Tuesday, March 18, 2008

भारत रत्‍न गिल साहब!

भारतीय हॉकी टीम बीजिंग ओलंपिक में खेलने से वंचित रह गई। हॉकी टीम यदि 'टीम' होती तो बीजिंग में सैर-सपाटा करने से वंचित न रहती। पराजय को राष्ट्रीय शर्म का विषय बताया जा रहा है। समूचा राष्ट्र शरमसार है। केवल गिल साहब के अतिरिक्त! दरअसल गिल साहब प्रोफेशनल व्यक्ति हैं। प्रैक्टिकल अप्रोच वाले इनसान हैं। मेरा मानना है कि हॉकी को मोक्ष प्रदान करने के लिए वे कतई दोषी नहीं हैं। जो व्यक्ति गिल साहब की आलोचना कर रहे हैं, उनसे पूछना चाहूंगा कि संहारकर्ता को पुनर्जीवन का कार्य क्या सोच कर सौंप गया? मेरे दूसरा सवाल है- गिल साहब को हॉकी की बागडोर थमाते हुए क्या उन्हें बताया गया था कि आतंकवाद की तरह हॉकी को गडडी नहीं, चढ़ाना है, उसे पुनर्जीवित करना है?
राष्ट्रीय-चरित्र में 'शर्म' नाम का यह तत्व अचानक कहां से घुसपैंठ कर गया? मैं आश्चर्यचकित हूं! हकीकत में हॉकी टीम का ओलंपिक से वंचित रहना नहीं, राष्ट्रीय-चरित्र में 'शर्म' तत्व की घुसपैंठ शर्म का विषय है! गिल साहब की अध्यक्षता में चुनिंदा प्रोफेश्नल नेताओं की एक कमैटी गठित कर इस घुसपैंठ की जांच होनी चाहिए।
हॉकी को राष्ट्रीय खेल का दर्जा प्रदान करना, मेरे लिए आश्चर्य का पहला कारण है। पता नहीं किसने और क्यों अंग्रेजों के इस खेल को राष्ट्रीय-सम्मान से विभूषित करने की जुर्रत कर दी? भारत का राष्ट्रीय खेल कबड्डी होना चाहिए था। गूल्ली-डंडा हो सकता है। इनके अतिरिक्त कंचे-गोली को राष्ट्रीय खेल घोषित किया जा सकता था। ये सभी ऐसे खेल हैं, जो क्षेत्रवाद से ऊपर उठ कर गली-गली खेले जाते हैं। कंचे-गोली का तो जवाब नहीं! हमारी समूची राजनीति ही गोली बाजी पर आधारित है। ऐसा कौन सा दल और कौन से नेता है जो 'गोली' देने में माहिर नहीं है! यदि अंग्रेजों के खेल को ही राष्ट्रीय खेल का दर्जा देना है, तो क्रिकेट को दिया जा सकता है। ऊपर वाले की दुआ से आजकल क्रिकेट का झण्डा भी बुलंद है और खिलाडि़यों की बिकावली का बाजार भी गर्म है।
शरमसार होने का वैसे भी कोई औचित्य नहीं है, क्योंकि नाक ऊंची रखने के लिए हमारे पास एक नहीं अनेक विकल्प मौजूद हैं। हुड़दंगी-राजनैतिक संस्कृति क्या गर्व करने के लिए नाकाफी है? संसद से लेकर सड़क तक क्या हुड़दंग के खेल में हम किसी से पीछे हैं? भ्रष्टाचार में नित-निरंतर प्रगति क्या हमारे लिए राष्ट्रीय-गौरव का विषय नहीं हो सकता? राजनीति में भ्रष्टाचार की तरह वृद्धि को प्राप्त महंगाई पर क्या सिर ऊंचा नहीं कर सकते? ऐसी अनेकों उपलब्धि्यां राष्ट्रीय-कोष में जमा हैं, जिनपर गर्व किया जा सकता है। अत: राष्ट्रवासियों शर्म का त्याग करो। गिल साहब को भारतरत्‍न से सम्‍मानित करने की मांग करो!

