Thursday, October 2, 2008

गांधी ने आत्महत्या कर ली!

हल्की-हल्की ठंड थी। रैंप पर हिठलाती माडल की तरह प्रकृति के अंग-प्रत्यंग चथड़े-चिथड़े कोहरे की भीनी चादर से बाहर झांकने का प्रयास कर रहे थे। सड़क को बोझ का अहसास कराती सरकारी बस मंजिल तक पहुंचने के लिए चेष्टा रत्ं थी। विभिन्न मुद्राओं में अपनी-अपनी सीटों पर पसरीं सवारियां भांति-भांति के जीवों की आकृति साकार कर रही थीं। कुछ सवारियां मुंह से बीड़ी का धुआं-धुआं उगल कोहरे की चिथड़ा चादर तार-तार कर फैशन शो के दर्शकों की तरह नग्न आंखों से प्रकृति के विराट स्वरूप के साक्षात दर्शन करने की चेष्टा कर रहीं थीं।
भ्रष्टाचार के शिष्टाचार में पगे विकासशील देश की तरह बस जैसे-तैसे कुछ ही सफर पूरा कर पाई थी कि झटके के साथ रुक गई। बस के साथ संवेदनशील रिश्ते जोड़ते हुए सवारियां शंका निवारण की मंशा से दरवाजे की तरफ मुखातिब होने लगीं। तभी खटपट-खटपट करते पुलिस वर्दीधारी कुछ लोगों ने बस के अंदर प्रवेश किया और अमेरिकी लहजे में सवारियों को अपनी-अपनी जगह बैठ जाने की हिदायत दे डाली। मिस्टर बुश की तर्ज पर उनकी दूसरी हिदायत थी, 'जिसके पास जो कुछ है निकाल दो।'
इसी के साथ उनमें से कुछ संयुक्त राष्ट्र प्रतिनिधियों की तरह सवारियों की खानातलाशी में जुट गए।
इकहरी धोती में लिपटा एक वृद्ध भी सवारियों की गिनती में इजाफा कर रहा था। वर्दीधारियों की चेतावनी कानों में टपकते ही उसने आंखों पर रखी गोल-गोल ऐनक के बटन नुमा शीशे साफ किए और इसी के साथ उनमें से एक व्यक्ति उसके पास पहुंच गया। तभी स्वयंभू कमांडर की आवाज गूंजी, 'अबे छोड़ ना! जाके बदन पै तो जूं भी भुख्खी मरे हैं, तू चला तिजाब वाले हथियार ढूंढनै। आगे बढ़ किसी सद्दाम अ देख।'
आतंक की स्याह लकीरों ने वृद्ध के चेहरे पर कश्मीर का नक्शा उतर आया था।
सीमापार आतंकियों की तरह अपना काम कर वर्दीधारी एक-एक कर रफूचक्कर हो गए। सरकारी कामकाज की तरह बस फिर अपने पथ पर अग्रसर हो गई।
समय और दूरी के अनुपात को झांसा देते हुए बस चंद फर्लाग की ही दूरी तय कर पाई थी पुराने चेहरे एक बार फिर बस के अंदर प्रगट हुए। मगर इस बार उनके चेहरे पर आतंकी रुआब नहीं चुनावी मौसम का नेताई सौम्य भाव था। बस में प्रवेश करते ही उनके स्वयंभू कमांडर ने हाथ जोड़ कर इस तरह बोलना शुरू किया मानों कोई नेता पिछले चुनावी वायदे पूरे न कर पाने के लिए क्षमा याचना के साथ वोट के लिए जनता के सामने पुन: याचिका दायर कर रहा हो।
थोपड़े पर सौम्य भाव उतारते हुए स्वयंभू कमांडर बोला, 'माफ करना भइया! परेसान करा, जे लो अपना माल-पत्ता। सुन भाई कंडटर्र जे ले, जिसके जितने थे बांट दें।'
हृदय परिवर्तित उनके व्यवहार को देख प्रश्न और आश्चर्य के भाव सवारियों के चेहरों पर भारत महान का नक्शा बन रहे थे, मिटा रहे थे।
इंसानी मूल्यों की तरह उतरते-चढ़ते भावों के बीच एक मुसाफिर के मुंह से अनायास ही निकला, 'अर्रे वाह! का ईमानदारी है तमैं तो ससुर पालिटिक्स में है ना चाइए था। तुम जैसेन लोग पालिटिक्स आ जावें तो, ससुर कुछ तो धरम-धोरों बचा रै।'
एक जुटता के साथ डिनर टेबुल पर काबिज पक्ष-विपक्ष की तरह आशा-निराशा के भाव स्वयंभू के चेहरे पर इस बार साथ-साथ काबिज थे।
मुसाफिर के सद्ंवचन सुन स्वयंभू बोला, 'ठीक कैरे ओ भइया! हम भी ससुर या ई चावै हैं। पालिटिक्स में कदम जमाने के लय्यां ई तमै या कष्ट दिया। ससुर! टिकट लेवें की ताई भी पैसा चइए अर चुनाव लड़वे की खातिर भी। बस याई जुगाड़ में दिन-रात एक कर रखी है। कोई बात नहीं! ऊपर वाले की जैसी मरजी।'
इस बार ऐनक वाले वृद्ध का बेदांती मुंह खुला, 'तो, फिर लोटा क्यों रहे हो?'
अंत:वस्त्रों की सीमा का अतिक्रमण करते हुए स्वयंभू बोला, 'बाब्बा! आगे साल्ला दरोग्गा खड़ा है, ख्भ् हजार में ठेक्का दिया था। तुमारे से सब मिलाकर क्भ् ही हाथ लगे, खाल्ली-पिल्ली में दस का अपनी जेब ते भरे?'
बस ठुमक-ठुमक कर पुन: आगे खिसकने लगी। अगले फर्लाग पर दरोगा तैनात थे। दरोगा जी ने हाथ दिया और खटाक की आवाज के साथ सेल्यूट के लहजे में ड्राइवर का पैर बस के ब्रेक पर पड़ा।
दरोगा जी ने बस के अंदर प्रवेश किया ड्राइवर से पूछा, 'सब कुछ ठीक है णा।'
ड्राइवर ने कहा, 'आपकी मेरबानी है, साब!'
ड्राइवर का सकारात्मक उत्तर सुन दरोगा जी के थोपड़े की चमड़ी म्0 अंश के कोण पर झुक ज्यामिति आकृति का निर्माण करने लगीं।
दरोगा जी को तसल्ली नहीं हुई। कन्फर्मेशन करने के लिहाज से इस बार उन्होंने जोर देकर पूछा, 'सब ठीक है णा, कोई राहजणी-वाजणी ता ना हुई।'
दरोगा जी को शौर्य चक्र प्रदान करने के लहजे में ड्राइवर ने जवाब दिया, 'साबबादुर के रैत्ते किस की मजाल, भला!'
ड्राइवर का कन्फर्म जवाब सुन साबबादुर का चेहरा तुषार पात से पीड़ित लता की तरह लटक गया। कद्दू सा बोझ भरा सिर लटकाए दरोगा के चरण बस से नीचे उतरे और वह कथक नृत्यांगना की मुद्रा में पेड़ के नीचे जा खड़ा हुआ।
अपनी धोती-लाठी संभाल वृद्ध महाशय भी उसी के साथ बस से उतर गए। बस फिर अपने गंतव्य की तरफ रेंगने लगी।
अहिंसक चप्पलें रगड़ते हुए वृद्ध महाशय ने दरोगा जी के समीप पहुंचे और हमदर्दी का परफ्यूम छिड़कते हुए बोले, 'साहब बहादुर! आप कुछ परेशान नजर आ रहे हैं। क्या आपकी परेशानी का कारण जान सकता हूं? मैं यदि आपके कुछ काम आ सका तो..।'
गुम चोट से पीड़ित दरोगा ने वृद्ध को झिड़का, 'के तो-तो..! तू के मेरा बाब्बा लगै। पैले अपनी परेसानी तै हल करलै। फिरै एक धोत्ति सी में लिपटा। लगै है, गरीबी रेख्खा के तले वाली रेख्खा के भी तलै का बाश्ंिादा सा, चला रामसिंह दरोग्गा की मुसीबत हल करवै। खोपड़ीए खराब ना कर, अपना रासता पकड़।'
वृद्ध ने अपने मधुर वचनों से दरोगा की चोट सहलाई और हमदर्दी की ऊष्मा से उसकी सिकाई की। ज़जबातों की गर्मी से दरोगा के सीने पर रखा पत्थर पिघलने लगा और इसी के साथ भावनाओं का स्रोत फूट पड़ा, 'कल कपतान साब के यहां सलाम ठोकने जाना है। अभी तक पचास हजार का भी जुगाड़ नहीं हुआ। साल्ला नेता भी धोख्खा दे गिया। पता नी फिरोत्ती वाला भी आएगा या नी।'
वृद्ध के बेदांती मुंह से निकला, फिरोती!
हां, एक समाजवादी से पकड़ कराई थी, दरोगा बोला।
कोहरे के चिथड़ा चादर धीरे-धीरे गायब होने लगी थी, प्रकृति के बदन से भी और वृद्ध के दिमाग से भी। इसी के साथ वृद्ध के चेहरे पर बिहार का नक्शा उभर आया।
