई घटाने के लिए सरकार ने सीआरआर बढ़ा दिया है। अब देखते हैं, महंगाई कैसे पांव पसारती है। हमने प्रश्न किया- क्यों भाई सीआरआर से महंगाई का क्या संबंध? वे बोले- इससे पैसे का प्रवाह कम हो जाएगा अर्थात फिजूल खर्ची के लिए लोगों की जेब में पैसे ही नहीं होंगे। होम लोन-कार लोन पर ब्याज दर में वृद्धि हो जाएगी, तो कार-मकान सस्ते हो जाएंगे। उनका आर्थिक दर्शन सुन हमने जिज्ञासा व्यक्त की- फ्रिज, एसी, मोबाइल फोन, कार तो पहले ही सस्ते थे अब मकान भी सस्ते हो जाएंगे, मगर इससे आम आदमी की नून-तेल-लकड़ी की महंगाई पर क्या असर पड़ेगा?
मित्र थोड़ा गंभीर हो कर बोले- महंगाई पहले भी कहां थी? यह तो आम आदमी के लाइफ-स्टाइल चेंज करने के कारण थोड़े पांव पसार गई थी। अब जब पैसा ही नहीं होगा, तो फिर पुराना लाइफ-स्टाइल ही अपनाना पड़ेगा। महंगाई स्वत: ही कम हो जाएगी। हमने अगला प्रश्न किया- तो क्या लाइफ-स्टाइल में परिवर्तन कर आम आदमी नून-तेल-लकड़ी ज्यादा सटकने लगा था..? हमारा अधूरा प्रश्न सुनते ही वे तपाक से बोले- पुरानी बात छोड़ो, मगर अब जब पैसे ही जेब में नहीं होंगे, तो नून-तेल-लकड़ी भी कम खरीदेगा। इस तरह इनके दाम भी घट जाएंगे। इतना कहने के बाद मित्र रहस्य पूर्ण मुद्रा में बोले-यह आम आदमी ही सारी समस्याओं की जड़ है। आम आदमी के कारण ही महंगाई बढ़ती है, उसके कारण ही कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती है।
मित्र का आर्थिक दर्शन सुन हम सोचने लगे- सत्य वचन! आम आदमी ही समस्याओं का मूल है। महंगाई बढ़े या बाजार में पैसे का प्रवाह कम हो, आम आदमी के लिए नून-तेल-लकड़ी त्रसदी का कारण ही बनी रहेंगी। क्योंकि यह देश नून-तेल-लकड़ी वाले आम आदमी के लिए नहीं है। कुछ खास लोगों के लिए है, जिन्हें महंगाई नहीं खाती, वे महंगाई को खाते हैं। इस देश में आम आदमी न हो तो सभी समस्याएं स्वत: समाप्त हो जाएंगी। राजनैतिक दलों को आगामी चुनाव में गरीबी हटाओ जैसे दकियानूसी नारे के स्थान पर आम आदमी हटाओ देश बचाओ जैसे प्रभावी नारे हवा में उछालने चाहिए।
संपर्क – 9868113044