Friday, March 14, 2008

युग-धर्म


सुना है,
सुनता आ रहा हूं।
आत्मा अमर है,
शरीर नश्वर है।
होते होंगे,
राम के त्रेता में,
कृष्ण के द्वापर में।
अब तो यह फ़लसफ़ा बेमानी सा लगता है।
दादी-नानी के मुंह से,
परियों की कहानी सा लगता है!
मैंने तो,
हर दिन, हर पल,
आत्मा को मरते देखा है।
---पढ़ा है,
पढ़ता आ रहा हूं।
आत्मा बदलती है, शरीर
पुराने कपड़ों की तरह।
बदलती होगी,
मैंने नहीं देखा!
हाँ, देखा है, बस!
आत्मा का आवरण
बदलते शरीरों को देखा है!
--यह त्रेता नहीं,
द्वापर नहीं,
कलियुग है!
आत्मघात ही,
इसका युग-धर्म है।
आत्मघात ही,
इसका युग-आदर्श है!
--- इसलिए ही,
मैं अंतरात्मा की आवाज पर
नित् आत्म-हत्या करता हूं।
तन-मन में
नित नई आत्मा भरता हूं।
फिर-फिर,
भ्रूण हत्या करता हूं।
क्योंकि इस युग में,
आत्मा नहीं,
शरीर अमर है।