अगले दिन कोहरे में लिपटी सुबह ने फिर मुंह चमकाया। कुछ नए उद्ंघाटनों के साथ, कुछ नए परिवर्तन और नए मूल्यों के साथ। नए मूल्य और परिभाषाओं के साथ वृद्ध सीधा मुख्यमंत्री निवास पहुंचा।
मुख्यमंत्री निवास पर आज कानून-व्यवस्था से संबद्ध प्रदेश के आला पुलिस अधिकारियों की बैठक थी। मुख्यमंत्री का दरबार सजा था, कानून-व्यवस्था स्थिति के ब्यौरे के साथ-साथ अधिकारी एक-एक कर मुख्यमंत्री के हुजूर में नजराना भी पेश कर रहे थे। नजराने के वजन के हिसाब से मुख्यमंत्री अधिकारियों की कर्तव्य परायणता, निष्ठंा और योग्यता जैसे नैतिक मूल्य परिभाषित कर रहे थे और उसी आधार पर पदोन्नति व तबादलों का निर्धारण।
वृद्ध, चिकनी चांद पकड़े टुकुर-टुकुर सब देखता रहा।
कानून-व्यवस्था का समीक्षा का दौर समाप्त हुआ। कानून-व्यवस्था के भार के साथ मुख्यमंत्री विश्राम कक्ष की तरफ चले गए। नजरानों का भार हल्का कर और नए दायित्व के भार से लदे अधिकारी एक-एक कर बाहर निकलने लगे। मगर खास कुछ अधिकारी अभी भी जमे थे। दरअसल अब सांप्रदायिक सौहार्द की बैठक शुरू होने जा रही थी।
नई सजधज के साथ मुख्यमंत्री का कक्ष में पुन: प्रवेश हुआ। मुख्यमंत्री जी बोल रहे थे, अधिकारी नोट कर रहे थे।
'प्रदेश में सांप्रदायिक सौहार्द की भावना लुप्त सी होती जा रही है। लगता है, यह शब्द ही पाताल में चला गया है। कहीं कोई हलचल नहीं। पाताल से पुन: निकाल कर लाना है, उसे जीवित करना
है। सांप्रदायिक सौहार्द हमारा नारा है, आदर्श है। देखा गया है, जब-जब दंगे हुए तब-तब
सांप्रदायिक सौहार्द का नारा बुलंद हुआ, लोगों में भावना जागृत हुई। इस विषय में हमें फिर सोचना होगा। याद रखें हम संप्रदाय के आधार पर मनुष्य-मनुष्य के बीच भेद नहीं करते, हमारे लिए सभी समान हैं। महान इस उद्देश्य को हासिल करने के लिए सभी संप्रदाय के लोगों का इस्तेमाल करना है। मगर ध्यान रखें हिंदू और मुसलमानों में सांप्रदायिक सौहार्द की भावना कुछ ज्यादा ही प्रबल है, इसलिए उनका इस्तेमाल विशेष रूप से किया जाना चाहिए। सांप्रदायिक सौहार्द हमारी प्राथमिकता है, जाओ प्रयास करों।'
बहनजी के संक्षिप्त मगर आध्यात्मिक प्रवचनों की तरह गूढ़ भाषण के रहस्य को आत्मसात कर अधिकारियों न अपनी-अपनी राह पकड़ी। मगर ठंड में सिकुड़े मेंढक की तरह वृद्ध कुछ देर तक वहीं पसरा रहा है, क्योंकि गूढ़ ज्ञान का रहस्य समझ में उसके भी आ गया था और रहस्य के आवेग से खिंची लकीरों ने उसके चेहरे पर उत्तर प्रदेश और गुजरात के मानचित्रों का एक साथ उतर आना रहस्य की गूढ़ता के पुख्ता सबूत बयान कर रहे थे।
मुख्यमंत्री जी के पास वह आया था, सफर की घटना का जिक्र करने, उस पर रोष व्यक्त करने अर्थात दरोगा की शिकायत करने। मगर वह ऐसा कर न सका। आत्मज्ञान प्राप्त हो जाने के बाद माया-मोह में लिप्त मनुष्य जिस तरह जगत मिथ्या का विचार मन में रख ब्रह्मं साक्षात्कार के लिए बेचैन होने लगता है, उसी तरह देश के शीर्ष कर्णधारों से भेंट करने के लिए वृद्ध बेचैन हो उठा। उसने सीधे देश की राजधानी की राह पकड़ी।
चमची-चमचों, पीए-पीओ और रथी-महारथियों के चक्रव्यूह का भेदन करते हुए अभिमन्यु की तरह वह देश के भीष्म पितामह 'गृह मंत्री' के सम्मुख प्रगट हो गया। सीनियर सिटीजन के रूप में अपना परिचय देते हुए उसने बैताल की कहानी की तरह शुरू से अंत तक की पूरी कहानी एक ही सांस में बयान कर दी।
वृद्ध की व्यथा-कथा सुन गृहमंत्री ने मरहम का फोया सा लगाते हुए कहा, 'महाशय ये सब राज-काज की बातें हैं, इनके चक्कर में क्यों पड़ते हो। व्यक्तिगत कोई समस्या हो तो बताओ।'
इसी के साथ मंत्री महोदय ने पीए साहब की तरफ इशारा किया और उसने वृद्ध की हथेली पर गांधी छाप दो नोट रखने का प्रयास किया।
नोट देख वृद्ध बांस की खरपच्ची की तरह कांप उठा, 'श्रीमान, प्रधानमंत्री राहत कोष से भीख लेने नहीं आया। देश गर्त में जा रहा है और आप राज-काज की बात कह कर टाल रहे हैं।'
मंत्रीजी मुस्कुराए, 'जब मुगल थे देश तब भी यहीं था। अंग्रेज आए चले गए, देश वहीं का वहीं है। फिर हमारे आने से देश गर्त में कैसे चला जाएगा?'
'देश गर्त में नहीं जा रहा है! कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है, भ्रष्टाचार चरम पर है। साध्य और साधन दोनों की ही पवित्रता नष्ट कर दी गई है। मेरा मुंह भी आप नोट दे कर बंद कर देना चाहते हैं, श्रीमान।' वृद्ध ने कुनैन के से कड़वे घूंट पीते हुए कहा।
गीता का सहज भाव आत्मसात करते हुए मंत्री जी ने कहा, ' तुम गलत कह रहे हो, महाशय!
साधन वही पवित्र कहलाया जाता है, जिससे साध्य की प्राप्ति हो जाए। इस तरह हम साध्य-साधन
दोनों ही की पवित्रता बरकरार रखने के लिए हमेशा ही प्रयास करते रहते हैं। वैसे भी साम, दाम, दण्ड, भेद का पाठ भी गांधी सरीखे महानुभाव ही पढ़ा कर गए हैं। हम तो गांधी के पुजारी हैं, महाशय! यह उन्हीं का रामराज है। जिस राज में कानून का शासन हो उसे रामराज कैसे कह सकते हैं? कानून की धुरी पर रामराज नहीं चला करते। जिसे मुद्रा विनिमय को आप भ्रष्टाचार कहते हैं, वह भी गांधी के ही सिद्धांतों का आदान-प्रदान है।'
सड़क पर खड़े होकर लघुशंका करने वाले भतीजी-भतीजो की शिकायत करने की मंशा से वह चाचा के पास गया था। चाचा को छत के ऊपर खड़े हो कर लघुशंका निवृत्त करते पाया। वृद्ध को जैसे लकवा मार गया।
सुरक्षा कर्मियों ने लकवा ग्रस्त वृद्ध का शरीर गृहमंत्री निवास के बाहर एक कोने में रख दिया। अगले दिन हिंदी समाचार पत्रों में दस लाइन का एक संक्षिप्त समाचार था, 'गृहमंत्री निवास के बाहर लावारिस हालत में एक वृद्ध का शव बरामद हुआ है। उसके शरीर पर मात्र एक धोती लिपटी थी और बदन पर लटके एक धागे से जेब घड़ी बंधी थी। शव के पास से ही घुन खाई एक लाठी भी बरामद हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वृद्ध भारत भ्रमण पर निकला था। पुलिस का मानना है कि वृद्ध ने आत्महत्या की है क्योंकि उसके शरीर पर चोट के निशान नहीं पाए गए, मगर चेहरे की झुर्रीयों के बीच भारत महान का मानचित्र अवश्य अंकित था। बाद में उसकी पहचान गांधी के रूप में की गई है। कुछ लोगों का मानना है कि महात्मा गांधी नाम का एक व्यक्ति स्वतंत्रता सेनानी हुआ करता था। गृहमंत्री ने घटना के बारे में अनभिज्ञता जाहिर की है।'