Monday, April 14, 2008

पांव-पान-पूजा की विस्तृत विवेचना

माननीय ज्ञानदत्त पाण्डेय जी के चरण्-कमलों में समर्पित
आचार्य के मुखर बिंदु से सफलता का सफल सूत्र श्रवण कर मुन्नालाल ने जिज्ञासा व्यक्त की, 'हे, आचार्य श्रेष्ठ! 'पांव-पान-पूजा' के इस सूत्र के संबंध में तनिक विस्तार से बताने की कृपा करें। इस सूत्र का आविष्कार कब हुआ, इसका पालन किस प्रकार करना चाहिए और उसका महत्व क्या है?'
शिष्य मुन्नालाल के जिज्ञासु प्रश्न सुन आचार्यश्री मुस्करा दिये और फिर बोले, 'बहुत ही दुरूह प्रश्न किया है, तूने शिष्य। इसके आविष्कार-काल के संबंध में तो संभवतया त्रिदेव ब्रह्मंा, विष्णु, महेश भी अनभिज्ञ ही होंगे। पुत्र बस इतना कह सकता हूं कि यह सूत्र देव-काल से चला आ रहा है। देवता स्वयं अपने इष्ट को इसी सूत्र के माध्यम से प्रसन्न करते थे और स्वयं भी इसी से प्रसन्न होते थे। इतिहास पर थोड़ा और ध्यान दिया जाए तो कहा जा सकता है कि प्रथम, त्रेता में भरत ने भ्राता राम के प्रति निष्ठा व्यक्त करने में इस सूत्र के पांव पक्ष को साकार किया था। जब राम वन के लिए प्रस्थान कर गये थे, तो अनुज भरत ने सिंहासन उनकी चरण पादुका सुसज्जित कर अयोध्या का राज-काज चलाया था। तब से आज तक सफलता के इच्छुक जन् अपने इष्ट की चरण्-पादुकाएं सिर पर उठाए फिरते हैं।'
मुन्नालाल ने पुन: प्रश्न दोहराया, 'आचार्यश्री! इस सूत्र की विस्तृत विवेचना कर पारण विधि पर प्रकाश डालने का कष्ट करें!'
आचार्यश्री काशीफल के समान गंभीर मुख-मुद्रा बनाते हुए कहा, 'पुत्र पांव का सीधा अर्थ है, चरण-स्पर्श। पान उपहार का प्रतीक है और पूजा से तात्पर्य है, स्तुति-ज्ञान!' इतना कहने के उपरांत आचार्यश्री ने सफल नेता के समान मुख-मुद्रा में पुन: परिवर्तन किया और काशीफल की भाजी सा लिप-लिपा मुंह बना कर बोले, 'पुत्र! जिस किसी किसी भी जीव से तेरी स्वार्थ पूर्ति की संभावना हो, उसके चरण पकड़ जमीन पर लंबवत लेट जा। साष्टांग प्रणाम भी उसे ही कहते हैं। यह मत देख की उसके चरण कीचड़ में धंसे हैं। बस उन्हें कीचड़ में कमल के समान समझ 'चरण-कमल' के सदृश्य महत्व दे। दिन में जितनी बार भी भेंट हो, चरण-स्पर्श के साथ ही प्रारंभ होनी चाहिए। प्रहर की ओर ध्यान मत दे, प्रत्येक भेंट का समय तेरे लिए 'गुडमॉर्निग' ही होना चाहिए।'
मुन्नालाल ने प्रश्नवाचक दृष्टिं से आचार्यश्री की ओर देखा और बोला, 'स्वाभिमान..?'
उसकी जिज्ञासा को मध्य ही में लपकते हुए आचार्यश्री धिक्कार स्वर में बोले, 'मूर्ख! ..स्वाभिमान क्या होता है? स्वाभिमान तो मूर्ख व्यक्तियों का आभूषण है। श्रेष्ठजन, प्रगतिशील जन् इस प्रकार के आभूषण उतारकर खूंटी पर टांग देते हैं, क्योंकि स्वाभिमान-अवगुण प्रगति में टांग अड़ाता है।'
मुन्नालाल ने पुन: प्रश्नवाचक दृष्टिं से आचार्यश्री की ओर निहारा। उसकी जिज्ञासा का भाव भांप आचार्यश्री बोले यदि तेरे घर में खूंटी नहीं है और तू स्वाभिमान को अपने साथ ही टांगे रखना चाहता है, तो भी चरण-स्पर्श में तेरा स्वाभिमान आहत नहीं होता है। ..प्रिय शिष्य! तू चरण-स्पर्श कर श्रद्धा का बचाए रख। मन-मन में गाली देता रह। कौन सुनता है? चरण-स्पर्श कर भले ही मन में 'गुरु जी पनही लागै' का उच्चारण कर। इस प्रकार श्रद्धा सुरक्षित रहेगी, तो तेरा स्वाभिमान भी सुरक्षित रह जाएगा। चरण-स्पर्श के समान ही, प्रिया शिष्य 'पूजा' तत्व को अपना। तेरा इष्ट भले ही अवगुणों का भण्डार हो, किंतु तेरे लिए वह सद्गुणों की साक्षात प्रतिमा है। अंतर्मन में भले ही कुछ हो, किंतु उसके लिए तेरे मुख से स्तुति-गान के बोल ही निकलने चाहिए। आपने इष्ट की गंदी आदत पहचान और उन्हें सद्गुण समझ इष्ट की इच्छा पूर्ति कर। यदि उसमें ऐसी आदतों का अभाव है, तो उत्पन्न कर। शराब, शबाब, कबाब सभी प्रकृति प्रदत्त हैं। बिना किसी भेद भाव के इष्ट को अर्पित कर। इसी शुभ कर्म का प्रतीक पान है।'
आचार्य श्री ने वाणी को क्षणिक विराम दिया और आगे कहा, 'अब तू इसका महत्व सुन। इस सूत्र के पारण से तुच्छ मनुष्य भी परम्-पद को प्राप्त होता है। ..शिष्य मुन्नालाल श्रद्धा को सुरक्षित रख, निष्ठा का त्याग कर, स्वाभिमान को खूंटी पर टांग और सूत्र का पारण कर परम्-पद की प्राप्ति कर। मेरा आशीर्वाद तेरे साथ है। तेरा कल्याण हो, पुत्र !'
संपर्क – 9868113044