संपर्क – 9717095225

Wednesday, March 12, 2008

अन्तरात्मा की आवाज

मुन्नालाल चांदी का नहीं, हाथ में सोने का झुंझुना लेकर पैदा हुआ था। काम के नाम पर बाप-दादा द्वारा छोड़ा गया झुंझुना बजाने के अलावा और कोई कार्य उसके पास नहीं था। खाली बैठे उसके मन में अध्यात्म-भाव जागृत हो गया। राजनीति और अध्यात्म दो ही अवस्था में सूझता है, एक जब गंवाने के लिए बहुत कुछ हो, दूसरे जब कुछ भी न हो अर्थात इल्ला-रुक्के की स्थिति हो। ऐसी दोनों ही स्थिति में व्यक्ति खाली पाया जाता है! दोनों ही प्रकार के ऐसे महानुभाव राजनीति और अध्यात्म में रोटी खोजते हैं! शेष रोटी में ही राजनीति और अध्यात्म के दर्शन कर लेते हैं!
दरअसल मुन्नालाल की जन्म कुंडली में शनि की महादशा का प्रकोप था। राहु और केतु भी कुछ तिरछे-तिरछे ही गमन कर रहे थे। अत: साधु-सन्तों की कुसंगति में पड़ गया। उसकी निगाह साधु-सन्तों के ज्ञान भण्डार पर थी और साधु-सन्तों की निगाह उसके धन-भंडार पर।
साधु-सन्तों ने उसे आत्मज्ञान प्रदान करना शुरू किया। उसे आत्मा की आवाज सुनने और यथार्थ स्वरूप की ओर गमन करने का अभ्यास कराया!'
अभ्यास करते-करते मुन्नालाल को आत्मा की आवाज सुनाई देने लगी और उसी के अनुरूप वह गमन करने लगा। आत्मा कहती, 'हे, मुन्नालाल! भगवद्ं भजन में ध्यान लगाओ, दान-पुण्य कर इस जीवन को सार्थक बनाओ और अपना परलोक भी सुधारो। साधुओं के लिए आश्रम बनवाओ।'
आत्मा के आदेश का पालन करते हुए उसने साधुओं के लिए एक भव्य आश्रम का निर्माण कराया। एक दिन आत्मा ने मुन्नालाल को पुन: आवाज दी, 'सन्त मुन्नालाल! माया-मोह का त्याग करो, माया बंधन है। यथार्थ ज्ञान प्राप्ति में बाधक है। काम, क्रोध, मद, लोभ, मोह ये सभी विकार इस माया की ही उत्पत्ति हैं। अत: विकारों का त्याग कर माया के बंधन से मुक्त होने के प्रयास करो। मनुष्य जब तक बंधन से मुक्त नहीं होगा, अपने यथार्थ स्वरूप को नहीं पहचान पाएगा।'
मुन्नालाल के आश्वासन के उपरान्त आत्मा ने आदेश दिया, 'ट्रस्ट का निर्माण कर अपनी समस्त संपत्ति आश्रम के नाम दान कर दो। इस तरह तुम बंधन मुक्त हो जाओगे और यथार्थ को प्राप्त हो जाओगे। यही मुक्ति का मार्ग है, यही मोक्ष मार्ग है।'
मुन्नालाल आत्मा द्वारा दिखलाए मार्ग का अनुसरण करता रहा और धीरे-धीरे यथार्थ स्वरूप की तरफ बढ़ता चला गया, अर्थात उसका जहाज डूबने लगा।
यथार्थ स्वरूप को देख वह दुखी था। पत्नी दयावती से उसका दुख देखा न गया और एक दिन वह बोली, 'हे, स्वामी! आप सत्यनारायण का व्रत करो। सत्यनारायण भगवान की कथा सुनने और व्रत करने मात्र से ही साधुराम नामक वैश्य का डूबता जहाज पुन: तैरने लगा था। लीलावती-कलावती भी सन्तान और धन्य-धान्य से परिपूर्ण हों गई थीं।'