Friday, August 15, 2008

मुक्ति बोध

भाग्यहीन है, वह!
जिंदा है, मगर मरी समान!
कुछ लोग तो सब्र कर ही बैठ गए, वह किसी आतंकवादी की गोली की शिकार हो गई होगी अथवा उसका अपहरण कर लिया गया होगा!
सही सलामत होती, तो आशीर्वाद जरूर मिलता, उसका। किसी एक की पूंजी नहीं है, वह। वह तो जन-जन की मां है। सब की दुलारी है, वह।
किंतु, कमबख्त है, वह!
कुछ लोग उसकी उम्र का घटा जोड़ लगाने लगे हैं! रोज पैदा करते और रोज मारने लगे हैं, उसे!
उसके दत्तक पुत्रों का कहना है कि अब तो साठ पूरे कर इकसठ में पांव रख लिया है, उसने। सठिया गई है, वह!
आम आदमी त्रस्त है, घटा जोड़ के इस अंक गणित से। वह त्रस्त है, क्योंकि दिन, मास और वर्ष की सीमा रेखाओं में कैद कर लिया गया है, उसे!
मां की भी कोई उम्र होती है, भला! क्या मां भी कभी बचपन, जवानी और बुढ़ापे में कदम रखती है, भला!
इस तरह तो वह एक दिन मर भी जाएगी!
मां तो मां है!
शरीर तो नहीं कि रोज-रोज पैदा हो और रोज-रोज मरे!
कितना स्वार्थी हो गया है, आदमी! वस्तु की तरह उपभोग कर रहा है, उसका!
और, जो नि:स्वार्थ सान्निध्य चाहता है, उसका। जिसके लिए ही धरा पर अवतरण हुआ उसका। वही युगों-युगों से वंचित है। केवल उसके लिए ही वह जन्म मृत्यु से परे है।
अभागिन है वह!
दुर्भाग्य! कि वह कुछ लोगों की ही क्रीत दासी बन का रह गई। वह क्या बनी ताकतवर कुछ लोगों ने उसे कभी आजाद होने ही नहीं दिया!
जब से सभ्यता नाम की महामारी ने आदमी के झुंड में प्रवेश किया। ताकतवर चंद लोगों ने उस पर कब्जा कर लिया है। कितना अच्छा होता यदि आदमी सभ्य न होता। तब वह भी सर्व-सुलभ होती।
आदिम काल में जीता था, जब आदमी। वह भी आजाद थी और आदमी भी। आदमी ने जब से कथित सभ्यता का लबादा ओढ़ा है। आदमी सेवक से सामंत बन गया। न वह आजाद रही और न ही आदमी।
आजाद रहा तो केवल सामंत। लड़ते रहे आपस में उसके लिए। जो जीता वह आजाद रहा, जो हारा वह गुलाम। गुलाम के लिए वह मर गई और जीतने वाले ने उसकी उम्र की गणना
शुरू कर दी एक-दो-तीन।
गोरे आए, शरीर व बुद्धि दोनों में ताकतवर थे। सामंतों से छीन कब्जा जमा बैठे उस पर। कुछ के लिए एक बार फिर उसका देहावसान हो गया और कुछ के लिए पुनर्जन्म। गोरो ने भी उसकी उम्र का हिसाब किताब लगाया। वह पूरे डेढ़ सो वर्ष जिंदा रही उनके लिए।
बांझ नहीं है, वह।
भरा-पूरे परिवार है उसका, पिता भी पति भी और पुत्र भी।
मगर कुलक्षणी रही वह!
एक दिन सरफरोशी की तमन्ना जगी, सिरफिरे उसके पुत्रों के दिल में। टक्कर ले बैठे हुक्मरानों से। जज्बा था उनके दिल में उसे गोरों के चंगुल से मुक्त कराएंगे।
मुक्ति के नाम पर एक-एक कर एक हजार एक पुत्र होम कर दिये उसने!
सबेरा हुआ एक दिन। चारो तरफ शोर मचा- आजादी मुक्त हो गई गोरों की दासता से! हम भी आजाद हो गए! राम राज्य स्थापित हो गया!
मगर यह क्या! सब कुछ दिवास्वप्न था! कुछ लोगों के लिए वह जरूर फिर से पैदा हुई। मगर आम आदमी के लिए दोपहर आते-आते फिर मर गई!
मुक्ति कहां मिली, उसे। अपने होम हो गए और दत्तक पुत्र काबिज!
करमजली है वह।
नहीं, समझाया उसने अपने पुत्रों को।
कि सभ्य समाज में मुक्ति शब्द ही अर्थहीन है।
मुक्ति स्वयं ही मुक्त नहीं है।
मुक्ति यदि मुक्त हो गई तो फिर बंधन का क्या होगा!
सदियों से चली आ रही दास परंपरा का क्या होगा!
किसी की दासता, सामंतों के लिए मुक्ति है और उनकी मुक्ति, उनके लिए दासता।
नहीं, समझाया उसने अपने पुत्रों को!
बदनसीब थी वह!
न वह आजाद हुई थी और न ही आदमी। हुआ था बस एक हस्तांतरण। गोरों के चंगुल से मुक्त हुई थी वह, मगर कालों ने झपट लिया उसे। आम आदमी पहले भी गुलाम था आज भी गुलाम है।
पहले पर-अधीन थे! अब स्व-अधीन हैं!
अब तो सुना है सिर पीट-पीट कर उसने भी दम तोड़ दिया है और दत्तक पुत्रों ने उसकी लाश भी टुकड़े-टुकड़ों में बांट ली है। जिसके हाथ उसकी दौलत लगी, उसने कहा आर्थिक आजादी मिल गई। जिसके हाथ राज-काज लगा, उसने कहा राजनैतिक आजादी मिल गई। तीसरे टुकड़े को लेकर दोनों के बीच समझौता हुआ और उसके साथ ही घोषणा कर दी गई-'अब सामाजिक आजादी भी हमारी दासी हो गई!'
अच्छा होता वह किसी किसान की कुटिया की स्वामिनी होती, यदि! हलवा-पूरी न सही मगर
दासी तो न कहलाती। किसान कुछ अपनी कहता कुछ उसकी सुनता, यूं घुट-घुट कर तो न मरती!
अच्छा होता यदि वह किसी मजदूर का वरण कर लेती! मजदूरिन कहलाती, मगर बंधुआ तो नहीं! दिन भर मजदूरी करते रात को एक दूजे का दुख-सुख बांटते!
तब पुत्रवती हो कर भी कम से कम निपूती तो न कह लाती। वह बंधक है, मुक्त नहीं!
मुक्त रहना उसकी नियति नहीं!
वह अजन्मा है, इसलिए मरी नहीं!
मरना उसकी प्रकृति नहीं!
आदमी मूर्ख है,
खोजता है, उसे राजपथ पर!
लाल किले की प्राचीर पर!
संपर्क : 9717095225

