Friday, January 11, 2008

हस्तिनापुर साम्राज्य में चुनाव-एक

युधिष्ठिर का आवेदन
सिंहासन के लिए कुरुवंश में व्याप्त अतंर्कलह के कारण हस्तिनापुर साम्राज्य में लोकतांत्रिक-शक्तियों ने सिर उठाना प्रारंभ कर दिया था। मामा शकुनी के प्रछन्न नेतृत्व में अतिवादी पहले ही राजशाही के विरुद्ध क्रांति का बिगुल फूंक चुके थे। यथार्थ में मामा एक साथ दो मोर्चो पर सक्रिय था। एक तरफ वे बहनोई धृतराष्ट्र और भांजे दुर्योधन के हृदय में पाण्डु-पुत्रों के विरुद्ध घृणा के बीज बो रहा था। राज-परिवार के अंतर्कलह का कारण घृणा के ही बीज थे। इसके साथ ही वे प्रछन्न रूप में राजशाही के विरुद्ध प्रजा के मध्य में अतिवादियों को हवा दे रहा था। बहन गांधारी का विवाह हस्तिनापुर-कुमार नेत्रहीन धृतराष्ट्र के साथ बलात करने से व्यथित वह अपमान का बदला लेना चाहता था। मामा गंधार देश का राजकुमार था और यह कहने की आवश्यकता नहीं है कि विदेशी-हाथ सदैव से ही भारतवर्ष के सामने समस्याएं उत्पन्न करता रहा है।
यह देखकर मामा अतिप्रसन्न था कि अतिवादी व विनम्रवादी दोनों ही गुट राजशाही के विरुद्ध मैदान में आ गए हैं। उसी समय विनम्रवादियों ने अतिवादियों से रक्त-क्रांति बंद कर लांकतात्रिक-मार्ग अपना ने का विनम्र निवेदन किया। विनम्रवादियों का तर्क था कि राजपरिवार की अंतर्कलह के कारण संभावित महाभारत युद्ध में जन-धन की भीषण हानि होगी और रक्तक्रांति में भी प्रजा का ही रक्त बहेगा। अत: हस्तिनापुर को महाभारत से बचाने के लिए गृहयुद्ध जैसे स्थिति उत्पन्न करने का कोई औचत्य नहीं है। अतिवादियों ने उनका निवेदन स्वीकार कर लिया और प्रजा-संसद का गठन कर कुरुवंश दोनों गुटों के मध्य रक्तहीन क्रांति के माध्यम से हस्तिनापुर साम्राज्य में राजशाही समाप्त कर लोकतंत्रिक पद्धति से चुनाव करने की घोषणा कर दी।
घोषणा के साथ ही हस्तिनापुर की प्रजा में प्रसन्नता व्याप्त हो गई। हस्तिनापुर के जिन मार्गो पर कभी राजसी वस्त्र धारक नर-नारी विचरण करते दिखलाई पड़ते थे, अब वहां खादी के वस्त्र और सफारी सूट धारक नेता दृष्टिंगोचर होने लगे थे। इसी के साथ कौरव व पाण्डव दोनो ही आजीविकाहीन अवस्था को प्राप्त हो गए। यद्यपि कौरवों में अभी राजसी अहम् के कुछ बीज शेष थी, क्योंकि संपत्ति की गर्मी अभी पूर्णतया समाप्त नहीं हुई थी।
पाण्डव तो पूर्व में भी आजीविका-संकट से त्रस्त थे, इसलिए धर्मराज युधिष्ठिर ने भ्राताओं को चुनाव स्वीकार करने का सुझाव दिया। युधिष्ठिर ने कहा हमें भी किसी राजनैतिक दल में सम्मिलित हो कर चुनाव के माध्यम से भाग्य की परीक्षा लेनी चाहिए, अधिक से अधिक विजयी नहीं होंगे, किंतु बनवास की त्रासदी तो सहन नहीं करनी पड़ेगी। जैसी की आशा थी सभी पाण्डु-पुत्रों ने भ्राता युधिष्ठिर का सुझाव सहर्ष स्वीकार कर लिया और युधिष्ठिर टिकट प्राप्ति की इच्छा लेकर एक दल के कार्यलय पहुंच गए।