पत्‍‌नी के सुझाव पर मुन्नालाल ने सत्यनारायण व्रत-कथा प्रारंभ कर दी। मगर वह भी उसके लिए कोढ़ में खाज के समान ही साबित हुई। वास्तव में पत्‍‌नी ने उसे केवल व्रत करने और कथा पाठ करने के लिए कहा था, सत्यनारायण को जीवन में उतारने के लिए नहीं।
उसकी बुद्धि भ्रष्ट हो गई थी अत: 'सत्य' को जीवन में उतार बैठा। वह नहीं जानता था कि सत्य दूसरों को भयभीत करने के लिए होता है, अपनाने के लिए नहीं! नैतिकता जीवन में उतारने के लिए नहीं उपदेश देने के लिए होती है!
मुन्नालाल अब पूरी तरह अपने यथार्थ स्वरूप में आ चुका था। अर्थात वह पूरी तरह लुट-पिट चुका था। एक दिन उसकी भेंट बचपन के एक मित्र से हुई। पूरा हाल जानने के बाद मित्र ने उसे आचार्यश्री स्वामी अभेदानन्द की शरण में जाने की सलाह दी।
आचार्यश्री राजनीति में धर्म के समान राजनेताओं के धर्म गुरु थे। आचार्यश्री ने मुन्नालाल के रोग से संबद्ध सभी लक्षण ध्यान पूर्वक सुने और फिर बोले- तुम मूर्ख हो, वत्स! आत्मा की आवाज सुनोगे तो ऐसी ही गति प्राप्त होगी, क्योंकि आत्मा की आवाज मनुष्य को उसके यथार्थ स्वरूप से परिचित कराती है और जिसमें तुम विचरण कर रहे हो यही मनुष्य का यथार्थ स्वरूप है।
तुम्हें यदि पुन: अपनी पूर्व स्थिति प्राप्त करनी है तो आत्मा का हनन कर अन्तरात्मा की आवाज सुननी होगी। जिसके श्रवण मात्र से ही नेता रातों-रात सत्ता तक पहुंच जाता है। लाख विरोध के उपरान्त भी सर्वशक्तिमान बन जाता है। सत्ता का केंद्र बन जाता है। साधारण मनुष्य भी धन-धान्य से परिपूर्ण होकर मृत्युलोक में सर्वसुख उपभोग करता है।
मुन्नालाल के कल्याणार्थ आचार्यश्री आगे बोले- हे वत्स, अन्तरात्म-तत्व सभी प्राणियों में समान रूप से विद्यमान है, किन्तु विंद्वान उसे विकसित कर सफलता का मार्ग प्रशस्त कर लेते हैं। संबद्ध व्रत कर तुमने अन्तरात्मा को विकसित नहीं किया, केवल आत्मा की ही आवाज सुनते रहे। हे, वत्स! यदि अन्तरात्मा की आवाज सुनना चाहते हो तो आत्मा का हनन कर डालो! मान-अपमान से परे हो जाओ, धन-धान्य स्वत: ही तुम्हारे नजदीक आजाएंगे।'
आत्महनन-व्रत-विधि पर प्रकाश डालते हुए आचार्य श्री आगे बोले, 'वत्स! प्रत्येक मनुष्य में काम, क्रोध, लोभ, मोह व अहंकार नामक पांच विकार विद्यमान हैं। जब किसी एक भी विकार की प्रधानता हो जाती है तब 'आत्म-तत्व' की स्थिति मेघाच्छादित सूर्य के समान हो जाती है। तब आत्म-तत्व गौण व अन्तरात्म-तत्व प्रधान हो जाता है। ऐसी स्थिति में मनुष्य को आत्म-तत्व की नहीं अंतरात्मा की आवाज सुनाई देने लगती है। अत: जाओ और आत्महनन-व्रत का पालन कर अंतरात्मा की आवाज सुनो, ईश्वर तुम्हारा कल्याण करेगा।'
आचार्यश्री द्वारा बताए व्रत का पालन कर मुन्नालाल आज पुन: पूर्व स्थिति को प्राप्त हो चुका है। डूबता उसका जहाज पुन: किनारे लग गया है। वह नेता भी हो गया है और सर्व-सुख संपन्न भी।
संपर्क – 9868113044