Wednesday, August 6, 2008

नेता का विराट स्वरूप

भक्तजनों ने आग्रह किया- स्वामीजी! साधना के उपरांत ही सही, किंतु ईश्वर का ज्ञान संभव है। उसकी अनुभूति संभव है, किंतु यह नेता! नेता हमारे लिए अगम-अगोचर हो गया है। साधना, आराधना, प्रार्थना के उपरांत भी नेता का रहस्य समझ नहीं आ रहा है! कृपया कुछ प्रकाश नेता के रूप पर भी डालिए, ताकि हम लोकतांत्रिक जीव भी उसकी माया को जान सके और लोक-सागर से पार हो सकें।
भक्तजनों के आग्रह-स्वर श्रोत्रेंद्रियों में प्रवेश करते ही स्वामीजी के मुखारबिंदु से निकला, नेता! 'नेति-नेति' अर्थात यह भी नहीं यह भी नहीं। फिर स्वामीजी बोले जिसका उद्ंभव ही 'न' से हुआ हो उसका वर्णन शब्दों में कैसे संभव है? शब्द ज्ञान की अपनी सीमाएं हैं और नेता असीम है। फिर भी हे, भक्तजनों! सीमित शब्दावली में ही मैं नेता के असीम स्वरूप का वर्णन करने का प्रयास करता हूं।
'जुगाड़' की तरह अपने प्रवचन को आगे खींचते हुए स्वामीजी बोले, हे भक्तजनों! नेता सर्वव्यापी है, सर्वाकार है, निर्विवाद है, सद्ंचिदानंद है, जुगाड़ी है अर्थात सभी जुगाड़ों का स्त्रोत है। नेता के विराट स्वरूप का संक्षिप्त वर्णन करने के बाद स्वामीजी ने उसके एक-एक गुण का विस्तृत वर्णन कुछ इस प्रकार किया।
भक्तजनों! नेता सर्वव्यापी है, वह राष्ट्र के कण-कण में व्याप्त है। राजधानी से लेकर गांव-देहात तक की गली-मौहल्ले की हर ईट के नीचे वह विद्यमान है। हृदय निर्मल होना चाहिए घट-घट में नेता के दर्शन संभव हैं।
भक्तजनों, अब मैं नेता के सर्व-विवादित गुण का बखान करता हूं। सर्व-विवादित यह गुण है उसका स्वरूप। आदिकाल अर्थात जब से सृष्टिं में नेता नाम के जीव का उद्ंभव हुआ है, तभी से उसके स्वरूप को लेकर विवाद है। कहा जा सकता है कि नेता और उसका स्वरूप विवाद दोनों का उद्ंभव व विकास साथ-साथ ही हुआ है।
हे, भक्तजनों! विवादों के पार यदि देखा जाए तो नेता सर्वाकार है, बहुरूपी है।कभी-कभी उसे बहुरूपिया कह कर भी संबोधित किया जाता है। क्योंकि नेता लीलामय है, इसलिए भक्त ने उसके जिस रूप के दर्शन की इच्छा व्यक्त की नेता ने उसे उसी रूप में दर्शन दिये। उसके विभिन्न स्वरूप भक्त की भावना पर भी निर्भर करते हैं। शास्त्रों में कहा गया है-
'जाकी रही भावना जैसी, प्रभु मूरत देख तिन तैसी'
बहुरूपिया होने के बावजूद शास्त्रों में मूलतया उसके दो स्वरूपों का वर्णन प्रमुखता से मिलता है। आज के प्रवचनों में हम मुख्य रूप से इन्हीं दो रूपों की चर्चा करेंगे।
हे, भक्तजनों! शास्त्रों को घोट कर यदि निचोड़ा जाए तो नेता का मूल स्वरूप निराकार ही सिद्ध होता है। निराकार है, तभी तो जल-वायु और आकाश की तरह वह दल रूपी पात्र के अनुरूप आकार धारण कर लेता है, रंग बदल लेता है। निराकार है तभी तो वह घट-घट का वासी है और आड़ी-तिरछी उसकी टांग का आभास तभी तो प्रत्येक क्षेत्र में हो जाता है। स्नेह के वशीभूत भक्तजन कभी-कभी उसे घाट-घाट का जल ग्रहण-कर्ता भी कहते हैं। दर्शन देकर नेता अक्सर अंतर्धान हो जाता है, हवा हो जाता है, इसलिए ही उसका एक नाम हवाबाज भी है। ये सभी लक्षण उसके निराकार स्वरूप का वर्णन करते हैं।
नेता के निराकार स्वरूप का वर्णन कर अद्ंभूतानन्द जी महाराज ने अपने प्रवचन पर अर्ध विराम लगाया। भक्तों ने अगला प्रश्न उठाया, 'नेता जब निराकार है, तो दर्शन किसके?'
चिलम में दम लगाने की माफिक महाराज ने लंबी सांस खींची और फिर बोले, 'प्रश्न महत्वपूर्ण है।'
हे, भक्तजनों! नेता निराकार ही है। मगर जब-जब चुनाव सन्निकट होते हैं, भक्तों के आग्रह पर वह उम्मीदवार बनकर साकार रूप में अवतरित होता है। भक्तजनों यही कारण है कि चुनाव संपन्न हो जाने के बाद नेता अंतर्धान हो जाता है। वास्तव में तब वह अपने निराकार रूप में चला जाता है। इसलिए तुच्छ जन को उसके दर्शन नहीं होते। मगर जो प्राणी भक्ति-भाव (पांव-पान-पूजा) के साथ उसके विराट स्वरूप के सामने आत्मसमर्पण कर देते हैं, ऐसे भक्तों को वह निराकार स्वरूप में भी दर्शन देता है।
भक्तजनों, सभी जुगाड़ों का आदि स्त्रोत होने के कारण नेता को जुगाड़ी भी कहा गया है। जुगाड़ उसकी प्रकृति है, उसकी माया है। सृष्टि के तमाम जुगाड़ उसी के जुगाड़ से संचालित हैं। जिसके सहारे वह संपूर्ण राजनैतिक सृष्टिं का निर्माण करता है।
स्वामीजी, यह भ्रष्टाचार? हां, हां, भ्रष्टाचार!
भक्तजनों, भ्रष्टाचार भी उसी शक्ति पुंज जुगाड़ का एक अंश है। हे, भक्तजनों! जिस प्रकार जल से भरा कुंभ यदि जल ही में फूट जाए तो दोनों जल एक दूसरे में समा जाते हैं, एकाकार हो जाते हैं। उसी प्रकार की गति जुगाड़ व भ्रष्टाचार की है। इसलिए शास्त्रों में कहा गया है कि भ्रष्टाचार जुगाड़ है और जुगाड़ भ्रष्टाचार। नेता प्रथम भ्रष्टाचार के लिए जुगाड़ करता है, फिर भ्रष्टाचार के सहारे चुनाव के लिए धन का जुगाड़ करता है और फिर उसके सहारे चुनाव में विजयश्री प्राप्त करने का जुगाड़। विजयश्री प्राप्त हो जाने के बाद सरकार बनाने के जुगाड़ में व्यस्त हो जाता है। ये सभी उसकी लीलाएं हैं। ऐसी ही लीलाओं के माध्यम से संपूर्ण राजनैतिक सृष्टिं की संरचना का जुगाड़ फिट हो जाता है। यह जुगाड़ ही की माया है कि नेता कभी नहीं हारता, हमेशा जनता ही हारती है।
नेता निर्विवाद है। दुनिया के संपूर्ण प्रपंच उसकी माया है, लीला है। मर्यादा स्थापना हेतु प्रपंच करना उसका परम कर्तव्य है। प्रपंच के माध्यम से वह लोकतंत्र वासियों को उनके कर्तव्य- अकर्तव्य का बोध कराता है। क्योंकि वह कीचड़ में कमल की भांति, प्रपंच करते हुए भी उनमें लिप्त नहीं होता। वह प्रपंच कर्म भी सहज भाव से करता है, इसलिए निर्विकारी है, निर्विवाद है,
सभी विवादों से परे हैं।
नेता का असत्य भी सत्य हैं, क्योंकि सत्य के मानदंड, सत्य की परिभाषा परिवर्तनशील हैं, इसलिये समय के अनुरूप नेता ही सत्य के मानदंड व परिभाषा तय करता है। इसलिये ही शास्त्रों में नेता को सत्ं और जनता को असत्ं कहा गया है।
नेता चित्स्वरूप भी है। राजनीति की समस्त चेतना नेता ही से प्रवाहित है। नेता को शक्ति पुंज कहा गया है। लोकतंत्र के लोक और तंत्र दोनों ही का चेतना स्त्रोत नेता ही है। लोकतंत्र रूपी सृष्टिं के संपूर्ण चक्र-कुचक्र नेता की ही माया से संचालित हैं। लोकतंत्र का जुगाड़ उसी की चेतना से गतिशील है। क्योंकि वह सत् है, चित् है, इसलिए वह आनंद स्वरूप है। वह आनंद स्वरूप है, इसलिए ही जनता दुखानंद रूप है। जनता का दुख ही नेता का आनंद है और उसका आनंद जनता का दुख है। यही लोकतंत्र का नियम है। शेष कल भक्तजनों, आओ अब नेता के उस विराट स्वरूप की आरती उतारे। धन्य-धन्य के सुर के साथ भक्तजन अपने-अपने स्थान पर खड़े हो कर आरती गुनगुनाने लगते हैं।