पार्टी कार्यालय के विशालकाय हरित मैदान में टिकट पाने की आशा मन में संजोए रथी-महारथियों की भारी भीड़ जमा थी। कार्यालय में इंद्रप्रस्थ संसदीय क्षेत्र के टिकट के दावेदारों के साक्षात्कार चल रहा था। प्रिय द्रौपदीव चारों भ्राता के संग धर्मराज युधिष्ठिंर भी टिकट की पंक्ति में पंक्तिबद्ध हो गए। क्षणिक उपरांत के पश्चात आवाज लगी, 'धर्मराज युधिष्ठिंर हाजिर होऽऽऽ!' युधिष्ठिंर के मुख पर प्रसन्नता के भाव उत्पन्न हो गए। मुकुट अर्जुन को पकड़ाया, वस्त्रों की धूल झाड़ी, केश संवारे और प्रणाम के साथ चयन समिति के दरबार में हाजिर हुए। चयन समिति के एक सदस्य ने बैठने का इशारा किया। परंपरागत शालीनता का परिचय देते हुए युधिष्ठिंर ने धन्यवाद का उच्चारण कर आसन ग्रहण किया।
अब बारी प्रश्न करने की थी। पहला प्रश्न अध्यक्ष ने किया, 'वत्स! अपका जनाधार?'
- महाराज, मैं धर्म मार्ग का अनुयायी हूं। अत: इंद्रप्रस्थ में ही नहीं समूचे आर्याव‌र्त्त में धर्मराज के नाम से विख्यात हूं। धर्म ही मेरा आधार है।
अध्यक्ष मुस्कुराते हुए बोला, 'वत्स! राजनीति और धर्म, नहीं-नहीं! यह तो विवादास्पद विषय है। राजनीति में धर्म मिश्रित कर हम अपने दल को संप्रदायिकता के अलंकरण से विभूषित कराने की इच्छा नहीं रखते हैं। यह बताओ इंद्रप्रस्थ में तुम्हारी जाति व संप्रदाय के मतदाताओं की संख्या कितनी है? जनाधार का आकलन जाति व संप्रदाय के आधार पर ही किया जाता है।'
- महाराज, हम पांच भाई हैं..।
यधिष्ठिर गर्व के साथ भाइयों के नाम का भी उच्चारण करना चाहते थे, किंतु अध्यक्ष ने मध्य ही में हस्तक्षेप किया। पांच का अंक सुनते ही अध्यक्ष कसैला-कसैला सा ऐसा मुंह बनाया, मानों किसी ने उसके मुख में करेले का पानी भर दिया हो। इसके साथ ही उसके मुख से निकला, 'बस पांच! ..अच्छा, बाहुबल?'
- भ्राता अर्जुन आर्याव‌र्त्त के सर्वश्रेष्ठं धनुर्धर हैं। मंझले भ्राता भीम गजराज के समान बलशाली हैं। दोनों ही बंधु हमारे बाहुबल हैं। धर्मराज ने गर्व के साथ उत्तर दिया।
समिति के सचिव ने आश्चर्य-भाव के साथ कटाक्ष किया, 'वही अर्जुन! विपक्ष के प्रहार से बचने के लिए जिसने बृहन्नला का रूप धारण किया और हथेली बजा-बजा कर अपनी रक्षा की? ..नहीं, नहीं! पूर्व में अनेक बृहन्नला हमारी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर चुके है, बस और नहीं!'
क्षणिक मौन के उपरांत सचिव ने अगला प्रश्न किया, 'अच्छा यह बताओ, अर्जुन की रक्षा हेतु क्या इस चुनाव-संग्राम में भी तुम्हारी माता कर्ण से कुंडल व कवच प्राप्त करने में सफल हो पाएगीं?'