Sunday, March 9, 2008

आरक्षण की भीड़ में

बासी चेहरा उनका, आज कुछ ज्यादा ही चमक रहा था। बिलकुल घी चुपड़ी बासी रोटी जैसा। निगाह पड़ी और निगोड़ी भूखे स्वान की तरह अटक कर रह गई। लोक-लाज त्याग हम पर ऋतुसंहार हाबी हो गया। हम अपने को रोक नहीं पाए और श्रृंगार रस से ओतप्रोत ताऊ चिरंजीत की पैरोडी गुनगुने बैठ गए-
'प्रिय जला कर घास, घास के पास
बैठ कर कुछ गप-शप हो जाए।'
मगर ऋतुसंहार की अति संवेदनशील परिस्थितियों में श्रृंगार रस से ओतप्रोत इन पंक्तियों का श्रीमती जी पर तनिक भी असर दिखलाई नहीं दिया।
जवाब में उन्होंने गुनगुनाया, 'जरा ये मुन्ना सो जाए, जरा ये मुन्ना सो जाए'।
श्रीमती जी का अमानवीय यह रुख देख हम घबराए। पैंतरा बदला और लार टपकाते भूखे श्वान की तरह पूंछ हवा में लहराई, फिर बोले, ''क्या बात है, आज तो चेहरे से गजब का नूर टपक रहा है। सच मानो गौरवान्वित ऐसे दिव्य स्वरूप के दर्शन पहले कभी नहीं हुए। क्या किस फेयर एण्ड लवली का कमाल है?''
श्रीमती जी हमारी नीयत भांप गई और तपाक से बोली आज भूखे ही रहोगे।
हमने पालतू श्वान की पूंछ की तरह अपनी मूछें भी नीची की मगर फिर भी उनमें वामपंथी अकड़ बरकरार थी, समझौते की मेज तक आने के लिए तैयार न थी।
उनके हाव-भाव देख सूखे पत्ते की तरह खर-खराते हमने पूछा, भागवान! आम्रपाली से बोध भिक्षुणी बनने का कारण?
श्रीमती जी बोली- 'आज महिला दिवस है।'
काली बिल्ली की तरह आंखें चमकाती श्रीमती जी बोली- 'सुनो जी करवा चौथ पतियों का दिन होता है और उपवास बेचारी पत्नियां रखती हैं। महिला दिवस पर आज तुम उपवास रखोगे।'
श्रीमती जी हमारे हर दाव पर धोबी पाट मारे जा रही थी। हमें भी समझ आने लगा था कि श्रीमती जी आज हाथ आने वाली नहीं है। फिर भी इज्जात की खातिर हम पिटे पहलवान की तरह जमीन पर पड़े-पड़े ही हाथ पैर मारते रहे।
पिटा दांव फिर अजमाते हुए हम बोले- क्या महिला दिवस! आज क्या, पिछले तीस वर्ष से हमें तो हर दिवस महिला दिवस ही नजर आ रहा है। इस घर में आपके पांव पड़े नहीं थे कि कैलेंडर बदल गया था।
श्रीमती जी ने तोते की तरह निगाह बदली और कंधे से कंधा रगड़ते बोली-'महिलाएं अब हर क्षेत्र में पुरुष के कंधे से कंधा मिला कर समाज का छकड़ा प्रगति की राह पर खींच रही हैं। महिलाओं में अब जागृति आ गई है। अब शोषण नहीं चलेगा।'
अपना कंधा सहलाते हमें वह दिन याद आया जब अग्नि को हाजिर-नाजिर जान सात वचनों का कड़वा घूंट पीया था। सात गाली वचन दिलाने वाले पंडित को दी और दस अपने बाप को।
अपनी औकात के मुताबिक विनय भाव से हम बोले- हे, देवी! आज क्या, हमारे घर के लिए आपकी डोली ही जागृत अवस्था में ही उठी थी। डोली उठने के समय आपका विलाप और आपके करुण क्रंदन से उस दिन पड़ोसियों की नींद हराम होना इसकी स्पष्ट पुष्टि करता है।
तब सुषुप्त अवस्था में तो हम थे, आप नहीं। अत: हे, प्रिय! तुम्हारे आगमन से नींद तो हमारी हराम हुई है, तुम्हारी नहीं।
जागे हम है, तुम तो पहले ही से जागृत थी।
तुमने तब विलाप किया था, बस! हम तब से आज तक विलाप करते आ रहे है।
हमारा विलाप सुन श्रीमती जी का मुखमंडल तेज आंच में सिकी रोटी की तरह और भी लाल हो गया। लाल-लाल आंखें तरेर वे बोली, 'अब यह सब कुछ नहीं चलेगा। वे दिन गए जब खलील ़फाख्ता उड़ाया करता था। अब इस घर में मुझे भी तैंतीस प्रतिशत आरक्षण चाहिए।'
श्रीमती जी के आरक्षणवादी ऐसे विचार सुन हमारा ऋतुसंहार ऐसे गायब हुआ जैसे नये फार्मूला युक्त डिटरजेंट को देख कपड़ों से मैल।
धुले-धुले से हम सोचने लगे, अरे! ऋतुसंहार के चलते-चलते यह नरसंहार का एपीसोड! लेकिन श्रीमतीजी आज पूरे राजनैतिक जोश में थी। दार्शनिक लहजे का सफल प्रदर्शन करती श्रीमती जी ने फरमाया-'क्रांतिया नरसंहार से ही आती है, तुम्हारे ऋतुसंहार से नहीं।'
श्रीमती जी के शास्त्रीय ऐसे वचन सुन ऋतुसंहार का भूत भागा, दिमाग चकराया, जुबान सूखी और दिल घबराया। श्वान की जगह उसके अबोध शिशु की तरह मिमयाते हुए हम बोले- 'हे वंदनीय, हे स्मरणीय हे पठनीय! बाहर की दूषित राजनीति का अच्छे-भले घर में प्रवेश क्यों कराती हो। तुम तैंतीस परसेंट की बात करती हो, यह घर तो सेंट-पर-सेंट ही तुम्हारा है।
अपनी दशा तो बात-बात पर पूंछ हिलाने वाले किसी टोमी, रोमी से ज्यादा कभी नहीं रही। तुम्हारा ही तो एकाधिकार है इस घर- परिवार पर। अमर बेल की तरह बल खाती श्रीमती जी ने फिर दोहराया- 'चिकनी चुपड़ी इन बातों में अब हम नहीं आएंगे। तैंतीस परसेंट से कम पर बाज नहीं आएंगे।'
श्रीमती जी की जिद्द के कारण हम आंधी में घिरे गधे की तरह किंकर्तव्यविमूढ़ है।
बड़ा पुत्र मतभिन्नता के आधार पर आरक्षण मांग रहा है। छोटा पुत्र कहता है, मैं छोटा हूं, मेरा शोषण होता आया है। अत: मुझे भी आरक्षण चाहिए। पौत्र कहता है मैं अकेला हूं, अल्पसंख्यक हूं आरक्षण मुझे भी चाहिए।
आरक्षणवादियों की इस भीड़ में मैं अकेला पड़ गया हूं। मैं सोच रहा हूं-हरे-भरे इस घर को न जाने किस की नजर लग गई। घर का आंगन क्यों गृह युद्ध के मैदान में तब्दील होता जा रहा है? एक- एक कर अब और कितने पाले खिंचेंगे इस घर में?
संपर्क – 9868113044