Thursday, July 31, 2008

तिजोरी में सुरक्षित लोकतंत्र !

विश्वास मत के दौरान संसद के अंदर-बाहर जो कुछ हुआ। विश्वास मत से पूर्व और उसके बाद जो कुछ हो रहा है। उस पर विभिन्न प्रकार की टिप्पणियां सुनने-पढ़ने को मिली। मसलन- लोकतंत्र हुआ शर्मसार, सरकार जीती लोकतंत्र हारा, सरकार बची शाख गई, लोकतंत्र की हत्या, शर्म भी हुई शर्मिदा आदि, आदि! हवा में उछाले गए इन जुमलों में से मैं किसी के साथ इत्ति़फा़क नहीं रखता हूं। न-इत्ति़फा़की बिना वजह की नहीं है। इन जुमलों को लेकर मैंने गहन अध्ययन किया है, शोध किया है, विचार-मंथन किया है। दिलोजान के साथ मेहनत करने के बाद ही मैं न-इत्ति़फा़की की मंजिल पर पहुंचा हूं।
पता नहीं क्यों लोकतंत्र की हत्या, लोकतंत्र की हार, लोकतंत्र शर्मसार जैसे शब्द हवा में उछालकर सास-बहू के इस सीरियल में क्यों लोकतंत्र को घसीटा गया। इस प्रकार के जुमले उछालने वालों से मेरा एक ही सवाल है, अरे भाई! लोकतंत्र इस समूचे सीरियल में था कहां? लोकतंत्र वैसे भी यहां, है कहां? लोकतंत्र तो उन तिजोरियों में सुरक्षित है, हार्स ट्रेडिंग के लिए जिनसे दौलत निकाली गई थी! लोकतंत्र होगा, तभी तो उसे जहमत आएगी! जिसका यहां अस्तित्व ही नहीं, उसे कैसी जहमत! इस पूरे प्रकरण में कहीं भी, किसी भी क्षण लोकतंत्र की सेहत को आंच नहीं आई, मैं पूरे यकीन के साथ कह रहा हूं। 'लोकतंत्र कैसे हुआ शर्मसार, शर्म आखिर क्यों हुई शर्मिदा' इन मुद्दों पर भी बुद्धि के घोड़े दौड़ाए। यहां यह बता देना अति- आवश्यक है कि मेरे घोड़ों के आगे किसी ने घास नहीं डाली, अत: दौड़ाने के लिए वे उपलब्ध थे। 'शर्म' शब्द के अर्थ जानने के लिए मैंने राजनैतिक-शब्दकोष का एक-एक पन्ने पलटा, मगर दुर्भाग्य की शब्दकोष के किसी भी पन्ने पर मुझे 'शर्म' शब्द के दर्शन नहीं हुए। एक पन्ने पर 'अपमान-अभेद्य' शब्द अवश्य प्राप्त हुआ। अंग्रेजी में शायद इसे ही 'इंसल्ट प्रूफ' कहते हैं। राजनीति के लिए बहुत ही फलदायक शब्द है। प्रगति कारक शब्द है। राजनीति में सफलता के लिए ऐसे ही शब्दों की आवश्यकता है। 'शर्म' जैसे दकियानूसी शब्दों का न होना ही कल्याणकारी है!
पन्ने-दर-पन्ने पलटने के बाद मैं शब्दकोष के उन अंतिम पन्नों पर पहुंचा, जिन पर अक्सर मुहावरे, लोकोक्तियां व कहावतें आदि होते हैं। वहां जाकर कुछ राहत का अहसास हुआ। उस पन्ने पर अनमोल वचनों के रूप में कुछ महान विभूतियों के उद्गारों का उल्लेख था। उन्हीं अनमोल वचनों के मध्य एक अनमोल वचन था- शर्म स्वयं शर्मिदा होने के लिए नहीं दूसरों को शर्मिदा करने के लिए प्रयुक्त की जाती है। इस अनमोल वचन के उद्गार-कर्ता के नाम के स्थान पर लिखा था-अज्ञात! मन ही मन उस अज्ञात-आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की, जिसने ऐसे अनमोल वचन उद्गारित कर राजनीति को नए आयाम दिए।
विश्वास मत के कथानक पर आधारित इस सास-बहू सीरियल में 'राष्ट्र-अहित' को लेकर भी सीरिअस चिंता व्यक्त की गई। विभिन्न संवादों में यह शब्द सीरियल के प्रथम एपिसोड 'डील की फील' से ही शुरू हो गया था। डील के पक्षधरों ने कहा-डील के विरोध में राष्ट्र का अहित है। इससे उलट डील विरोधियों ने कहा- डील का समर्थन करना राष्ट्र का अहित करना है। मगर अहित भरी यह चिंता भी औचित्यहीन नजर आई! क्योंकि, डील समर्थकों ने भी राष्ट्रहित में समर्थन किया। डील का विरोध करने वाले दलों ने भी राष्ट्रहित में ही समर्थन वापस लिया। जिन्होंने विश्वास मत के समर्थन में वोट नहीं दिए, उसका कारण भी राष्ट्रहित ही था। नोट लेकर वोट देने वालों के लिए भी राष्ट्रहित ही प्रेरणा का स्रोत था और जिन्होंने सदन में नोट लहराए, उनके लिए भी राष्ट्रहित ही सर्वोपरि था। चहुओर राष्ट्रहित ही राष्ट्रहित था। प्रत्येक राष्ट्रहित के प्रति समर्पित दिखलाई दिया। जिस देश के नेताओं के अंतर्मन में राष्ट्रहित के प्रति ऐसा समर्पित भाव हो, भला उस देश के शब्दकोष में 'राष्ट्र-अहित' जैसे शब्दों का क्या औचित्य!
'हार्स ट्रेडिंग' बे-बात की बात का बतंगड़! हार्स ट्रेडिंग हुई तो इसमें आश्चर्य क्या? अरे, भाई! बाजार है, बाजार में घोड़े हैं, घोड़े बिकाऊ हैं, घोड़ों के खरीददार हैं, मौका भी है और दस्तूर भी। फिर तो घोड़ों की खरीद-फरोख्त होना स्वाभाविक ही है। घोड़े-गधे सब एक भाव बिक गए, इस पर भी हंगामा क्यों? अरे मांग-आपूर्ति का सिद्धांत है, बाजार का दस्तूर है। जब मांग आपूर्ति से ज्यादा हो, तो गधे-घोड़े एक भाव बिकते ही हैं! नहीं, नहीं भाई! जब बाजार ही गधे-घोड़ों का हो, तो शेर कहां से आए? अब आप ही बताएं, क्या मेरी न-इत्तिफा़की नाजायज है?
संपर्क-9717095225