सचिव का प्रश्न सुन धर्मराज के चेहरे पर निराशा के भाव व्याप्त हो गए और पृथ्वी की दिशा में इस प्रकार शीश झुका दिया, मानो प्रिय द्रौपदी पुन: चीरहरण की त्रासदी से गुजर रही हो।
अगला प्रश्न अध्यक्ष ने किया, 'अच्छा, यह बताओ धर्मराज! चुनाव प्रचार के लिए क्या कोई सुंदरी तुम्हारे पास है या ऐसा कोई विषय या संदर्भ जिसके आधार पर तुम्हें सहानुभति-मत प्राप्त हो सकें?'
धर्मराज बोले, 'द्रौपदी, महाराज! हमारे पांचों भाइयों की संयुक्त पत्‍‌नी। वह अद्ंभुत सुंदर है। सहानुभूति प्राप्त करने के लिए उसके चीरहरण को विषय बनाया जा सकता है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि सहानुभूति-लहर हमारे पक्ष में होगी।'
सचिव ने फिर नाक-भौं सिकोड़ी और आश्चर्य व्यक्त किया, 'द्रोपदी! पांच भाइयों की संयुक्त पत्‍‌नी! धर्मराज हमारी पार्टी को कुलवधू नहीं नगर-वधुओं की आवश्यकता है।'
सचिव ने दीर्घ श्वास ली और पुन: बोला, 'चीरहरण ही नहीं, चीर ही अब चर्चा का विषय नहीं रहा है। चीर की पीर से परिचित द्रौपदियां अब चीर का परित्याग कर चुकी हैं। वत्स! तन पर जब चीर ही नहीं, तो फिर चीरहरण पर सहानुभूति कैसी? चीर विहीन अनेक द्रौपदियां हमारी पार्टी की सदस्या हैं और हमारी पार्टी स्वयं भी चीर-वीर जैसी औपचारिकताओं से परहेज करती है। अत: हमारे लिए चीरहरण न संकट का कारण है और न ही विवाद का विषय। वैसे भी चीरहरण के समय ही तुम उस पर विवाद उत्पन्न नहीं कर पाए, पांचों भाई सिर लटकाए बैठे रहे। संवाददाता सम्मेलन तो क्या, एक ज्ञापन तक जारी नहीं कर पाए। सहानुभूति तब नहीं बटोर पाए, तो अब क्या खाक बटोर पाओगे? अन्य कोई आधार?'
'महारथी भीष्म पितामह, तातश्री विदुर, कुलगुरु कृपाचार्य और गुरु द्रोण का नैतिक समर्थन हमारे साथ है।' धर्मराज ने गर्व के साथ बखान किया।
कुटिल मुस्कान के साथ सचिव पुन: बोला, 'यह महा-संग्राम है, वत्स! नीतिशास्त्र पर व्याख्यान देने के लिए महासभा का आयोजन नहीं। केवल नैतिक समर्थन नहीं, सक्रिय भागीदारी चाहिए। ऐसे महारथियों का हम क्या करेंगे, जिनका नैतिक समर्थन तुम्हारे साथ हो, किंतु युद्ध कौरवों के पक्ष में करें! नहीं, नहीं हमें ऐसे नैतिक समर्थन वाले नेता नहीं चाहिए।'
निराश युधिष्ठिंर ने टिकट की चौपड़ पर अंतिम पाशा फेंका, 'महाराज! भगवान कृष्ण का संपूर्ण आशीर्वाद हमारे साथ है।'
चयन समिति के अध्यक्ष ने ठहाका लगाया, 'वर्तमान राजनीति से अनभिज्ञ हे, धर्मराज! शायद तुम्हें वास्तविकता का ज्ञान नहीं है। वत्स! वर्तमान राजनीति का मुद्दा कृष्ण नहीं राम हैं। जब कभी राम का आशीर्वाद प्राप्त हो जाए तो टिकट की इच्छा लेकर हमारे पास आ जाना। तुम्हारे आवेदन पर हम सहानुभूति पूर्वक विचार करेंगे।'
(कल टिकट के लिए दुर्योधन का आवेदन पढ़े)