Sunday, February 24, 2008

मृत्यु का अर्थशास्त्र

चचा मुसद्दीलाल एक अर्से से असाध्य रोग से पीड़ित हैं। गली-मुहल्ले के डाक्टर जवाब दे चुके हैं, क्योंकि चचा स्वयं भी इस नश्वर संसार को जवाब देने की स्थिति में पहुंच गए हैं। पुत्र मुन्नालाल ने हैसियत के मुताबिक पिता की दवा-दारू में कोई कसर बाकी नहीं रखी, मगर क्या किया जाए जब ईश्वर को कुछ और ही मंजूर है। पीड़ित मुसद्दीलाल एक दिन मुन्नालाल से बोले, 'मुन्ना एक काम कर, मुझे किसी सरकारी अस्पताल में भर्ती करा दे।'
पिता की बात सुन अपनी हैसियत और भीड़ भरे सरकारी अस्पतालों के दृश्य उसके सामने एक साथ उभर आए और वह कसमसा कर रह गया। उसने पिता की बात का कोई जवाब नहीं दिया। बस मन ही मन अपने को धिक्कारा, काश! कोई मंत्री-संतरी उसकी भी जान-पहचान का होता और वह भी अपने पिता की अंतिम इच्छा पूरी कर पाता।
दो-तीन दिन बीत जाने के बाद चचा मुसद्दीलाल ने अपनी इच्छा पुन: व्यक्त की। अपनी एलआईजी हैसियत और पिता के दुराग्रह के कारण शालीनता के सभी बंधन तोड़ मुन्नालाल बोला, 'सरकारी अस्पताल में भर्ती होना चाहते हो, अभी भी अपने को तहसीलदार समझ रहे हो। जिंदगी के अंतिम चरण में भी विलासिता के ख्वाब देख रहे हो।'
पुत्र के मधुर वचन सुन मुसद्दीलाल की आंखें भर आई और मन ही मन अपने आप को धिक्कारा, 'सरकारी अस्पताल में इलाज भी विलासिता! क्या जमाना आगया है?'
मृत्यु शैया पर पड़े पिता के साथ दु‌र्व्यवहार का किस्सा पूरी कालोनी में चर्चा का विषय बन गया। लोक-लाज वश वृद्ध माता-पिता की सेवा करने वाले सुपुत्रों ने भी मुन्नालाल को धिक्कारा, तो ऐसे सुपुत्र भी आलोचना करने में पीछे नहीं रहे, जो पुण्य प्राप्त करने के आध्यात्मिक स्वार्थ के वशीभूत सेवा करना अपना परम-धर्म मानते हैं। और तो और ऐसे लोगों ने भी मुन्नालाल को खूब लानत-मनानत देकर अपनी गिनती सुपुत्रों में करा ली, जिन्होंने अपने माता-पिता को जीते-जी एक गिलास पानी भी कभी अपने हाथ से नहीं पिलाया। हां, मृत माता-पिता की आत्मा उन्हें परेशान न करें, इस भय से मुक्त रहने के लिए वे उनका श्राद्ध करना कभी नहीं भूले।
खैर बात उड़ते-उड़ते मुसद्दीलाल के मित्र चिंतादास के पास पहुंची और लानत-मनानत देने के लिए उसने मुन्नालाल को तलब किया। चिंतादास ने मुन्नालाल को पुत्रधर्म समझाया, पित्र भक्ति से ओतप्रोत पौराणिक कहानी सुनाई और लानत-मनानत दी और अंत में पिता को अस्पताल में भर्ती कराने की आदेशात्मक सलाह दी।
चिंतादास के वचन सुन मुन्नालाल बोला, 'चचा! तुम्ही बताओ, कोई कोर-कसर छोड़ी है उनके इलाज में, मगर वे तो सोचते हैं, आज भी वैसा ही जमाना है, जैसा उनकी तहसीलदारी के समय था।'
भीगी पलकों के साथ मुन्नालाल आगे बोला, 'चचा सरकारी अस्पताल में भरती कराना अब कोई खाला का घर नहीं है कि जब चाहो मेहमानदारी में चले जाओ। भरती कराने के लिए कम से कम स्वास्थ्य मंत्री की सिफारिश तो चाहिए ही, कहां से लाऊं?'
मुन्नालाल की चिंता चिंतादास को भी उचित लगी और हमें भी। सरकारी अस्पतालों में अब या तो सरकार आराम फरमाने जाते है अथवा ऐसे भाई लोग जेल की हवा में जिनका दम घुटता है। आम आदमी तो हाथ में दवा की पर्ची थामे बस तारीख पर तारीख ही भुगतता रहता है और तब तक भुगतता रहता है, जब तक कि ऊपर वाले की अदालत में उसके मुकदमे का अंतिम फैसला न सुना दिया जाता।
मुन्नालाल करता भी तो क्या करता, वह जानता है कि शहर में अमन-चैन कायम रखने के लिए पुलिस वाले वारदात दर्ज नहीं करते और मृत्यु दर में गिरावट लाने के परम्ं उद्देश्य की प्राप्ति हेतु सरकारी अस्पताल वाले ला-इला़ज मरीज को भर्ती नहीं करते। फिर इस हालात में उसके पिता को कोई क्यों भर्ती करेगा।
दरअसल सरकारी अस्पताल वाले बड़े ही दयालु किस्म के जीव होते हैं। वे नहीं चाहते हैं कि कोई भी व्यक्ति सड़-सड़ कर अस्पताल में मरे, अच्छा यही है कि वह अपने परिजनों के बीच चैन से मृत्यु को प्राप्त हो। यही वजह है कि मरीज को जीवन के अंतिम पायदान तक पहुंचाने का अनुष्ठंान पूर्ण कर उसे अस्पताल से घर भेज दिया जाता है, ताकि वह शास्त्रानुसार मृत्यु को प्राप्त हो सके।
हां, मृत्यु का भी अपना शास्त्र होता है, अर्थशास्त्र! जो व्यक्ति निजी पंचतारा अस्पतालों की सुंदर नर्सो की बांहों में मृत्यु का वरण करते हैं, वे एचआईजी मृत्यु को प्राप्त होते हैं। सरकारी अस्पतालों के नकचढ़े वार्ड बॉय व नर्सो के प्रवचन सुनते-सुनते इस नश्वर शरीर का त्याग करने वाले मनुष्य एमआईजी मृत्यु को प्राप्त होते हैं और आंखों में अस्पताल सुख का सपना संजोए-संजोए घर के एक कोने में बिछी खटिया पर प्राण त्यागने वाले प्राणी एलआईजी मृत्यु को प्राप्त होते हैं। ईडब्ल्यूएस मृत्यु को प्राप्त होने वाले मनुष्य महानगरों की सड़क के किनारे पटरियों पर दम तोड़ने का सुख प्राप्त करते हैं।
संपर्क : 9868113044