Saturday, June 14, 2008

मूछों से घुटनों पर उतरती राजनीति

ग्लोबल कोई समस्या हो अथवा राजनीति घुटनों पर ही वार करती है। अब महंगाई को ही लीजिए, कमबख्त जब से ग्लोबल हुई है, उसने जनता के घुटने तोड़ दिए हैं। हालांकि महंगाई जनता को परेशान तब भी करती थी, जब देसी थी, मगर तब बदन में खुजली-सी ही करके रह जाती थी। जनता को घुटनों के बल रेंगने के लिए मजबूर नहीं करती थी। अब ग्लोबल राजनीति को देखलें, पहले अफगानिस्तान में तालिबान के घुटने तोड़े, फिर ईराक में सद्दाम के। पाकिस्तान के घुटने भी सुरक्षित नहीं हैं, ग्लोबल राजनीति उसके घुटनों पर मीठी-मीठी मार कर उन्हें कमजोर करने में लगी है। मोटे तौर पर देख जाए, ग्लोबल राजनीति से प्रेरणा प्राप्त कर अपनी देसी राजनीति भी ग्लोबल ही हो गई है। और, स्वदेशी राजनीति डायनासॉर की गति को प्राप्त हो गई है।

दरअसल राजनीति अब मूंछों से उतर कर, घुटनों पर आ गई है। लड़ाई व्यक्तिगत स्तर पर हो अथवा दलीय स्तर पर निशाना घुटनों पर ही साधा जाता है। आजकल इसके लिए विपक्ष हथियार के रूप में महंगाई का बेहतर इस्तेमाल कर रहा है। महंगाई से सरकार के घुटनों पर वार कर रहा है। सरकार को घुटनों के बल रेंगने के लिए मजबूर कर रहा है। इस तथ्य से भी इनकार नहीं किया जा सकता कि पूर्व में लड़ाई भले ही मूंछों की रही हो, लेकिन घुटनों का महत्व दब भी कम नहीं था। उस समय भी प्रतिद्वंद्वी की मूंछें नीची करने की अपेक्षा उसे घुटने टेकने के लिए मजबूर करने पर ज्यादा जोर दिया जाता था। लेकिन अब तो हालात बिलकुल ही बदल गए हैं। राजनीति में अब मूंछें अल्पसंख्यक हो गई हैं। ग्लोबल राजनीति के जितने भी घुटने टिकाऊ राष्ट्राध्यक्ष हैं, वह चाहे अमेरिका का हो अथवा ब्रिटेन का या हो चीन का सभी मूंछ विहीन हैं। देसी राजनीति की तो बात ही अलग है। इतिहास गवाह है, भारतीय राजनीति में मूंछ-विहीन नेता ही सफलता को प्राप्त हुए हैं। कुछ नेताओं के अधरों पर अवश्य मूंछें दिखलाई दे जाती हैं, किंतु उन्हें मूंछ कहना मूंछों का अपमान है। दरअसल वे मूंछों के अवशेष हैं, जो भविष्य में मानवशास्त्रियों के लिए अध्ययन में सहायक सिद्ध होंगी।

मर्दो की शान कहे जाने वाली मूंछ-संस्कृति के पतन का आखिर कारण क्या है, विशेषरूप से राजनीति में? इस ज्वलंत विषय पर हमने गहन अध्ययन किया है। अध्ययन के उपरांत हम इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि मूंछें प्रगति में बाधक हैं। व्यक्ति हो अथवा नेता वही तरक्की को प्राप्त हुआ है, जिसने मूंछों को प्रमुखता प्रदान नहीं की है। दरअसल मूंछें नाक का बाल बनने में अवरोध उत्पन्न करती हैं और तरक्की व्यक्तिगत जीवन में करनी हो अथवा सार्वजनिक जीवन में किसी की नाक का बाल बनना परमावश्यक है। राजनीति में तो नाक का बाल विशेष महत्व रखता है। मूंछ-संस्कृति के पतन का दूसरा प्रमुख कारण है, मूंछों का स्टिंग-ऑपरेशन में सहायक सिद्ध होना। दरअसल मुछंदर व्यक्ति जब कभी मलाई चाटता है, तो मूंछें चुगली कर देती हैं, गोपनीय तथ्य को उजागर कर देती हैं। नेताओं के लिए यह विकट समस्या है, क्योंकि मलाई चाटना उनकी आदत है। अत: मूंछें अनुपयोगी हैं और अनुपयोगी मूंछों के भार से अधरों को भार-संपन्न करने का औचित्य क्या?

घुटनों का महत्व भी यद्यपि पुरातन काल से ही है, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता उन्हें एनडीए सरकार के समय प्राप्त हुई थी। उस समय सरकार के भाजपाई घुटने कुछ कमजोर पड़ गए थे, अत: पेंगुइन की चाल चलती-चलती सरकार सत्ता से बाहर हो गई। क्योंकि घुटने सरकार के थे, अत: राष्ट्रीय महत्व मिलना स्वाभाविक था। सुना है, अब भाजपा ने नए घुटने तलाश लिए हैं, देखना यह होगा कि नए घुटनों में कितनी जान है। एनडीए की सत्ता में वापसी करा पाते हैं, अथवा नहीं।

घुटनों के संबंध में प्रसिद्ध यह जुमला : 'गिरते हैं शह -सवार ही मैदान-ए-जंग में, वो क्या खाक जीएंगे जो घुटनों के बल चलते हैं।' भी घुटनों के महत्व को दर्शाता है, मगर अब स्थिति बदल गई है। अब वे ही लोग जीते हैं, जो अपने बॉस के सामने घुटनों के बल रेंगते हैं। सीधे घुटने वाले शख्स अक्सर गिरते देखे गए हैं। दरअसल घुटनों के बल रेंगना अब कला का रूप ले चुका है। आधुनिक युग में पांव-पान-पूजा की संस्कृति का महत्व भी बढ़ा है और उसमें भी घुटनों को महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त है। क्योंकि, पूजा वही उत्तम कह लाई जाती है, जो घुटनों के बल बैठकर की जाती है और पांव छूने के लिए भी घटने मोड़ने ही पड़ते हैं। अत: मूछों की अपेक्षा अब घुटनों की राजनीति का महत्व बढ़ता जा रहा है।

संपर्क ः 9717095225

Sunday, June 1, 2008

मंत्री जी की अंगूठी

बिना विभाग के मंत्री जी ने उच्चस्तरीय कमेटी की बैठक बुलाई। बैठक में राष्ट्र के सर्वागीण विकास से संबद्ध योजना पर चर्चा की जानी थी। क्योंकि मंत्रालय बिना विभाग का था, इसलिए सर्वागीण विकास पर ही चर्चा लाजिम थी और मजबूरी भी। कांफ्रेंस हाल में एक-एक कर विभाग के सभी उच्चधिकारी उपस्थित हो चुके थे। बस शेष रह गए थे मंत्री जी। उपस्थिति पूर्ण होने की सूचना मंत्री जी के पास भेजी गई और इसी के साथ मोबाइल पर बतियाते-बतियाते मंत्री जी ने कांफ्रेंस हाल में प्रवेश किया। एक-एक कर सभी मातहतों ने उनकी चरण वंदना की। चरण वंदना कराना मंत्री जी का शौक था और करना मातहतों का परम कर्तव्य। चरण वंदना के घनत्व के आधार पर मंत्री जी अपने मातहतों की निष्ठा, कर्तव्य और कर्तव्य के प्रति ईमानदारी का आंकलन करते हैं।

मंत्री जी ने मोबाइल पीए साहब के हाथ में थमाया और दोनों हाथों की अंगुलियां एक दूसरे के बीच फंसाने की अदा का प्रदर्शन करते हुए तशरीफ का टोकरा कुर्सी पर टिकाया। मंत्री जी अभी पूरी तरह टिक भी न पाए थे कि दाएं हाथ की अंगुलियों से बांए हाथ की अंगुलियों के उद्ंगम स्थल को सहलाते हुए हवा में ऐसे उछले मानो कुर्सी के नीचे किसी ने आग लगा दी हो। इसके साथ ही उनके मुंह से निकला, 'हाय, मेरी अंगूठी!'

समूचा कांफ्रेंस हाल 'हाय मेरी अंगूठी' की प्रतिध्वनि से गुंजायमान हो गया।

पीए के मुंह से निकला 'हाय, मेरी अंगूठी' सचिव के मुंह से निकला 'हाय, मंत्री जी की अंगूठी'

मैडम बटरफ्लाई के मुंह से निकला 'हाय! उनकी अंगुठी।'

मानों सभी के टेप में एक ही नारा रिकार्ड था, 'हाय, अंगूठी-हाय अंगूठी।'

वैसे तो बिना विभाग के मंत्रालय के वरिष्ठं-कनिष्ठं सभी अधिकारी व्यवहारिक प्रकृति के जीव थे अर्थात प्रेक्टिकल एप्रोची थे। सभी अधिकारी खुला मक्खन हाथ में लिए घूमते थे, मगर मक्खनी आंखों वाली मैडम बटरफ्लाई उनमें बेजोड़ थी।

बटरफ्लाई मैडम का असली नाम नहीं था। असली नाम उनके स्वभाव से मेल नहीं खाता था। दरअसल मैडम बटरफ्लाई जब भी किसी की तरफ ताकती थी तो लगता था मानों उनकी आंखों से मक्खन की बौछार हो रही है। मंत्री व अधिकारियों के चारो तरफ ऐसे भिन-भिनाती रहती थी, जैसे फूल के चारों तरफ बटरफ्लाई और सुविधानुसार अपनी पसंद के किसी फूल पर काबिज होने के बाद उसके पराग का रसास्वादन तब तक जारी रखती थी, जब तक निचुड़ा फूल निरीह अवस्था में धरती की तरफ ताकने के लिए मजबूर नहीं हो जाए। ऐसे ही कई फूलों को वह मोक्ष की अवस्था तक पहुंचाने में सफलता प्राप्त कर चुकी थी। इसी विशेषता का आकलन करते हुए उनके सहकर्मियों ने उनका नाम बटरफ्लाई रख दिया था।

मंत्री जी के चेहरे पर पुरवा हवा के शुष्क झोंके स्पष्ट दिखलाई दे रहे थे। उन्हें लग रहा था, अंगुली से अंगूठी नहीं, वर्षो की कड़ी मेहनत से प्राप्त कुर्सी आज यकायक खिसक रही है।

मनुष्य जब-जब भी संकटावस्था में होता है, उसका अध्यात्म जागृत हो जाता है। कुछ क्षण के लिए मंत्री जी भी अध्यात्म की गंगा में सशरीर गोते लगाने लगे। सामने पड़ी कुर्सी आज उन्हें रज्जाू में सर्प की भांति भ्रम लग रही थी। जगत के मिथ्यात्व का यथार्थ ज्ञान पुष्ट हो रहा था। अत: वह कुर्सी पर पुन: विराजमान होने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे।

कांफ्रेंस हाल मौन था। मंत्री जी के सामने सभी अधिकारी हाथ बंधे सिर झुकाए गिरजाघर में एकत्रित श्रद्धालुओं की मुद्रा में खडे़ थे। मैडम बटरफ्लाई ने मौन तोड़ा, 'सर! क्या हुआ, आप की अंगूठी को? घर तो ठीक-ठाक थी!'

अबोध किसी बालक के समान रुंधे गले से मंत्री जी बोले, 'कहीं गिर गई।'

समूचे कांफ्रेंस हाल के मुंह से निकला, 'गिर गई!' और गिर गई की इस आवाज के साथ ही समूचा कांफ्रेंस हाल गतिमान हो गया। मैडम बटरफ्लाई ने मौके की नजाकत भांपते हुए मंत्री जी के चरणों में मोर्चा जमाया और वह दंडवत अंदाज में उनके चरण तले अंगूठी खोजने लगी। मैडम का अनुसरण करते हुए जो जहां खड़ा था, वहीं झुका और अपने-अपने पैरों तले अंगूठी ऐसे खोजने लगा, मानो मंत्री जी की अंगूठी नहीं उनके पैरों तले की जमीन खिसक गई हो। यह मंत्री जी के प्रति उनकी निष्ठा का प्रदर्शन था।

सचिव साहब ने हाल के चारों कोनों की खाक उड़ाई तो पीए साहब ने फर्श पर बिछे गलीचे की। मानों अंगूठी नहीं, राजनीति की गेंद हो गई थी, अंगूठी। अत: सभी ने अपने-अपने पाले में तलाशी। मगर गेंद किसी के हाथ नहीं लग पाई। शायद किसी और के पाले में चली गई थी। राजनीति स्वयं गेंद खिसकाने का खेल है। एक दूसरे के पाले में खिसका कर खिलाड़ी स्वयं ही ताली बजाते हैं।

तलाश की हताशा के बाद मैडम बटरफ्लाई ने मंत्री जी का हाथ पकड़ा और दिलासा के साथ उन्हें कुर्सी पर बिठाया। एक-एक कर सभी अपने-अपने आसन पर विराजमान हो गए और अंगूठी को लेकर चिंतन-मंथन का दौर शुरू हुआ। पहल पुन: मैडम ही ने की, 'सर! घर फोन करूं शायद वहीं छूट गई हो।'

'नहीं! कमबख्त फोन भी नहीं मिल रहा है।'

'सर! यह तो अपशकुन है। अंगूठी भी गायब है, फोन भी नहीं मिला!'