Thursday, February 21, 2008

कटी नाक का सवा हाथ बढ़ना

मुझे ऐसे लोगों पर तरस आता है, जो छोटी-छोटी बात को भी नाक का सवाल बना लेते हैं। बात कैसी भी हो, छोटी हो या बड़ी, नाक का सवाल नहीं बनाया जाना चाहिए। हकीकत में 'नाक' नाक का सवाल है ही नहीं! मेरी नजर में नाक को तरजीह देने वाले लोग अव्यवहारिक होते हैं। नाक बचाने में व्यर्थ ही अपना पूरा जीवन गंवा देते हैं!
वास्तव में नाक बचाने की वस्तु नहीं है, क्योंकि नाक बॉस की नाक का बाल बनने में बाधक है! प्रगति में बाधक है! नाक बचाऊ लोगों की जिंदगी 'जहां है, जैसी है' की स्थिति में ही व्यतीत हो जाती है। मौल-भाव से वंचित रह जाती है।
नाक होने का जिन्हें अहसास तक नहीं होता, ऐसे लोग व्यवहारिक होते हैं। अहसास नहीं होता, इसलिए नाक कटना उनके लिए कोई घटना नहीं है। प्रगति मार्ग पर बेखौफ बिना किसी बाधा के स्केटिंग करते चले जाते हैं। नाक कटे लोग ही सम्मानित व्यक्ति कहलाए जाते हैं। ता-उम्र पूजे जाते हैं। बाद मरने के उनके बुत भी पूजनीय हो जाते हैं। ऐसे लोग ही बाद मरने के भी अमर कह लाए जाते हैं।
नाक दरअसल शरीर का ही एक अंग है, मगर भिन्न प्रकृति का। क्योंकि यह जितनी कटती है, उससे कहीं ज्यादा बढ़ती है, अत: नाक कटने से शारीरिक हानि भी नहीं है। 'नाक कटते ही सवा हाथ बढ़ जाती है' यह शोध सदियों पुराना है। नाक वास्तव में गुलाब के झाड़ के समान है, क्योंकि नाक भी कांट-छांट के बाद ही बढ़ती है, उसके बाद ही फलती-फूलती है। बिना कटी नाक छोटी होती है, कटने के बाद ही बड़ी होती है।
नाक कुत्ते की पूंछ के समान है। सुरक्षित रहेगी, तो कुत्ते की पूंछ की तरह टेढ़ी ही रहेगी, अर्थात प्रगति में बाधक बनी रहेगी। टेढ़ी पूंछ क्योंकि आसानी से हिलती नहीं है, इसलिए टेढ़ी पूंछ का कुत्ता किसी को भाता नहीं है। कुत्ता वही वफादार कहलाया जाता है, जो बात-बात पर पूंछ हिलाता है। पूंछ हिलाने वाला कुत्ता ही अपने पालक की नाक का बाल बनता है।
टेढ़ी पूंछ तो वक्त पड़ने पर हिलाई भी जा सकती है, मगर नाक तो स्वभाव से ही स्थिर है, हिलती ही नहीं है। इस मामले में कुत्ते की पूंछ से भी बदतर है। यही कारण है कि नाकदार व्यक्ति भाग्यविधाता की नाक का बाल बनने से वंचित रह जाता है। ऐसी नाक का क्या लाभ, जो नाक का बाल बनने में बाधक हो। अत: उचित यही होगा कि नाक कटा कर प्रगति का मार्ग प्रशस्त किया जाए।
जिन कुत्तों की पूंछ सीधी नहीं हो पाती अर्थात हिल नहीं पाती, ऐसे नस्ल के कुत्तों की पूंछ बचपन में ही काट दी जाती है। पूंछ कटी नस्ल के ऐसे कुत्ते अपेक्षाकृत ज्यादा उपयोगी होते हैं, ज्यादा कीमती होते हैं। इसी प्रकार नाक कटे इंसान अपेक्षाकृत ज्यादा प्रभावशाली होते हैं, ज्यादा प्रगतिशील होते हैं।
दरअसल नाक और पूंछ कटने के बाद शरीर में कुछ जैविक परिवर्तन होने लगते हैं। कुछ अतिरिक्त हारमोंस बनने लगते हैं। जिनके कारण नाक कटे इंसान और पूंछ कटे कुत्ते उम्दा किस्म के कहलाए जाते हैं।
ऐसे अनेक महानुभाव कुकुरमुत्ते की तरह समाज में पनप रहें हैं, जो कभी साधारण जीव की तरह विचरते थे। आज विशिष्ट जनों की पंक्ति में भी आगे खड़े हैं। जाने-अनजाने या कहा जाए दुर्घटनावश कभी उनकी नाक कटी थी। प्रारंभ में तो शर्म के कारण बेचारों ने मुंह दिखाना बंद कर दिया था। कुरूप होने का अनुभव करने लगे थे। परंतु जैसे-जैसे उनके शरीर में जैविक परिवर्तन और हारमोंस विकसित हुए, वे अपने-आप को पूर्व की स्थिति से ज्यादा तरोताजा महसूस करने लगे और मुंह से नकाब हटाने लगे।
नाक कटे वे महानुभाव आज नाकदार ही नहीं अपने-अपने स्थान पर समाज व राष्ट्र की नाक कहलाए जा रहे हैं। उनमें से अनेक सत्ता में अपना अपूर्व योगदान देकर इस राष्ट्र को गौरव प्रदान कर रहें हैं।
अब आप पूछेंगे, तो क्या इस देश का जुगाड़ ऐसे ही महानुभाव धकेल रहें हैं? इस सवाल के जवाब में मैं कुछ नहीं बोलूंगा, चुप रहूंगा। बस इतना ही कहूंगा आप भी अपनी-अपनी नाक कलम करा लीजिए। कलमी वृक्षों पर लगे फल ज्यादा मीठे होते हैं, उम्दा कहलाए जाते हैं, महंगे भाव बिकते हैं। बाकी आप खुद समझदार हैं।
संपर्क- 9868113044

Tuesday, February 19, 2008

अपराधीकरण नहीं, यह हृदय परिवर्तन है

जब कभी कोई अतीक भाई अंधेरी गलियों से निकल कर उजाले में आता है, चाय के कुल्हड़ में तूफान खड़ा हो जाता है! पता नहीं क्यों? राजनीति के अपराधीकरण पर चिंता व्यक्त की जाने लगती है। कल तक जो खुद अतीक थे, वे भी चिंता के स्वर आलापने लगते हैं। राजनीति की गंगा प्रदूषित होने का शोर मचाने लगते हैं। अब कोई उनसे पूछे, बहती गंगा में हाथ धोने को किसका मन नहीं करेगा! जब गंगा का अवतरण ही पाप धोने के लिए हुआ है, तो फिर कोई अतीक पाप धोने के लिए यदि राजनीति की गंगा में पांव पसारता है तो इसमें हर्ज क्या है?
कोई उन से पूछे, भाइयों के आने से राजनीति का अपराधीकरण कैसे हो गया? गंगा में नाले गिरते हैं, गंगा फिर भी गंगा है। गंगा का नालाकरण तो नहीं हो जाता? हाँ, गंगा में गिरने वाले नालों का गंगाकरण अवश्य हो जाता है! इसी प्रकार राजनीति का अपराधिकरण नहीं, अपराध का राजनीतिकरण हो रहा है।
बे-बात कुल्हड़ में तूफान खड़ा करना राष्ट्र-विरोधी गतिविधि है, इससे राष्ट्र की एकता-अखण्डता और विवधता पर आंच आती है! व्यक्तिगत स्तर पर मैं इसके खिलाफ हूं। मेरा मानना है कि यह राजनीति का अपराधिकरण नहीं हृदय परिवर्तन है। हृदय परिवर्तन के उदाहरणों से हमारा इतिहास लबालब है। अतीक ऐसे ही हृदय परिवर्तन का प्रतीक है। अपराधी प्रवृत्ति का कोई अतीक जब धर्मात्मा बन सकता है, तो राजात्मा क्यों नहीं बन सकता?
कलिंग युद्ध रक्त-पात करने के उपरांत सम्राट अशोक का हृदय परिवर्तन हुआ और बोध-धर्म अपना कर महान कह लाया। मानव-अंगुलियों की माला पहनने वाले अंगुलिमाल का हृदय परिवर्तन हुआ और भगवान बुद्ध ने उसे अपने संघ की सदस्यता प्रदान कर दी थी।
फिर हमारे अतीकों के साथ यह भेदभाव क्यों? सम्राट अशोक जितने रक्त तो आजकल के अतीकों के खाते में नहीं होंगे और न ही उनके गले में अंगुलिमाल जितनी अंगुलियां पड़ी होंगी। फिर यदि किसी अतीक का हृदय परिवर्तन होता है, तो किसी को एतराज क्यों? अरे, भाई! यह गांधी का देश है। गांधी जी ने कहा था, 'पाप से घृणा करो पापी से नहीं'। फिर अतीक भाइयों से घृणा क्यों?
हमारा मत है कि अतीक भाइयों के जरिए देश में समाजवाद आ रहा है! समाजवाद ऐसे ही आएगा! समाजवाद आने दो! भाई लोग यदि राष्ट्र की मुख्यधारा में प्रवेश कर रहे हैं, करने दो! राष्ट्र की मुख्य धारा को सुदृढ़ होने दो! बे-बात की बात में कुल्हड़ में तूफान मत खड़ा करो! कुल्हड़ की पोल खुल जाएगी!
तूफान खड़ा करने वाले ये वो लोग हैं, जिन्हें अतीक भाइयों के राजनीति में आने से आपनी रोटी खतरे में नजर आने लगती है। अरे भाई! यह लोकतंत्र है और लोकतंत्र में नागरिकों को रोटी सेंकने का मौलिक अधिकार प्राप्त है। अत: अतीकों को भी राजनैतिक रोटियां सेंकने का प्रतीक बनने दो!
संपर्क : 9868113044