'यही सोच-सोच कर तो मैं चिंतित हूं।'

सचिव बोले, 'सर! मुझे तो इस मामले में विपक्ष की साजिश लगती है।'

'ठीक ही कहते हो, मेहता जी। विदेशी हाथ भी हो सकता है।' पीए साहब बोले।

मंत्री जी ने चेहरे पर हाथ फेरा और बोले, 'मुझे अपनी कुर्सी की चिंता नहीं है, मेहता साहब। हालांकि बाल्टी बाबा से यह अंगूठी मिलने के बाद ही मुझे मंत्री पद मिला था। मगर इसी तरह यदि मंत्रियों की अंगूठियां गायब होती रही तो एक दिन सरकार का भी पतन हो जाएगा। सरकार यदि गिर गई तो इस देश का क्या होगा? बस मैं तो यही सोच-सोच कर परेशान हूं, मैडम!'

मक्खनी आंखों में आंसू छलकाते हुए मैडम बोली, 'ठीक कहते हो सर! आप हमेशा ही इस देश की चिंता में भुनते रहे हैं। अंगूठी का खोना मुझे भी किसी गंभीर साजिश का परिणाम लगता है।'

सचिव बोले, 'क्यों न इस बारे में प्रधानमंत्री जी को अवगत करा दिया जाए।'

बटरफ्लाई बोली, 'नोट तैयार करूं, सर!'

मंत्री जी ने सचिव को झाड़ पिलाई, 'मेहता साहब कभी-कभी तो मूर्खता की सभी हदें पार कर जाते हो। प्रधानमंत्री जी को बताने का नतीजा जानते हो? अभी इस मामले को यहीं दबा रहने दो।'

मंत्री जी का मोबाइल घन-घनाया। मंत्री जी जंग खाई तार से कांप गए। उन्हें लगा कि बात शायद प्रधानमंत्री जी तक पहुंच गई है और फोन त्यागपत्र देने का आदेश लिए हुए है।

मंत्री जी ने फोन ऑन किया, 'यऽऽऽस! यस, सर!!!'

आवाज प्रधानमंत्री की नहीं मंत्री जी की पत्‍‌नी की थी। हड़काने का लहजा लिए पत्‍‌नी की आवाज कान में पड़ी, 'अंगूठी भूल गए! हां, हां, हां, बाथरूम में।'

'ओऽऽऽहो! सॉरी, मैडम आज स्नान किया था।'

'मना किया था, स्नान मत किया करो, जब भी स्नान करते हो कोई न कोई अपशकुन हो जाता है।'

'वेरी सॉरी! आइंदा ध्यान रखूंगा।'

बटर फंलाई ने आंसू पोंछ मक्खन का सटीक उपयोग करते हुए पूछा, 'सर! कॉल कौन सी मैडम की थी?'

मंत्री जी के चेहरे पर भी पुरवा के स्थान पर पछवा हवा के अस्थाई चिन्ह प्रकट हुए और बोले, 'पत्‍‌नी की, अंगूठी मिल गई। आज स्नान किया था। अंगूठी बाथरूम में ही भूल आया। कमबख्त जब कभी स्नान करता हूं, कोई न कोई अपशकुन हो ही जाता है। अंगूठी बाल्टी बाबा ने दी थी। स्नान से परहेज करने की सलाह लोटा बाबा ने दी थी।'

'सऽऽऽर! इसी खुशी में फिर तो लंच हो जाए।'

बटफ्लाई के मुंह से लंच निकला और सचिव महोदय ने एक गाड़ी पंचतारा होटल रवाना कर दी और दूसरी गाड़ी अंगूठी लेने के लिए मंत्री जी के निवास पर। पत्‍‌नी पहले ही अंगूठी लेकर तीसरी गाड़ी मंत्री जी के कार्यालय की ओर रवाना कर चुकी थी।

शाम होते-होते प्रधानमंत्री कार्यालय से एक फरमान जारी हुआ, 'कोई भी मंत्री किसी भी स्थिति में अंगूठी नहीं उतारेगा। आदेश की अवहेलना करने वाले मंत्री के खिलाफ पोटा के तहत कार्रवाई की जा सकती है।'

आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष से विभिन्न रत्न जड़ित अंगूठियां तैयार कराने के आदेश भी दे दिए जा चुके थे। ताकि वक्त-जरूरत पर काम आ सके और सरकार पर आने वाले संभावित खतरे को टाला जा सके।

संपर्क : 9717095225

Saturday, May 31, 2008

मसला एक अदद लाइसेंस का है !

दिल्ली पुलिस ने एक चौराहे से ट्रैफिक पुलिस-वर्दी-धारी एक शख्स को गिरफ्तार किया। वह कमबख्त व्यवसायिक वाहनों से अवैध वसूली का गैर-कानूनी धंधा कर रहा था। फिर तो पुलिस ने गिरफ्तार करना ही था। उसे गिरफ्तार कर पुलिस ने वास्तव में कानून का पालन किया। यह आश्चर्य की बात नहीं है, पुलिस भी कभी-कभी कानून का पालन कर लेती है! वैसे तो पुलिस का काम केवल कानून का पालन करवाना है, कानून का पालन करना नहीं! हो, सकता है, कभी-कभी अभ्यास के लिए कानून का पालन करने संबंधी नागरिक-दायित्व का निर्वाह करना पुलिस की मजबूरी होती हो!

अब आप पूछेंगे कि उस शख्स की वसूली अवैध वसूली क्यों थी? पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कानून का पालन कैसे किया? प्रश्न के पक्ष में आपका तर्क होगा कि ट्रैफिक पुलिस की वर्दी पहने लोगों को आपने अक्सर वसूली करते देख है। एक-दो बार आपने भी जेब ढीली कर ऐसे कर्तव्यपरायण वर्दी-धारियों के राष्ट्रीय-दायित्व में महत्वपूर्ण योगदान दिया है आपका तर्क भी जायज है और प्रश्न भी।

आपका कहना उचित है कि टै्रफिक-पुलिस की वर्दी पहने लोग चौराहों, दोराहों, राजपथों, जनपथों पर अक्सर वसूली करते रहते हैं। मगर वसूली के इस परम्-कर्म के लिए उनके पास सरकारी लाइसेंस होता है, अत: उनकी वसूली वैध वसूली होती है। जिस कमबख्त को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, उसके पास ऐसा कोई लाइसेंस नहीं था। बस यही गलती थी, उस कमबख्त की। उसे यदि वसूली करनी ही थी, तो लाइसेंस न सही पुलिस विभाग से फ्रैंचाईज ही ले लेता। ट्रैफिक वार्डन बन जाता, खुल्ला-खेल फर्रुखाबादी खेलता! वैध वसूली करता!

संपर्क - 9717095225